सड़क के साथ मवेशी भी बहे,मकान धराशाई;झारखंड में आफत बन बरस रहे बादल
झारखंड में मॉनसूनी बारिश की शुरुआत हो गई है। प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश लगातार जारी है। भारी बारिश के कारण कई शहर लबालब भर गए हैं। सड़कों पर भी पानी भर गया है।

भीषण गर्मी के बाद अब झारखंड को राहत मिल गई है। प्रदेश में लगातार बारिश हो रही है। राजधानी समेत राज्य के विभिन्न हिस्सों मे गुरुवार की रात लगातार बारिश होती रही। रांची में गुरुवार के दिन 153 मिली मीटर बारिश दर्ज की गई। वहीं कोल्हान क्षेत्र में भारी बारिश हुई। जमशेदपुर में 247 मिली मीटर बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार राज्य के कुछ हिस्सों में अगले 24 घंटो के दौरान भारी बारिश होने का रेड अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी की उत्तरी हिस्से पर बना निम्न दबाव क्षेत्र और व्यापक होकर झारखंड से गुजर रहा है, इससे पूरे राज्य में बारिश लगातार बारिश हो रही है।
05:10 PM:7 से अधिक घर बारिश के चलते धराशाई
रांची जिले के सोनाहातू प्रखंड में भारी बारिश के बीच घरों को नुकसान पहुंचा है। भारी बारिश से प्रखंड के जामुदाग पंचायत में 7 से अधिक घर गिर गए हैं। पीड़ित लोगों को रहने और खाने में काफी परेशानी शुरू हो गई है। वहीं,चान्हो के बढ़ईया में पड़ोसी की दीवार गिरने से एक बुजुर्ग की मौत हो गई।
05:05 PM:रेलवे अंडरपास बना तालाब,आवाजाही बंद
हजारीबाग जिले में कदमा रोड में कटकमदाग-रेवाली मुख्य मार्ग का नजारा देखने लायक है। यहां बने रेलवे अंडरपास में इतना ज्यादा पानी भर गया कि लोगों की आवाजाही बंद हो गई। पानी का बहाव इतना तेज है कि इसके बीच से आना-जाना करना जान को जोखिम में डालने जैसा है। अंडरपास के नीचे से मानो नदी बह रही हो।
05:00 PM:बारिश ने करा दी सबकी आफत
रांची-डालटनगंज मुख्य मार्ग स्थित मनिका के दोमुहान नदी के समीप पुल निर्माण कार्य के लिए बना डायवर्सन के टूट जाने से ट्रक पानी में डूब गया। ट्रक पर गेहूं लदा हुआ था। ड्राइवर और खलासी किसी तरह अपनी जान बचाई। गढ़वा जिले के कांडी में भी बारिश के बीच लोग बचाव कार्य में जुटे दिखे।
04:56 PM:बारिश ने रांची समेत कई जिलों में जनजवीन किया अस्त-व्यस्त
रांची के साथ-साथ राज्य के कई जिलों में बारिश ने लोगों को परेशान कर दिया है। कई जिलों में सड़कें बीच से बह गई हैं तो कुछ जगह पुल ही डूब गए हैं। चतरा जिले के टंडवा के धनगड्डा पंचायत स्थित बीरबीर गांव मे मचान गिरने से मलबे के नीचे दबकर दो मवेशियों की मौत हो गई। देर रात से हो रही मूसलाधार बारिश के दौरान मचान पर वज्रपात हुआ,जिससे मकान धराशायी हो गया। इसी के नीचे दोनों मवेशी बंधे हुए थे।
04:52 PM:भारी बारिश से मंदिर भी आधा डूबा
चतरा जिले में एक मंदिर की छत तक पानी पहुंच गया। पानी इतनी ज्यादा बरसा है कि मंदिर का केवल गुंबद ही नजर आ रहा है। यहां हालात गंभीर बताए जा रहे हैं और इसके आसपास किसी को जाने नहीं दिया जा रहा है।
3:07 PM:जमशेदपुर के इन इलाकों में भरा पानी
जमशेदपुर के पास बागबेड़ा नया बस्ती में पानी भर गया है और लोगों को खासा परेशानी हो रही है। इसके अलावा टाटानगर स्टेशन यार्ड,डिमना मेन रोड स्थित वाटिका ग्रीन सोसाइटी में भी सब लबालब है।
2.55 PM: लोहरदगा में गिरा घर
झारखंड में हो रही बारिश का असर लोहरदगा में भी देखने को मिला है। यहां भारी बारिश के कारण एक घर धराशाई हो गया। इसके अलावा प्रदेश के कई जिलों में गांव से लेकर शहर तक पानी ही पानी भर गया है।
2.42 PM: गेतलसूद डैम के बढ़ते जलस्तर को लेकर विभाग ने एडवाइजरी जारी की
जल पथ प्रमंडल रांची ने एडवाइजरी जारी कर गेतलसूद डैम के अधिकृत जलाशय क्षेत्र में लोगों के जाने पर रोक लगा दी है। विभाग के कार्यपालक अभियंता ने अनुसार 18 जून की सुबह जलस्तर 22.40 फ़ीट था, जो लगातार बढ़ रहा है। यह उच्चतम जलस्तर 1936 फ़ीट पहुंच सकता है। ऐसी स्थिति में उच्चतम जलस्तर तक अधिग्रहण क्षेत्र में किसी प्रकार अनाधिकृत निर्माण को अविलम्ब हटाने का आदेश दिया है। किसी भी समय रेडियल गेट खोले जाने के की संभावना को देखते हुए डाउन स्ट्रीम में स्वर्ण रेखा नदी के किनारे धार में ग्रामीण और पशुओं को जाने पर रोक लगा दी गई है। गुरूवार दोपहर करीब दो बजे तक जलस्तर 27 फ़ीट के करीब पहुंच गया था, जो लगातार बढ़ रहा है। खतरे के निशान 36 फ़ीट के बाद डैम के रेडियल गेट को खोलकर पानी बहाने की नौबत आ जाएगी। डैम में कुल सात रेडियल गेट हैं।
2.20 PM: स्कूल और एयरपोर्ट की दीवार भी गिरी
झारखंड में हो रही लगातार बारिश का असर एयरपोर्ट और स्कूलों पर देखने को मिल रहा है। बारिश के कारण जमशेदपुर में सोनारी एयरपोर्ट की दीवार भारी बारिश के कारण गिर गई। इसके अलावा जमशेदपुर में एक स्कूल की चहारदीवारी गिर गई।
1.55 PM: जमशेदपुर की सोसाइटी में चल रही नाव
बारिश का कहर झारखंड के ज्यादातर इलाकों में देखने को मिल रहा है। इसका असर जमशेदपुर में भी दिख रहा है। जमशेदपुर की आशियाना वुडलैंड सोसाइटी में इतना पानी भर गया है कि नाव से आना और जाना करना पड़ रहा है
1.30 PM: चांडिल डैम का जलस्तर 181.20 मीटर पर पहुंचा खुले सात फाटक
पिछले तीन दिनों से हो रही तेज बारिश के कारण चांडिल डैम का जलस्तर 181.20 मीटर पर पहुंच गया। जिसके बाद डैम के सात फाटक को ढाई-ढाई मीटर तक खोल दिया गया। इससे स्वर्णरेखा नदी पूरे उफान पर आ गई। तटीय इलाकों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। बता दें कि बुधवार को चांडिल डैम का जलस्तर 179.80 मीटर पर था तथा दो फाटक खुले हुए थे। पिछले 24 घंटे में डैम का जलस्तर में 1.40 मीटर की बढ़ोतरी हुई। चांडिल डैम के जल स्तर बढ़ने से करीब आधा दर्जन विस्थापित गांव में डैम का पानी दस्तक देने लगा है।
1.15 PM: रांची में बह गई बाइक
झारखंड में बारिश लगातार हो रही है। बारिश के कारण नदियां ऊपर से बह रही हैं। टंडवा चुंदरु धाम मंदिर के सामने की घटना है, बाइक सवार बहते बहते बचा है। प्रशासन के निर्देश के बावजूद भी लोग लापरवाही बरत रहे हैं।
12.10 PM: खूंटी में कुआं ढहने से दब गए 2 छात्र
झारखंड के खूंटी जिले में खौफनाक घटना सामने आई है। यहां भारी बारिश के के कारण कुआं ढहने से दो स्कूली छात्र मिट्टी में दब गए। इस घटना की जानकारी देते हुए पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया कि मुरहू थाना क्षेत्र में बुधवार को दो छात्र कूएं पास मौजूद थे, इस दौरान कुआं ढह गया और दोनों कुएं की मिट्टी में दब गए। हादसे के बाद एनडीआरएफ की टीम राहत-बचाव कार्य में लगी हुई है।
11.50 AM: लातेहार में भी बाढ़ जैसा हालात
झारखंड में लगातार हो रही बारिश का असर लातेहार में भी देखने को मिला है। लातेहार में लगातार हो रही बारिश से औरंगा नदी का जलस्तर बढ़ गया है। इसके किनारों पर मौजूद घरों पर खतरा मंडरा रहा है।
11.20 AM: बारिश के कारण ट्रेन हुई प्रभावित
झारखंड में हो रही तेज बारिश का असर ट्रेन संचालन पर भी हो रहा है। रेलवे ने बड़काखना टाटा को रद्द कर दिया है। इसके अलावा रांची हावड़ा ट्रेन को डायवर्ट रूट से चलाने का फैसला लिया है। इलाके में तेज बारिश के कारण सड़क यातायात भी प्रभावित हो रहा है।
10.40 AM: चक्रधरपुर में घर गिरने से महिला की मौत, 3 बच्चे घायल
पश्चिमी सिंहभूम के चक्रधरपुर की कुलीतोडांग पंचायत के कुलीतोडांग गांव में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण मिट्टी के घर दबने से मां की मौत हो गई। इस हादसे में तीन बच्चे घायल हो गए हैं। जानकारी के अनुसार, गुरुवार की सुबह कुलीतोडांग गांव निवासी रगिया दोंगे की पत्नी गुरुवारी दोंगे अपने दो बच्चे और एक मेहमान घर आई बच्ची मिट्टी के घर गिरने से उसमें दब गई। जिससे गुरुवारी दोंगो गंभीर रूपसे घायल हो गई। तीनों बच्चों को भी चोट आई हैं। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। मामले की जानकारी मिलने पर पंचायत के मुखिया माझीराम जोंको घटना स्थल पहुंचे। गुरुवारी दोंगे के तीन साल का बेटा गुलशन दोंगो, 5 माह का सुनील दोंगो और चाईबासा कुसमुंडा गांव निवासी मोरा पूर्ति की 8 साल की बेटी इंदा पूर्ति का इलाज चल रहा है।
10.25 AM: खतरे के निशान से ऊपर बह रहीं नदियां
रांची में भी लगातार बारिश हो रही है। लगातार दो दिनों से हो रही बारिश के कारण क्षेत्र की सभी नदियां खतरे के निशान के ऊपर बह रही हैं। इससे नदी के आसपास के इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। कई इलाकों में घरों में भी पानी भरने लगा है।

10.20 AM: जमशेदपुर में बाढ़ जैसे हालात
भारी बारिश का असर जमशेदपुर में भी देखने को मिल रहा है। यहां दो दिनों से लगातार बारिश के बाद सड़कों पर पानी भर गया है। कई इलाके जलमग्न हो गये हैं। इलाके में लगातार हो रही बारिश के कारण बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं।