मैं ज्यादा समय तक जिंदा नहीं रह पाऊंगा; रांची में प्रदर्शन कर रहे छात्र ने क्यों कही ऐसी बात
झारखंड में पिछले 13 दिनों से भूखहड़ताल पर बैठे छात्र ने कहा है कि उन्हें नहीं लगचा कि वह ज्यादा समय तक जिंदा रह पाएंगे। उन्होंने अधिकारियों पर प्रदर्शन को तोड़ने का आरोप लगाया है।

झारखंड में पिछले 23 दिनों से छात्रों का प्रदर्शन और 13 दिनों से भूखहड़ताल जारी है। इस बीच एक छात्र का कहना है कि वह ज्यादा समय तक जिंदा नहीं रह पाएगा। प्रेम नायक नाम के इस प्रदर्शनकारी ने कहा, सरकार जरा भी गंभीर नहीं है। मुझे नहीं लगता मैं ज्यादा समय तक जिंदा रह पाऊंगा। स्थिति गंभीर है। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को उन्हें बुखार हो गया था और अधिकारियों ने उन्हें इलाज के लिए ले जाने की कोशिश का लेकिन उन्होंने मना कर दिया। उन्होंने आरोप लगाया है कि अधिकारी इस प्रदरिशन को तोड़ने की कोशिश कर रहे हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक प्रेम नायक ने कहा कि अधिकारी देवेंद्र महतो को भी अस्पताल लेकर गए और अब उन्हें आने नहीं दे रहे। इससे पहले 15 अगस्त को देवेंद्र महतो ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर आरोप लगाया था कि वह छात्रों द्वारा निकाली गई तिरंगा यात्रा में शामिल होना चाहते थे लेकिन पुलिस ने उन्हें उनके कमरे से बाहर ही नहीं जाने दिया। उन्होंने एक वीडियो भी शेयर किया था जिसमें उनके साथ धक्का मुक्की की जा रही थी। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिसकर्मियों ने उनके साथ धक्का मु्क्की की और उनके साथियों के साथ मारपीट भी गई।
24 जिलों में सीएम हेमंत सोरेन और राहुल गांधी का पुतला दहन
झारखंड में भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों के खिलाफ विरोध कर रहे छात्रों ने घोषणा की है कि वे रविवार को राज्य के सभी 24 जिलों में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और कांग्रेस नेता राहुल गांधी के पुतले जलाएंगे। उनका आरोप है कि सत्ताधारी झामुमो-कांग्रेस गठबंधन उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई करने में नाकाम रहा है। 'जेपीएससी-जेएसएससी रिफॉर्म्स मंच' के तहत जारी विरोध प्रदर्शन का रविवार को 23वां दिन है।
राहुल गांधी से क्या मांग
आंदोलनकारियों ने सत्तारूढ़ झाारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) और कांग्रेस पर छात्रों के मुद्दों को लेकर राजनीति करने का आरोप लगाया और घोषणा की कि वे सोरेन के इस्तीफे की मांग करते हुए 20 अगस्त को उनके आवास का घेराव करेंगे। शनिवार को उन्होंने मांग की कि अगर मुख्यमंत्री उनकी बात नहीं सुन रहे हैं तो राहुल गांधी झामुमो नीत गठबंधन से समर्थन वापस ले लें।
उन्होंने देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर और भर्ती परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और सुधार की अपनी मांग को लेकर शनिवार को रांची में 'तिरंगा यात्रा' निकाली। हाथ में राष्ट्रीय ध्वज लिए प्रदर्शनकारियों ने 'भारत माता की जय' और 'वंदे मातरम्' जैसे नारे लगाए।
20 अगस्त को मुख्यमंत्री आवास का घेराव
जेपीएससी-जेएसएससी रिफॉर्म्स मंच के नेता रवींद्र पासवान ने कहा,हम 20 अगस्त को मुख्यमंत्री आवास का घेराव करेंगे। हम उनके इस्तीफ़े की मांग करते हैं क्योंकि झामुमो और कांग्रेस, दोनों ही हमारे साथ राजनीति कर रहे हैं। हमारी यह भी मांग है कि अगर मुख्यमंत्री राहुल गांधी की बात नहीं सुन रहे हैं, तो उन्हें झामुमो के नेतृत्व वाले गठबंधन से समर्थन वापस ले लेना चाहिए।
प्रदर्शनकारियों ने पूरे झारखंड के छात्रों से अपील की कि वे 20 अगस्त को मुख्यमंत्री आवास के प्रस्तावित घेराव के लिए रांची में एकत्र हों। उन्होंने राहुल गांधी को भी आड़े हाथ लिया और कहा कि उन्होंने छात्रों का समर्थन करने की बात तो कही, लेकिन उसके बाद कोई ठोस कदम'' नहीं उठाया गया।
भाषा से इनपुट


