JSSC-CGL पेपरलीक मामले में सीआईडी की बड़ी कार्रवाई, सबसे बड़ा सेटर गिरफ्तार

हिन्दुस्तान, रांची
Follow us on Google News
share

जेएसएससी सीजीएल परीक्षा पेपरलीक मामले में सीआईडी ने बड़ी कार्रवाई की है। सीआईडी की एसआईटी टीम ने सबसे बड़े सेटर रितेश कुमार सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। उसकी एक महीने से तलाश की जा रही थी। उसने 30 सफल अभ्यर्थियों ने परीक्षा में सेटिंग कराई थी।

JSSC-CGL पेपरलीक मामले में सेटर गिरफ्तार।
JSSC-CGL पेपरलीक मामले में सेटर गिरफ्तार।

जेएसएससी सीजीएल परीक्षा पेपरलीक मामले में सीआईडी की एसआईटी ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सबसे बड़े सेटर रितेश कुमार सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। सीआईडी की टीम बीते एक माह से उसकी सरगर्मी से तलाश कर रही थी। गिरफ्तार आरोपी रितेश कुमार सिंह आईसीएन कंपनी के निदेशक मिथिलेश सिंह का करीबी रिश्तेदार है। सीआईडी ने जांच में पाया है कि अकेले सिर्फ रितेश के जरिए ही 30 सफल अभ्यर्थियों ने परीक्षा में सेटिंग कराई थी।

सीआईडी जांच में यह सामने आया है कि बोकारो, झरिया समेत अन्य स्थानों पर ले जाकर उन परीक्षार्थियों से प्रश्नोत्तर रटवाए गए थे। कड़ाई से की गई पूछताछ में रितेश ने इस पूरे मामले में अपनी संलिप्तता कबूल कर ली है। पूर्व में सीआईडी द्वारा दीपक कुमार सिंह और उमेश राय समेत आठ सफल अभ्यर्थियों से की गई पूछताछ में रितेश का नाम प्रमुखता से सामने आया था, जिसके बाद से ही सीआईडी उसकी तलाश में जुटी हुई थी।

जांच एजेंसी को रितेश सिंह, सफल अभ्यर्थियों और मिथिलेश सिंह के बीच वित्तीय लेनदेन के भी पुख्ता साक्ष्य मिले हैं। गिरफ्तारी के बाद गुरुवार को रितेश को कोर्ट में पेशी के बाद जेल भेज दिया गया। अब फरार चल रहे आईसीएन के निदेशक मिथिलेश कुमार सिंह की तलाश कर रही है। मिथिलेश की भूमिका का खुलासा आईसीएन के अन्य निदेशक सोमांश प्रकाश और उनके करीबी राहुल कुमार ने भी किया था।

30 अभ्यर्थियों की परीक्षा में कराई थी सेटिंग

सीआईडी की जांच में खुलासा हुआ है कि बोकारो के दुग्धा निवासी रितेश कुमार सिंह ने अकेले 30 सफल अभ्यर्थियों की सेटिंग कराई थी। वह अभ्यर्थियों को बोकारो और झरिया ले जाकर प्रश्नोत्तर रटवाता था। जांच में रितेश, अभ्यर्थियों और आईसीएन के निदेशक मिथिलेश सिंह के बीच वित्तीय लेनदेन के पुख्ता सबूत भी मिले हैं।

टीडीपीएल निदेशक 36 अभ्यर्थियों से संपर्क में था

जेपीएससी परीक्षा में कथित धांधली मामले में टीडीपीएल निदेशक रामबीर सिंह पर गंभीर आरोप लगे हैं। सीआईडी ने अदालत में उसके कथित नेटवर्क, ओएमआर शीट में हेरफेर व अवैध वित्तीय लेनदेन से जुड़े साक्ष्य पेश किए हैं। जांच के अनुसार, रामबीर सिंह 14वीं जेपीएससी पीटी में शामिल कम-से-कम 36 अभ्यर्थियों के संपर्क में था। सीडीआर के आधार पर इन संपर्कों का खुलासा हुआ है।

आरोप है कि परीक्षा में सफल कराने के लिए ओएमआर शीट में खाली गोले भरने व कॉपियों में फेरबदल करने में उसकी मुख्य भूमिका थी। कंपनी के एकाउंटेंट रक्षक सिंह ने रामबीर के कहने पर फर्जी अभ्यर्थी बन जेपीएससी एफआरओ की परीक्षा दी थी और खाली ओएमआर शीट छोड़ने के बावजूद वह पास हो गया था। रामबीर की पत्नी मीनू सिंह और अन्य करीबियों के खातों में संदिग्ध लेनदेन का खुलासा हुआ है। तत्कालीन परीक्षा नियंत्रक श्वेता कुमारी गुप्ता के परिवार के लिए हवाई टिकट भी बुक कराए थे।

Subodh Kumar Mishra

लेखक के बारे में

Subodh Kumar Mishra

सुबोध कुमार मिश्रा पिछले 19 साल से हिंदी पत्रकारिता में योगदान दे रहे हैं। वर्तमान में वह 'लाइव हिन्दुस्तान' में स्टेट डेस्क पर बतौर चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर अपनी सेवाएं दे रहे हैं। दूरदर्शन के 'डीडी न्यूज' से इंटर्नशिप करने वाले सुबोध ने पत्रकारिता की विधिवत शुरुआत 2007 में दैनिक जागरण अखबार से की। दैनिक जागरण के जम्मू एडीशन में बतौर ट्रेनी प्रवेश किया और सब एडिटर तक का पांच साल का सफर पूरा किया। इस दौरान जम्मू-कश्मीर को बहुत ही करीब से देखने और समझने का मौका मिला। दैनिक जागरण से आगे के सफर में कई अखबारों में काम किया। इनमें दिल्ली-एनसीआर से प्रकाशित होने वाली नेशनल दुनिया, नवोदय टाइम्स (पंजाब केसरी ग्रुप), अमर उजाला और हिन्दुस्तान जैसे हिंदी अखबार शामिल हैं। अखबारों के इस लंबे सफर में खबरों को पेश करने के तरीकों से पड़ने वाले प्रभावों को काफी बारीकी से समझने का मौका मिला।

ज्यादातर नेशनल और स्टेट डेस्क पर काम करने का अवसर मिलने के कारण राजनीतिक और सामाजिक विषयों से जुड़ी खबरों में दिलचस्पी बढ़ती गई। कई लोकसभा और विधानसभा चुनावों की खबरों की पैकेजिंग टीम का हिस्सा रहने के कारण भारतीय राजनीति के गुणा-भाग को समझने का मौका मिला।

शैक्षणिक योग्यता की बात करें तो सुबोध ने बीएससी (ऑनर्स) तक की अकादमिक शिक्षा हासिल की है। साइंस स्ट्रीम से पढ़ने के कारण उनके पास चीजों को मिथ्यों से परे वैज्ञानिक तरीके से देखने की समझ है। समाज से जुड़ी खबरों को वैज्ञानिक कसौटियों पर जांचने-परखने की क्षमता है। उन्होंने मास कम्यूनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा किया है। इससे उन्हें खबरों के महत्व, खबरों के एथिक्स, खबरों की विश्वसनीयता और पठनीयता आदि को और करीब से सीखने और लिखने की कला में निखार आया। सुबोध का मानना है कि खबरें हमेशा प्रमाणिकता की कसौटी पर कसा होना चाहिए। सुनी सुनाई और कल्पना पर आधारित खबरें काफी घातक साबित हो सकती हैं, इसलिए खबरें तथ्यात्मक रूप से सही होनी चाहिए। खबरों के चयन में क्रॉस चेकिंग को सबसे महत्वपूर्ण कारक मानने वाले सुबोध का काम न सिर्फ पाठकों को केवल सूचना देने भर का है बल्कि उन्हें सही, सुरक्षित और ठोस जानकारी उपलब्ध कराना भी है।

और पढ़ें
Hindi Newsझारखंड न्यूज़JSSC-CGL पेपरलीक मामले में सीआईडी की बड़ी कार्रवाई, सबसे बड़ा सेटर गिरफ्तार