Hindi Newsझारखंड न्यूज़Jharkhand wanted criminals prince khan and gangster Sujeet Sinha gang using weapons coming from Pakistan
PAK के हथियारों से झारखंड में खौफ फैला रहे ये कुख्यात गैंगस्टर, 5 गुर्गे पकड़ाए

PAK के हथियारों से झारखंड में खौफ फैला रहे ये कुख्यात गैंगस्टर, 5 गुर्गे पकड़ाए

संक्षेप: पुलिस ने कुख्यात गैंगस्टर सुजीत की पत्नी रिया सिन्हा समेत गैंग के पांच गुर्गों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से तीन पिस्टल,सात मैगजीन,13 जिंदा गोली,कार व मोबाइल बरामद किया है। सुजीत व प्रिंस हथियार-गोली पाकिस्तान से ड्रोन के माध्यम से भारत के पंजाब राज्य के मोगा जिले के रास्ते मंगवा रहे हैं।

Thu, 23 Oct 2025 10:30 AMUtkarsh Gaharwar हिन्दुस्तान, रांची
share Share
Follow Us on

रांची समेत झारखंड में दो आपराधिक गिरोह साथ मिलकर काम कर रहे हैं। कुख्यात प्रिंस खान और गैंगस्टर सुजीत सिन्हा के गैंग के गुर्गे न सिर्फ गोलीबारी कर रहे हैं,बल्कि रंगदारी की भी वसूली कर रहे हैं। दोनों गैंग पाकिस्तान के पंजाब प्रांत से हथियार झारखंड मंगा रहे हैं। जेल में बंद गैंगस्टर सुजीत सिन्हा और विदेश में बैठे प्रिंस के बीच अक्सर बातचीत हो रही है। इसका खुलासा पुलिस की जांच में हुआ है।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

पुलिस ने कुख्यात गैंगस्टर सुजीत की पत्नी रिया सिन्हा समेत गैंग के पांच गुर्गों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से तीन पिस्टल,सात मैगजीन,13 जिंदा गोली,कार व मोबाइल बरामद किया है। गिरफ्तार अपराधियों में रिया सिन्हा के अलावा कांके चंदवे के इनामुल हक उर्फ बबलू खान, मो शाहीद उर्फ अफरीदी खान,मों सेराज उर्फ मदन और पंडरा निवासी रवि आनंद उर्फ सिंघा शामिल है। मामले का खुलासा करते हुए सिटी एसपी पारस राणा ने बताया कि गिरफ्तार अपराधियों ने पूछताछ में पुलिस को कई अहम जानकारी दी है। जिस पर पुलिस की टीम काम कर रही है। सिटी एसपी ने बताया कि डोरंडा में हुई गोलीबारी के मामले में भी बबलू खान समेत गिरफ्तार अन्य अपराधी शामिल थे। पूछताछ में यह भी जानकारी मिली कि कोयलांचल शांति सेना का संचालन गैंगस्टर सुजीत सिन्हा ने ही किया था।

सुजीत और प्रिंस ने एक-दूसरे से हाथ मिला लिया है। सुजीत की पत्नी रिया इस खतरनाक गठजोड़ वाले गैंग को संभाल रही थी। रांची में हाल के दिनों में जो भी रंगदारी के कॉल प्रिंस खान के नाम पर किए गए थे,वह इस गठजोड़ का ही परिणाम है। यहां तक कि कोयलांचल शांति सेना को भी रिया के द्वारा संचालित किया जा रहा था। रांची के सीनियर एसपी राकेश रंजन और उनकी टीम के द्वारा यह खुलासा किया गया है।

लेवी के पैसे से पाकिस्तान से मंगाए जा रहे हथियार

रांची के सिटी एसपी पारस राणा ने बताया कि सुजीत व प्रिंस हथियार-गोली पाकिस्तान से ड्रोन के माध्यम से भारत के पंजाब राज्य के मोगा जिले के रास्ते मंगवा रहे हैं। इसके जरिये रांची सहित देश के बड़े कारोबारियों, पूंजीपतियों में दहशत फैलाकर रंगदारी मांगी जा रही है। रांची में इनामुल हक उर्फ बबलू खान अपने गुर्गों के साथ मिलकर सुजीत व प्रिंस के लिए लेवी वसूली करता है। इन राशि को सुजीत के गुर्गों की मदद से प्रिंस तक पहुंचाया जाता था। फिर इसे यूएई के रास्ते पाकिस्तान भेज दिया जाता है। इसका उपयोग अवैध हथियार की खरीदारी एवं अन्य अवैध कार्य में पाकिस्तान में मौजूद उनके गुर्गों के द्वारा किया जाता है।

पुलिस ने घेराबंदी कर अपराधियों को दबोचा

रांची पुलिस की ओर से कारोबारियों से प्रिंस खान व सुजीत सिन्हा द्वारा लगातार रंगदारी की मांग की जा रही थी। इसी क्रम में एसएसपी राकेश रंजन को गुप्त सूचना मिली कि कुछ अपराधी आपराधिक घटना को अंजाम देने के लिए बीआईटी इलाके में जुटे हैं। इसके बाद सदर डीएसपी संजीव बेसरा के नेतृत्व में गठित टीम में सदर थानेदार कुलदीप कुमार, बीआईटी ओपी प्रभारी अजय कुमार दास समेत अन्य पुलिसकर्मियों को शामिल किया गया। पुलिस की टीम ने मंगलवार की रात चुट्टू ओवरब्रिज के नीचे एक कार सवार को घेराबंदी कर पकड़ा। तलाशी लेने के बाद कार से हथियार बरामद हुए। इसके बाद पुलिस ने चार अपराधियों को पकड़ा। चारों की निशानदेही पर रिया सिन्हा को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया।

कुख्यात अपराधी है बबलू

जेल में बंद गैंगस्टर सुजीत सिन्हा गैंग का गुर्गा इनामुल हक उर्फ बबलू खान कुख्यात अपराधी है। उस पर विभिन्न थानों में एक दर्जन मामले दर्ज हैं। आरोपी बबलू पर कोतवाली,बरियातू,कांके,डोरंडा,पिठोरिया और नगड़ी थाना में मामला दर्ज है।

Utkarsh Gaharwar

लेखक के बारे में

Utkarsh Gaharwar
एमिटी और बेनेट विश्वविद्यालय से पत्रकारिता के गुर सीखने के बाद अमर उजाला से करियर की शुरुआत हुई। अमर उजाला में बतौर एंकर सेवाएं देने के बाद 3 साल नवभारत टाइम्स ऑनलाइन में डिजिटल कंटेंट प्रोड्यूसर के पद पर काम किया। वर्तमान में लाइव हिंदुस्तान में डिजिटल कंटेंट प्रोड्यूसर के पद पर कार्यरत हूं। एंकरिंग और लेखन के अलावा मिमिक्री और थोड़ा बहुत गायन भी कर लेता हूं। और पढ़ें
इंडिया न्यूज़ , विधानसभा चुनाव और आज का मौसम से जुड़ी ताजा खबरें हिंदी में | लेटेस्ट Hindi News, बॉलीवुड न्यूज , बिजनेस न्यूज , क्रिकेट न्यूज , धर्म ज्योतिष , एजुकेशन न्यूज़ , राशिफल और पंचांग पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।