Jharkhand Protest: रांची में प्रोटेस्ट के बीच देवेंद्र महतो की सेहत बिगड़ी, BJP ने किया झारखंड बंद का आह्वान

लाइव हिन्दुस्तान, रांची
Follow us on Google News
share

Jharkhand Protest News: रांची में JPSC-JSSC की मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे छात्रों ने दस अगस्त को विधानसभा घेराव किया। इस दौरान पुलिस ने लाठी चार्ज की। आंसू गैस के गोले छोड़े। वाटर कैनन भी चलाया। प्रोटेस्ट के बीच देवेंद्र महतो की तबीयत बिगड़ गई। 11 अगस्त को BJP ने झारखंड बंद का आह्वान किया है।

Jharkhand Protest: रांची में प्रोटेस्ट के बीच देवेंद्र महतो की सेहत बिगड़ी, BJP ने किया झारखंड बंद का आह्वान
रांची में प्रोटेस्ट के बीच देवेंद्र महतो की सेहत बिगड़ी

Jharkhand Protest News: झारखंड की राजधानी रांची में JPSC-JSSC को लेकर विरोध प्रदर्शन जारी है। 10 अगस्त को आंदोलनकारी छात्रों ने विधानसभा घेराव किया था। इस दौरान पुलिस और छात्रों के बीच झड़प के साथ-साथ तनाव देखा गया। पुलिस ने छात्रों को विधानसभा की तरफ बढ़ने से रोकने के लिए बल का सहारा लिया। आंसू गैस के गोले छोड़े गए। लाठीचार्ज हुई। वाटर कैनन का इस्तेमाल हुआ। लेकिन छात्र कटीले तारों वाली बैरेकिडे तोड़ते हुए विधानसभा के गेट तक पहुंच गए। वहां जाकर छात्रों ने धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। इसके बाद पुलिस जवानों ने एक बार फिर लाठीचार्ज की और आंदोलनकारी छात्रों को वहां से खदेड़ दिया। दावा किया गया है कि इस दौरान भूख हड़ताल कर रहे छात्र नेता देवेंद्र महतो को चोट लगी और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। इधर हेमंत सोरेन ने छात्रों को एक बार फिर संवाद करने का बुलावा दिया है। साथ ही कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने इस बल प्रयोग को गलत बताया। भाजपा ने छात्रों के ऊपर हुई लाठीचार्ज पर कल 11 अगस्त को झारखंड बंद का आह्वान किया है।

LIVE Updates-

10:57 PM: क्यों लाठी मार रहे हो, सीधे गोली मारो... आंदोलनकारी छात्र

क्यों लाठी मार रहे हो? सीधा गोली मारो... वैसे भी झारखंड के लोग कमजोर हो चुके हैं। एक गोली में तो हम लोग मर ही जाएंगे। है की नहीं है। आप गोली मारो, देखते हैं कि कितना दम है। सरफरोशी की तमन्ना अब हमारे दिल में है। देखना है जोर कितना बाजुए कातिल में है। इतना कहते-कहते वहां मौजूद हर कोई नारे लगाने लगा।

10:30 PM: भाजपा ने 11 अगस्त को झारखंड बंद का किया आह्वान

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर "पुलिस के अत्याचार" और लाठीचार्ज के विरोध में मंगलवार को झारखंड बंद का आह्वान किया है।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदित्य साहू ने यहां पार्टी मुख्यालय में संवाददाताओं से कहा कि बंद मंगलवार सुबह आठ बजे से मध्यरात्रि तक प्रभावी रहेगा। उन्होंने कहा, “यह राज्यव्यापी बंद होगा। हालांकि, सभी आवश्यक सेवाओं को बंद के दायरे से बाहर रखा गया है।”

10.04 PM: छात्रों पर लाठीचार्ज के बाद सीएम सोरेन ने पुलिस और अधिकारियों का किया धन्यवाद

राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने ताजा ट्वीट में राज्य के प्रशासन और पुलिस को धन्यवाद किया है। सीएम सोरेन ने एक्स पर लिखा- “आज के छात्र आंदोलन के दौरान संयम, संवेदनशीलता और पूरी जिम्मेदारी के साथ स्थिति को संभालने के लिए प्रशासन और पुलिस के सभी अधिकारियों एवं जवानों का मैं धन्यवाद करता हूं।”

9.44 PM: देवेंद्र महतो के ऊपर बरसाई गईं लाठियां, अस्पताल में भर्ती

पीटीआई द्वारा जारी की गई वीडियो में एक युवक कहता है कि सदन के बाहर सरकार के इंतजार में बैठे देवेंद्र महतो जी पर लाठीचार्ज हुई है। अब यहां सदर अस्पताल में इलाज के लिए आए हैं। यहां इन्हें डिटेन किया गया है। अभी ये ऑक्सीजन सपोर्ट पर हैं। करीब 100 बच्चों पर लाठियां बरसी हैं।

9.20PM: देवेंद्र नाथ महतो की तबीयत बिगड़ी, अस्पताल में भर्ती

झारखंड में विधानसभा के बाहर दिन भर हुए छात्र आंदोलन के बीच देवेंद्र नाथ महतो की तबीयत ज्यादा बिगड़ गई। इस कारण उन्हें रांची के सदर अस्पताल में भर्ती किया गया है।

8.49PM: JPSC के पूर्व मुख्य सचिव गिरफ्तार, पूछताछ जारी

सीआईडी ने जेपीएससी की विभिन्न परीक्षाओं में दर्ज केस में अनियमितता व रिश्वत से जुड़े मामले में जेपीएससी के तत्कालीन चेयरमैन व पूर्व मुख्य सचिव एल ख्यांग्ते को गिरफ्तार कर लिया। सीआईडी की टीम सोमवार की दोपहर तकरीबन 2 बजे उनके कांके रोड स्थित सरकारी आवास पर पहुंची। इसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर कचहरी चौक स्थित सीआईडी कार्यालय लाया गया। सीआईडी ने यहां धर्मेंद्र कुमार के सामने बैठाकर उनसे लंबी पूछताछ की।

8.15 PM: आगे की रणनीति पर क्या बोले देवेंद्र महतो?

देवेंद्र महतो मीडिया को विधानसभा घेराव को लेकर अपडेट दे रहे थे। इस बीच उनसे पूछा गया- आगे की क्या रणनीति रहेगी? इस पर महतो ने कहा- हमारी आगे की स्ट्रैटेजी सरकार के फैसले पर निर्भर करती है। हमें रोकने की कोशिश की गई। कांटेदार तारों के बैरिकेड लगाए गए। वॉटर कैनन का इस्तेमाल किया गया। आंसू गैस छोड़ी गई। लाठीचार्ज किया गया, जिसमें लोग घायल हुए। फिर भी, हमने सरकार के खिलाफ एक भी नारा नहीं लगाया। हमने कोई पॉलिटिकल बयानबाज़ी नहीं की और न ही एक भी बुरा शब्द कहा। सिर्फ़ तिरंगा झंडा था। लेकिन फिर भी ऐसा किया गया।

7:45PM: अमित मालवीय ने जेएमएम और राहुल पर साधा निशाना

अंधेरा होते ही फिर से लाठीचार्ज। हेमंत सोरेन सरकार डरपोक है। पुलिस कार्रवाई पर राहुल गांधी के पोस्ट के बाद झारखंड सरकार ने बर्बरता की सारी हदें पार कर दीं। ट्वीट के बाद फिर लाठीचार्ज, यह बताता है कि सरकार छात्रों की आवाज़ से कितनी डरी हुई है। और इससे यह भी साफ़ है कि राहुल गांधी के अपने सहयोगी ही उनकी अपील को कितनी गंभीरता से लेते हैं। राहुल गांधी ने पोस्ट किया, और उनके सहयोगियों ने फिर लाठियाँ चला दीं।

7:35PM: तीन से चार जगह लाठीचार्ज, छात्रों को जगन्नाथपुर मंदिर तक खदेड़ा

रांची में विधानसभा के गेट नंबर 1 के बाद एमएलए रेजिडेंस के समीप एकत्र हुए प्रदर्शनकारी छात्रों पर भी पुलिस ने लाठीचार्ज किया। पुलिस द्वारा तीन से चार अलग-अलग स्थानों पर लाठियां चलाई गईं। लगातार हुए लाठीचार्ज और पुलिसिया कार्रवाई के बाद अब बड़ी संख्या में छात्र वापस लौटने लगे हैं। पुलिस जवानों ने प्रदर्शनकारी छात्रों को खदेड़ते हुए जगन्नाथपुर मंदिर तक पहुंचा दिया है।

7:05PM: विधानसभा गेट नंबर 1 पर धरने पर बैठे छात्रों पर पुलिस ने फिर की लाठीचार्ज

झारखंड विधानसभा के गेट नंबर 1 के पास बैठकर धरना दे रहे प्रदर्शनकारी छात्रों पर पुलिस ने एक बार फिर लाठीचार्ज कर दिया। छात्र गेट के पास अपनी मांगों को लेकर लगातार डटे हुए थे। स्थिति को नियंत्रित करने और छात्रों को वहां से हटाने के लिए पुलिस बल ने उन पर लाठियां भांजीं, जिससे प्रदर्शनकारियों के बीच अफरा-तफरी मच गई।

6.52 PM: Jharkhand protest live updates: छात्रों को फिर से जुटाने की अपील, पुलिस बल डिटेन करने को तैयार

आंदोलन का नेतृत्व कर रहे वालंटियर्स और छात्र नेता अभ्यर्थियों को वापस गेट नंबर 1 से कुछ दूरी पहले (एमएलए रेजिडेंस जाने वाले मोड़ के पास) एकत्रित होने का आह्वान कर रहे हैं। छात्रों की योजना एमएलए रेजिडेंस मोड़ के पास ही सड़क पर बैठकर रात भर अनिश्चितकालीन धरना देने की है। उनका कहना है कि जब तक मांगों पर ठोस निर्णय नहीं होता, वे पीछे नहीं हटेंगे। इधर, आंदोलन स्थल और आसपास के प्रमुख रास्तों पर भारी संख्या में रैपिड एक्शन पुलिस , जिला पुलिस और महिला सुरक्षा बलों की तैनाती कर दी गई है।

6.00 PM: Jharkhand protest live updates- झारखंड प्रोटेस्ट पर क्या बोले राहुल गांधी

झारखंड में छात्रों के प्रदर्शन पर सांसद राहुल गांधी ने कहा, झारखंड के छात्रों के लिए मेरा संदेश साफ है। शांतिपूर्ण ढंग से विरोध कर रहे छात्रों के खिलाफ किसी भी तरह की हिंसा की हम निंदा करते हैं, चाहे वह कहीं भी हो। हम इसकी निंदा करते हैं। हम इसके खिलाफ हैं। हम इसका समर्थन नहीं करते। इस मामले में हमारा रुख बिल्कुल साफ है, हमारे मन में कोई उलझन नहीं है कि शांतिपूर्ण विरोध पर हिंसा के जरिए हमला करना गलत है।

5.00 PM: Jharkhand protest live updates- देवेंद्र महतो बोले- सीएम की कुर्सी पर खतरा

मार्च में छात्रों के कंधों पर पहुंचे देवेंद्र महतो ने कहा, आप इस विधानसभा मार्च में छात्रों का दर्द देख सकते हैं। मेरी 9 दिन की भूख हड़ताल के बाद भी, मैं एम्बुलेंस से यहां आया हूं और स्ट्रेचर पर इस मार्च का हिस्सा बना हुआ हूं। लेकिन यह सरकार हमारी आवाज दबा रही है और वॉटर कैनन और आंसू गैस के गोले इस्तेमाल कर रही है। यसरकार डरी हुई है, यह कायर सरकार है। जब-जब सरकार डरती है, तब-तब पुलिस को आगे करती है। हम आगे बढ़ते रहेंगे। सरकार के साथ हमारी 3 दौर की बातचीत हुई है, अब कोई बात नहीं करनी। उन्होंने कहा, हमराी मांग पूरी करिए नहीं तो ये छात्र मुख्यमंत्री की कुर्सी तक पहुंच जाएंगे। अगर छात्रों की मांगें पूरी नहीं हुईं, तो सीएम पद खतरे में पड़ जाएगा। सरकार हिल जाएगी, यह आंदोलन रुकने वाला नहीं है। यह एक जन-आंदोलन बन गया है। 'युवा' शब्द को उल्टा करने पर 'वायु' बनता है और 'वायु' को कोई नहीं रोक सकता।

4.40 PM: Jharkhand protest live updates- विधानसभा घेराव करने पहुंचे छात्रों पर आंसू गैस के गोले और वाटर कैनन छोड़ा

झारखंड विधानसभा का घेराव करने पहुंचे छात्रों पर पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। कई छात्र घायल हो गए। छात्र सुरक्षा घेरा तोड़ते हुए विधानसभा के मुख्य गेट तक पहुंच गए थे। उन्हें रोकने के लिए पुलिस ने पहले आंसू गैस के गोले छोड़े, लेकिन छात्र विधानसभा के भीतर प्रवेश करने की जिद पर अड़े रहे। स्थिति अनियंत्रित होती देख पुलिस ने छात्रों पर लाठीचार्ज कर दिया। लाठीचार्ज के बाद भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस की ओर से वाटर कैनन का भी प्रयोग किया गया। इस घटना में कई छात्रों को चोटें आई हैं।

3.48 PM: Jharkhand protest live updates- विधानसभा के बाहर खड़े छात्र

छात्र अभी विधानसभा के बाहर खड़े हुए हैं। उधर विधानसभा की कार्यवाही भी खत्म हो गई है। ऐसे में पुलिस छात्रों से अपील कर रही है कि वह मार्च खत्म कर अपने-अपने घर जाइए

3.00 PM: Jharkhand protest live updates- पुलिस ने छोड़े आंसू गैस के गोले

विधानसभा के पास पहुंचे छात्रों को हटाने के लिए आंसू गैस छोड़े जा रहे हैं।

2. 23PM: जेपीएसएसी के पूर्व चेयरमैन एल ख्यांग्ते गिरफ्तार

छात्रों के मार्च के बीच जेपीएससी के पूर्व चेयरमैन एल ख्यांग्ते को सोमवार को सीआई ने गिरफ्तार कर लिया है। उन टीडीपीएल की मिलीभगत से 14वीं पीटी में बड़े पैमाने पर अनियमितता के आरोप हैं। इससे पहले सीआईडी डिप्टी परीक्षा नियंत्रक समेत 19 लोगों को कर गिरफ्तार चुकी है।

1.15 PM: Jharkhand protest live updates- विधानसभा से पहले भगदड़

झारखंड विधानसभा से पहले भगदड़ मच गई गई है। छात्र विधानसभा परिसर में बैठकर प्रदर्शन कर रहे हैं। वहीं पुलिस ने पहली बार हल्का लाठीचार्ज किया है।

12.59 PM: Jharkhand protest live updates- छात्रों ने तोड़ा आखिरी बैरिकेड

छात्रों ने आखिरी बैरिकेड भी तोड़ दिया है और अब वे विधानसभा की ओर भाग रहे हैं।

12.36 PM: Jharkhand protest live updates- विधानसभा की दीवार तक पहुंचे प्रदर्शनकारी

पेपर लीक के विरोध मे रांची में विधानसभा की ओर मार्च कर रहे प्रदर्शनकारी विधानसभा की दीवार तक पहुंचे गए हैं।

12.30 PM: Jharkhand protest live updates- छात्रों पर वॉटर कैनन का इस्तेमाल

पुलिस ने नई विधानसभा की ओर बढ़ रहे छात्रों द्वारा चौथा बैरिकेड तोड़े जाने के बाद उन्हें आगे बढ़ने से रोकने के लिए वॉटर कैनन का इस्तेमाल करना शुरू कर दिया है।

12.16 PM: Jharkhand protest live updates- छात्रों ने चौथा बैरिकेड भी तोड़ा

छात्रों ने जगन्नाथ टेंपल के पास चौथा बैरिकेड भी तोड़ दिया है और नई विधानसभा से 500 मीटर की दूरी पर पहुंच गए हैं।

11.58 AM: Jharkhand protest live updates- 15 हजार से ज्यादा छात्र मार्च में शामिल

विधानसभा मार्च में अबतक 15,000 से अधिक संख्या में छात्र शामिल है। अभी और छात्र भी रांची पहुंच रहे हैं । छात्रों के हाथ में तिरंगा है। तिरंगे के अलावा किसी भी पार्टी संस्था से जुड़ा कोई झंडा या बैनर नहीं है।

11.49 AM: Jharkhand protest live updates- तीसरा बैरिकेड पार कर सड़कों पर बैठे छात्र

छात्रों का पहला समूह तीन बैरिकेड तोड़ जगन्नाथपुर मंदिर स्थित बैरिकेड तक पहुंच गया है। रांची पुलिस छात्रों से संयमित रहने की लगातार अपील कर रही है। जगन्नाथपुर इलाके के लोगों को कहीं आने जाने नहीं दिया जा रहा है। इसका स्थानीय लोग भी विरोध कर रहे है। वहीं छात्र भी सड़कों पर बैठ गए हैं।

11.25 AM: Jharkhand protest live updates- छात्रों ने लांघा तीसरा बैरिकेड

नई विधानसभा का घेराव करने निकले छात्रों ने तीसरा बैरिकेड भी पार कर लिया है। वह हाथों में तिरंगा लिए और लगातार नारेबाजी कर आगे बढ़ रहे हैं।

11.07 AM: Jharkhand protest live updates- एंबुलेंस में मार्च में शामिल हुए देवेंद्र नाथ महतो

पिछले 9 दिनों से भूखहड़ताल पर बैठे छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो भी छात्रों के प्रोटेस्ट मार्च में शामिल हुए हैं। वह एंबुलेंस में विधानसभा की ओर आगे बढ़ रहे हैं।

11.00 AM: Jharkhand protest live updates- छात्रों का मार्च जारी

हजारों की संख्या में छात्र नई विधानसभा की ओर आगे बढ़ रहे हैं। पुलिस ने रास्ते में उन्हें रोकने के लिए कंटीले तारों की बैरिकेडिंग की है और वाटर कैनन भी मौजूद हैं। इसके अलावा बीएनएस की धारा 163 भी लागू है। छात्र नारेबाजीर करते हुए लगातार मार्च कर रहे हैं।

10.40 AM: Jharkhand protest live updates- छात्रों ने पहले बैरिकेड को किया पार

पुलिस से कुछ देर की बातचीत के बाद पहले बैरिकेड को पार करते हुए छात्रों ने मार्च आगे बढ़ा दिया है। इस बीच पुलिस ने भी जगह-जगह सुरक्षा के भारी इंतजाम किए हैं।

10.33 AM: Jharkhand protest live updates- CM आवास का घेराव कर रहे बीजेपी विधायक

बीजेपी विधायकों ने भी आज हेमंत सोरेन पर दबाव बनाने के लिए सीएम आवास के घेराव की योजना बनाई है। इस बीच पुलिस ने भी इन विधायकों को हिरासत में लेना शुरू कर दिया है।

10.21 AM: Jharkhand protest live updates- छात्रों का मार्च शुरू

पूरे झारखंड से इकट्ठा हुए छात्रों ने पुरानी विधानसभा से नई विधानसभा की ओर मार्च शुरू कर दिया है। जानकारी के मुताबिक करीब 50 मीटर की दूरी पर पहले ही घेरे में छात्रों को रोकने की कोशिश की जा रही है। पुलिसकर्मी उन्हें समझाने की कोशिश कर रही है और छात्र बैरिकेडिंग के पास नारेबाजी कर रहे हैं।

9.10 AM: Jharkhand protest live updates- अब छात्रों की क्या मांग?

छात्रों और सरकार के बीच जो बात फंसी है वह जेएसएससी सीजीएल परीक्षा रद्द करने को लेकर है। पूरे मामले की सीबीआई जांच पर भी सहमति नहीं बनी है। छात्रों ने कहा कि उनकी प्रमुख मांगें तीन बिंदुओं पर केंद्रित है। इसमें परीक्षाओं को रद्द करना, रद्द के बाद जांच करना और रिफॉर्म शामिल हैं। छात्रों का कहना है कि सरकार ने रिफॉर्म से जुड़ी करीब 90 फीसदी मांगों को स्वीकार किया है, लेकिन परीक्षा रद्द करने और जांच से जुड़ी उनकी अहम मांगों पर सरकार तैयार नहीं हुई है। छात्रों ने आरोप लगाया कि टीडीपीएल एजेंसी के माध्यम से आयोजित परीक्षाओं को लेकर भी सरकार जांच कराने को तैयार नहीं है।

9.05 AM: Jharkhand protest live updates- पूरे झारखंड से रांची पहुंच रहे छात्र

छात्र सुबह 10 बजे पुरानी विधानसभा से नई विधानसभा तक मार्च करेंगे। इसके लिए पूरे झारखंड से रांची पहुंच रहे हैं। छात्र नेता रवींद्र पासवान ने कहा, पुलिस प्रशासन हमें जहां भी रोकेगा, हम वहीं बैठ जाएंगे। हमारा आंदोलन सांकेतिक है। पूरे झारखंड के लोगों को पता है कि आज विधानसभा मार्च और 'घेराव' हो रहा है। हम सरकार को यह संदेश देना चाहते हैं कि छात्र एकजुट हैं और अपनी मांगों पर अडिग हैं। अगर सरकार ने इस पर ध्यान नहीं दिया, तो कल इससे भी बड़ा विरोध प्रदर्शन हो सकता है। उन्होंने आगे कहा, सरकार ने जो फैसला लिया है, उससे हम बिल्कुल भी खुश नहीं हैं। हमारी सभी मांगें जरूरी और अहम हैं हम अपनी इन जायज मांगों पर कायम हैं। जिन भी परीक्षाओं को हमने चुनौती दी है, उनमें गड़बड़ी रही है। खासकर सीजीएल परीक्षा तो एक बहुत बड़ा घोटाला थी। सरकार इन परीक्षाओं के मामले को सुलझाने में कोई दिलचस्पी नहीं दिखा रही है। बल्कि, ऐसा लगता है कि वे कुछ परीक्षाओं की जांच करने को भी तैयार नहीं हैं।

8.55 AM: Jharkhand protest live updates- झारखंड विधानसभा घेराव से पहले देवेंद्र नाथ महतो बोले- बदलाव का दिन है

आंदोलन को लेकर पिछले 9 दिनों से भूखहड़ताल पर बैठे छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो ने कहा है कि आज क्रांति और बदलाव का दिन है। विधानसभा घेराव से पहले सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक वीडियो संदेश में उन्होंने कहा, आज का विधानसभा घेराव हमारे लिए ऐतिहासिक है। उन्होंने मार्च में शामिल होने आ रहे लोगों से अपील की है कि किसी भी तरह के विवाद से बचें और अगर पुलिस उनका रास्ता रोकने की कोशिश करे तो उनसे उलझने के बजाय नए रास्ते तलाशने की कोशिश करें। इसी के साथ उन्होंने कहा है कि किसी भी पार्टी का राजनीतिक या धार्मिक झंडा लेकर आंदोलन में ना आएं, केवल तिरंगा लेकर पहुंचें।

पिछले 9 दिनों से भूखहड़ताल पर बैठे छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो भी पहले एंबुलेंस और अब छात्रों के कंधों पर मार्च में शामिल हुए। उनके हाथ में शिबू सोरेन की तस्वीर भी थी। उनका कहना है कि जब तक सरकार उनकी मांगें नहीं मानेगी, वह अनशन खत्म नहीं करेंगे। पुलिस प्रदर्शनकारियों को समझाने की कोशिश कर रही है लेकिन छात्र कुछ भी सुनने को तैयार नहीं है। उनका कहना है कि जब तक सीजीएल परीक्षा रद्द नहीं होगी और सीबीआई जांच के आदेश नहीं दिए जाएंगे, वे ये आंदोलन खत्म नहीं करेंगे।

क्या है छात्रों की मांग?

मुख्य तौर पर छात्रों और सरकार के बीच बात सीजीएल परीक्षा को लेकर फंसी हुई है। छात्रों ने सीजीएल परीक्षा को रद्द करने और इसकी सीबीआई जांच की मांग की थी, लेकिन सरकार इसके लिए तैयार नहीं है। सरकार ने कहा है कि एक रिटायर्ड जज की अध्यक्षता में न्यायिक जांच कराई जाएगी और अगर वित्तीय धांधली सामने आती है, तो ईडी से जांच कराई जाएगी। हालांकि छात्र अभी भी सीबीआई जांच की मांग पर कायम हैं।

Aditi Sharma

लेखक के बारे में

Aditi Sharma

अदिति शर्मा

अदिति शर्मा डिजिटल मीडिया की एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें लाइव हिंदुस्तान, TV9 भारतवर्ष और न्यूज नेशन जैसे संस्थानों में 9 वर्षों का अनुभव है। BCA और MMC की शैक्षणिक पृष्ठभूमि के साथ, वे तकनीक और पत्रकारिता के मूल्यों का सटीक संतुलन बनाती हैं। उनकी विशेषज्ञता राजनीति, अपराध और शोध-आधारित लेखन में है, जहां वे सकारात्मक प्रभाव डालने वाली विश्वसनीय पत्रकारिता को प्राथमिकता देती हैं।


विस्तृत बायो

डिजिटल मीडिया के इस दौर में, अदिति शर्मा पिछले 9 सालों से सूचनाओं को खबरों में और खबरों को अटूट विश्वसनीयता में बदलने का काम कर रही हैं। वर्तमान में 'लाइव हिंदुस्तान' में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर के रूप में कार्यरत रहते हुए, उनकी पत्रकारिता का मुख्य आधार रफ्तार के साथ गहरी सटीकता बनाए रखना रहा है। उनकी शैक्षणिक पृष्ठभूमि तकनीकी और मीडिया शिक्षा का एक संतुलित मेल है। उन्होंने वेस्ट बंगाल स्टेट यूनिवर्सिटी से BCA किया है। इसके बाद उन्होंने इंडिया टुडे मीडिया इंस्टीट्यूट (ITMI) से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री प्राप्त की, जिसने उनके पत्रकारिता कौशल को निखारा।


अदिति के करियर का एक बड़ा हिस्सा TV9 भारतवर्ष, न्यूज नेशन और इंडिया टुडे जैसे देश के प्रतिष्ठित न्यूज रूम्स के साथ बीता है। इस दौरान उन्होंने न केवल पॉलिटिक्स, क्राइम और स्टेट न्यूज जैसी 'हार्ड-कोर' खबरों को कवर किया, बल्कि फीचर राइटिंग, ओपिनियन आर्टिकल्स और रिसर्च-आधारित गहन लेखन के जरिए खबरों की तह तक जाने का सफल प्रयास किया है।


उनके लिए पत्रकारिता केवल सूचना देना नहीं, बल्कि मल्टीमीडिया का एक संपूर्ण अनुभव है। एंकरिंग से लेकर वीडियो प्रोडक्शन और 'कैलेंडर जर्नलिज्म' से लेकर 'फैक्ट चेक' तक, उन्होंने डिजिटल पत्रकारिता के हर अनिवार्य पहलू को जिया है। सोशल मीडिया की नब्ज पहचानना और कंटेंट को लाखों लोगों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाना उनकी सबसे बड़ी पेशेवर ताकत है।


तथ्यों के प्रति उनकी ईमानदारी और 'मीडिया लॉ एंड एथिक्स' के दायरे में रहकर जनता की आवाज उठाना ही उनकी पत्रकारिता का असली उद्देश्य है। वे नई तकनीक और पत्रकारिता के पुराने मूल्यों के बीच एक ऐसा संतुलन बनाने में विश्वास रखती हैं, जिससे समाज को न केवल सही जानकारी मिले, बल्कि उस पर लोगों का भरोसा भी बना रहे। उनका हमेशा यह प्रयास रहता है कि उनकी खबरों से समाज में एक सकारात्मक बदलाव आए।

और पढ़ें
Hindi Newsझारखंड न्यूज़विधानसभा घेराव के बाद भी JPSC प्रोटेस्ट जारी, BJP ने किया झारखंड बंद का आह्वान