रांची समेत 10 जिलों में होगी झमाझम बारिश, चलेंगी तूफानी हवाएं; ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट
- झारखंड का मौसम आज भी बदला-बदला रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश के 10 जिलों में बारिश और तेज हवाओं के साथ ओलावृष्टि की संभावना है।

झारखंड के 10 जिलों में में अगले 24 घंटे के दौरान आंधी-बारिश और कहीं-कहीं वज्रपात का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। जबकि अगले चार दिनों तक रांची समेत राज्य के बाकी जिलों में हवा के साथ बारिश की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के कई हिस्सों में पिछले 24 घंटों के दौरान बारिश हुई। कई जगह ओलावृष्टि भी हुई। सबसे अधिक बारिश बोकारो के चंद्रपुरा में 56.2 मिमी दर्ज की गई।
वहीं दुमका, गोड्डा, देवघर, गिरिडीह, रामगढ़, मेदनीनगर, पाकुड़ समेत राज्य के सभी जिलों में हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश हुई। रांची में 9.2 मिमी बारिश दर्ज की गई। बारिश के कारण रात के तापमान में चार डिग्री तक की गिरावट आई है। देखतापमान में अगले दो दिनों दो से तीन डिग्री और गिरावट की संभावना है। राज्य में सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान सरायकेला का 37.9 डिग्री और धनबाद का सबसे कम 29.4 डिग्री रहा। मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के अनुसार, बंगाल की खाड़ी समेत बिहार में बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन के कारण ओलावृष्टि के साथ बारिश हो रही है। अगले 24 घंटों के दौरान भी झारखंड के कई जिलों में ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया गया है।
बीते दिनों रांची समेत झारखंड के लगभग सभी जिलों में गुरुवार को दोपहर से लेकर शाम तक आंधी-बारिश और ओलावृष्टि से चारों तरफ परेशानी का सामना करना पड़ा। बारिश के दौरान वज्रपात से पांच लोगों की मौत हो गई, वहीं दो लोग घायल हैं। मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, कई जिलों में करीब 50 किमी की रफ्तार से हवा चली, जिसे कई जगहों पर पेड़ धराशायी हो गए। संताल में कुछ जगहों पर सड़क पर पेड़ गिरने से आवागमन प्रभावित हुआ। वहीं गरज के साथ ओले की बारिश से रबी की फसलों के साथ-साथ आम की फसल को नुकसान पहुंचा है।
उधर, धनबाद समेत संताल के अन्य जिलों में दिन के 3.30 बजे के बाद झमाझम बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई। इससे सड़कों पर पानी भर गया। सिंदरी और आसपास में बिजली के तार पर पेड़ गिरने की सूचना है। चासनाला, भौंरा, झरिया सहित कई जगहों पर बिजली के तार टूटे हैं। यहां के तापमान में आठ डिग्री तक की गिरावट आई है। वहीं कोल्हान के पश्चिमी सिंहभूम में बारिश से बिजली बाधित हुई। खास कर राज्य में बंगाल से सटे जिलों समेत आसपास के जिलों में ओलावृष्टि हुई।
मौसम की मार हवाई सेवाओं पर भी पड़ी है। दिल्ली में खराब मौसम के कारण शनिवार को रांची आने वाले विमान प्रभावित हुए हैं। इंडिगो एयरलाइंस का दोपहर 2:45 बजे आने वाला विमान रद्द कर दिया गया है। सुबह में दिल्ली से आने वाले दो विमान विलंब से रांची में लैंड हुए। इसमें से एक इंडिगो का विमान 10:05 बजे रांची आया । जबकि दूसरा एयर इंडिया एक्सप्रेस का विमान 11:25 बजे रांची एयरपोर्ट पर उतरा।