भयंकर ठंड से छात्रों के मजे, झारखंड में 8 जनवरी तक स्कूल बंद, शीतलहर का भी कहर

Jan 05, 2026 04:56 pm ISTUtkarsh Gaharwar लाइव हिन्दुस्तान, रांची | अनुराग मिश्रा
share

राज्य सरकार की ओर से जारी निर्देश के अनुसार, विद्यालयों में शैक्षणिक कार्य बंद रहने के बावजूद सरकारी स्कूलों के शिक्षकों और शिक्षकेत्तर कर्मियों को उपस्थित रहना होगा। वे इस अवधि में स्कूल में मौजूद रहकर गैर-शैक्षणिक कार्यों का निष्पादन सुनिश्चित करेंगे।

भयंकर ठंड से छात्रों के मजे, झारखंड में 8 जनवरी तक स्कूल बंद, शीतलहर का भी कहर

झारखंड में मौसम बेरहम हो गया है। लगातार चल रही शीतलहर और घने कोहरे ने कई लोगों के काम की रफ्तार पर ब्रेक लगाया है। फ्लाइट लेट हो रही हैं तो वहीं ट्रेनों का देरी और रद्द होने का सिलसिला जारी है। इस बीच हालांकि स्कूली छात्रों के मजे हैं। झारखंड में लगातार गिरते तापमान और भीषण शीतलहर को देखते हुए राज्य सरकार और जिला प्रशासनों ने छात्रों की सुरक्षा के लिए बड़े कदम उठाए हैं। स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग ने एक आधिकारिक आदेश जारी कर राज्य के सभी कोटि के सरकारी, गैर-सरकारी सहायता प्राप्त और निजी स्कूलों को 6 जनवरी से 8 जनवरी 2026 तक बंद रखने का निर्देश दिया है। यह आदेश प्री-नर्सरी से लेकर कक्षा 12वीं तक की सभी कक्षाओं पर प्रभावी होगा ।

इसी क्रम में कोडरमा जिले में भी कड़ाके की ठंड और धूप न निकलने के कारण जिला प्रशासन ने स्कूल बंदी की अवधि बढ़ा दी है। जिले के सभी स्कूल पहले 5 जनवरी तक बंद थे, जिसे अब सरकार के दिशा-निर्देशों के आलोक में सोमवार को बढ़ाकर 8 जनवरी तक कर दिया गया है। लगातार जारी शीतलहरी और बच्चों के स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रतिकूल प्रभाव को देखते हुए जिला प्रशासन ने यह फैसला लिया है।

राज्य सरकार की ओर से जारी निर्देश के अनुसार, विद्यालयों में शैक्षणिक कार्य बंद रहने के बावजूद सरकारी स्कूलों के शिक्षकों और शिक्षकेत्तर कर्मियों को उपस्थित रहना होगा। वे इस अवधि में स्कूल में मौजूद रहकर गैर-शैक्षणिक कार्यों का निष्पादन सुनिश्चित करेंगे। हालांकि, विभाग ने स्पष्ट किया है कि यदि किसी विद्यालय में पूर्व से प्री-बोर्ड परीक्षाएं निर्धारित हैं, तो उनके संचालन का निर्णय स्कूल प्रबंधन अपने विवेक से ले सकेगा। मौसम विभाग की ओर से अगले दो दिनों तक कनकनी और बढ़ने के पूर्वानुमान को देखते हुए अभिभावकों और छात्रों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

न्यूनतम तापमान में 4 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज

राजधानी समेत पूरे झारखंड में सोमवार को कड़ाके की ठंड और शीतलहर का प्रकोप रहा। पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के विभिन्न जिलों में न्यूनतम तापमान में 4 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है। घने कोहरे और सर्द हवाओं के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ है।

jharkhand schools graphics

दो दिनों तक शीतलहर का असर

मौसम विभाग के अनुसार, झारखंड में अगले दो दिनों तक शीतलहर का असर बना रहेगा। इस दौरान न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की और गिरावट आने की संभावना है, जिससे कनकनी बढ़ेगी। सोमवार को दिन भर चलने वाली सर्द हवाओं की रफ्तार ने भी ठिठुरन बढ़ाए रखी।

विमान सेवाएं प्रभावित

सोमवार सुबह घने कोहरे के कारण रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर दृश्यता कम रही, जिससे विमान सेवाएं बाधित हुईं। एयर इंडिया की तीन उड़ानें रद्द कर दी गईं, जबकि इंडिगो की कोलकाता, पुणे, दिल्ली और हैदराबाद से आने वाली उड़ानें काफी देरी से रांची पहुंचीं।

राज्य में गुमला सबसे ठंडा

पिछले 24 घंटों में रांची के न्यूनतम तापमान में करीब 4 डिग्री की गिरावट आई है। सोमवार को रांची का न्यूनतम तापमान 6.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, राज्य में गुमला सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान 4.1 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। मेदिनीनगर में न्यूनतम तापमान 6.3 डिग्री रहा। इसके अलावा लोहरदगा, खूंटी, हजारीबाग, बोकारो, कोडरमा और लातेहार जैसे जिलों में भी भीषण शीतलहर का असर देखा जा रहा है।

Utkarsh Gaharwar

लेखक के बारे में

Utkarsh Gaharwar
एमिटी और बेनेट विश्वविद्यालय से पत्रकारिता के गुर सीखने के बाद अमर उजाला से करियर की शुरुआत हुई। अमर उजाला में बतौर एंकर सेवाएं देने के बाद 3 साल नवभारत टाइम्स ऑनलाइन में डिजिटल कंटेंट प्रोड्यूसर के पद पर काम किया। वर्तमान में लाइव हिंदुस्तान में डिजिटल कंटेंट प्रोड्यूसर के पद पर कार्यरत हूं। एंकरिंग और लेखन के अलावा मिमिक्री और थोड़ा बहुत गायन भी कर लेता हूं। और पढ़ें