झारखंड RS चुनाव में बड़ा उलटफेर, निर्दलीय परिमल नथवानी ने दी प्रणव झा को पटखनी; जीती बाजी हार गई कांग्रेस
झारखंड की दो राज्यसभा सीटों के चुनावी नतीजे सामने आए, तो कांग्रेस के नीचे से जमीन खिसक गई। क्योंकि INDIA गठबंधन के पास पर्याप्त विधायक थे, लेकिन फिर भी कांग्रेस के प्रणव झा की हार हुई और निर्दलीय एनडीए उम्मीदवार परमल नथवानी जीत गए।

झारखंड की दो राज्यसभा सीटों के लिए आज वोटिंग हुई। इसके बाद आए परिणाम सबको चौंका गए। क्योंकि कॉस वोटिंग के चलते कांग्रेस के प्रणव झा हार गए, जबकि निर्दलीय एनडीए उम्मीदवार परमल नथवानी जीत गए। 2 राज्यसभा सीटों के लिए तीन प्रत्याशी मैदान में थे। इंडिया गठबंधन ने जेएमएम की तरफ से एक प्रत्याशी वैद्यनाथ राम को, जबकि कांग्रेस ने प्रणव झा को मौका दिया था। वहीं एनडीए की तरफ से पूर्व राज्यसभआ सांसद परिमल नथवानी को समर्थन मिला था। क्रॉस वोटिंग से महागठबंधन में अंतर्कलह खुलकर सामने आ गई है। क्योंकि, INDIA गठबंधन के पास विधानसभा में बहुमत होने के बावजूद कांग्रेस प्रत्याशी की हार हो गई है।
जीत के लिए कितने वोट चाहिए थे, कितने मत पड़े?
झारखंड की एक राज्यसभा सीट पर जीत के लिए कुल 28 वोटों की जरूरत थी। जेएमएम के पास कुल 34 विधायक हैं। ऐसे में जेएमएम प्रत्याशी वैद्यनाथ राम को आसानी से जीत मिल गई। कांग्रेस के पास जीत के लिए जरूरी 28 वोट अकेले दम पर नहीं थे। कांग्रेस प्रत्याशी प्रणव झा को जीत के लिए जेएमएम के 6 विधायक, राजद के 4 और भाकपा माले के 2 विधायकों के समर्थन की जरूरत थी। मगर उन्हें इन विधायकों में से पर्याप्त मत नहीं मिले और वह चुनाव हार गए। क्रॉस वोटिंग के चलते उनकी हार हुई है। एक अधिकारी के अनुसार, नाथवानी को 28 वोट मिले और उन्हें चुना गया, जबकि झा को 20 वोट मिले। राम को दूसरी सीट जीतने के लिए 30 वोट मिले। इस तरह बताया जा रहा है कि कुल 3 वोट रद्द भी हुए हैं। बाकी दिनभर के अपडेट पढ़ने के लिए नीचे दिए गए हिस्से को पढ़ें।
Live Updates:-
7.30 PM Jharkhand Rajyasabha Chunav Live: कांग्रेस नेता बोले- झारखंड के विधायक भी बिकने वाले हैं और बिके भी हैं
कांग्रेस नेता राजेश ठाकुर ने कहा, “इसे सिर्फ एक झटका ही कहा जा सकता है, क्योंकि जिस तरह की तैयारी हमने की थी और जिस तरह से हम सब मिलकर चुनाव लड़ रहे थे, उसे देखते हुए आप देख सकते हैं कि क्या हुआ है। महाराष्ट्र में पार्टियां टूट रही हैं, और पश्चिम बंगाल में भी पार्टियां टूट रही हैं। एमपी को तोड़ा जा रहा है, इसलिए अगर कुछ MLA भी तोड़े गए हैं, तो इसमें कोई हैरानी की बात नहीं होगी… झारखंड के लोगों को एक बार फिर शर्मिंदगी उठानी पड़ी है। क्योंकि झारखंड के विधायक भी बिकने वाले हैं और बिके हैं।”
7.15 PM Jharkhand Rajyasabha Chunav Live: कांग्रेस उम्मीदवार प्रणव झा ने JMM को कहा- थैंक्यू
कांग्रेस के राज्यसभा उम्मीदवार प्रणव झा ने कहा, "मैं अपनी पार्टी का शुक्रिया अदा करना चाहता हूं कि उन्होंने मुझ जैसे संगठन के कार्यकर्ता को झारखंड से उम्मीदवार बनाया। मैं अपने सभी MLA का भी शुक्रिया अदा करता हूं, जिन्होंने कड़ी मेहनत की और अपनी कोशिशों में कोई कसर नहीं छोड़ी।
राज्यसभा चुनाव में दो सीटें थीं और तीन उम्मीदवार मैदान में थे। MLAs के वोटों के आधार पर दो उम्मीदवार जीते। उनमें से एक झारखंड मुक्ति मोर्चा से हमारी पार्टी के उम्मीदवार बैद्यनाथ राम थे। मैं उन्हें दिल से बधाई और शुभकामनाएं देता हूं। दूसरे निर्दलीय उम्मीदवार परिमल नाथवानी थे। मैं उन्हें भी शुभकामनाएं देता हूं। उन्हें मुझसे ज़्यादा वोट मिले। मुझे उम्मीद है कि वह झारखंड के लोगों के लिए काम करेंगे और उनकी भलाई में योगदान देंगे।
6.55 PM Jharkhand Rajyasabha Chunav Live: RJD और वामदल ने धोखा दिया
झारखंड कांग्रेस प्रभारी के. राजू ने कहा- इंडिया गठबंधन को राष्ट्रीय जनता दल और वामदल ने धोखा दिया। उन्होंने आशंका जताई कि आरजेडी और वामदल के विधायकों ने पैसा लेकर एनडीए समर्थित प्रत्याशी के हक में वोटिंग की है। के. राजू ने दावा किया कि प्रणव झा को कांग्रेस के सभी 16 विधायकों का वोट मिला।
6.45 PM Jharkhand Rajyasabha Chunav Live: कांग्रेस के प्रणव झा की हार, NDA के नथवानी जीते
क्रॉस वोटिंग के बाद कहा जा रहा है कि महागठबंधन में अंतर्कलह है। इसलिए उनके पास विधानसभा में बहुमत होने के बावजूद कांग्रेस प्रत्याशी की हार हो गई है। इसलिए क्रॉस वोटिंग के चलते कांग्रेस के प्रणव झा की हार हुई है। वहीं NDA के नथवानी जीत गए हैं।
6.25 PM Jharkhand Rajyasabha Chunav Live: 3 वोट कैंसिल, एनडीए के परिमल नाथवानी जीते
बताया जा रहा है कि 3 वोट रद्द हो गए हैं। इसके साथ ही क्रॉस वोट के चलते एनडीए समर्थन वाले परिमल नाथवानी की जीत हो गई है।
6.05 PM Jharkhand Rajyasabha Chunav Live: 3 वोट कैंसिल होने से तनाव, किसकी होगी जीत?
राज्यसभा चुनाव के लिए शाम पांच बजे से मतगणना जारी है। सूत्रों के अनुसार पता चला है कि 3 वोट रद्द कर दिए गए हैं। इसकी जानकारी लगते ही प्रत्याशियों के बीच तनाव फैल गया है। अब देखना दिलचस्प होगा, आखिर इन वोटों के कैंसिल होने की क्या वजह है? इसके साथ ही साथ जीत का सेहरा किसके सिर सजेगा।
5.28 PM Jharkhand Rajyasabha Chunav Live: नाथवानी की जीत के दावा, सूर्यास्त का कीजिए इंतजार
सांसद दीपक प्रकाश ने मजबूती से कहा- नाथवानी जी जीतेंगे। आजसू पार्टी प्रमुख सुदेश महतो ने भी दावा किया कि नाथवानी जीतेंगे। सूर्यास्त होते-होते परिणाम सामने आ जाएंगे।
4.58 PM Jharkhand Rajyasabha Chunav Live: बैद्यनाथ राम और नाथवानी का दावा हम जीतेंगे
JMM उम्मीदवार बैद्यनाथ राम ने अपनी जीत पर भरोसा जताया और कहा, "इंडिया ब्लॉक के उम्मीदवार दोनों राज्यसभा सीटें जीतेंगे।" नाथवानी ने अपनी जीत पर भरोसा जताया।उन्होंने कहा, "मुझे सभी पार्टियों का समर्थन है, और मुझे अपनी जीत का भरोसा है। शाम तक सब कुछ साफ हो जाएगा।" अब देखना दिलचस्प होगा, कौन जीतेगा।
4.30 PM Jharkhand Rajyasabha Chunav Live: जयराम महतो ने बताया, किसे देंगे वोट
जयराम महतो निर्दलीय विधायक हैं। उन्होंने कहा हमारे क्षेत्र की जो विकास की बात करेंगा, उनकी आवाज दिल्ली तक उठाएंगे, उन्हें अपना वोट देंगे। विकास ही उनकी पहली और आखिरी मांग है। हॉर्स ट्रेडिंग का सवाल नहीं है। स्वतंत्र पक्षी हैं किसी भी तरफ जा सकते हैं।
4.15 PM Jharkhand Rajyasabha Chunav Live: भाजपा विधायकों संग चाय पीते दिखे सीएम सोरेन
झारखंड में दो सीटों के लिए राज्यसभा चुनाव हो रहे हैं। इस बीच हेमंत सोरेन का एक वीडियो सामने आया है। इसमें सीएम सोरेन को भाजपा विधायकों के साथ बातचीत करते और चाय पीते देखा गया।
3.50 PM Jharkhand Rajyasabha Chunav Live: भाजपा के पास खोने को कुछ नहीं, पाने को एक राज्यसभा सीट
झारखंड की एक राज्यसभा सीट पर जीत के लिए जितने विधायकों की जरूरत है, बीजेपी या एनडीए के पास उतने विधायक नहीं हैं। हालांकि, गठबंधन ने निर्दलीय प्रत्याशी परिमल नथवानी का समर्थन किया है। ऐसे में अगर इस सीट पर एनडीए के समर्थन वाले प्रत्याशी परिमल नथवानी जीत जाते हैं, तो वो एनडीए के साथ जाएंगे, लेकिन हारने के बाद बीजेपी को कोई नुकसान नहीं होगा। ऐसे में कहा जा सकता है कि बीजेपी के पास झारखंड राज्यसभा चुनाव में खोने के लिए कुछ नहीं है, लेकिन पाने के लिए एक राज्यसभा सीट जरूर है।
3.12 PM Jharkhand Rajyasabha Chunav Live: ये है कांग्रेस की सबसे बड़ी टेंशन
वैसे तो राज्यसभा चुनाव में एक सीट पर जेएमएम की जीत तय है, लेकिन कांग्रेस प्रत्याशी को जीत के लिए जेएमएम के साथ ही आरजेडी के चार और भाकपा माले के दो विधायकों के समर्थन की जरूरत है। अब सभी विधायकों ने वोट कर दिया है, लेकिन कांग्रेस के लिए टेंशन खत्म नहीं हुई है। क्योंकि कांग्रेस के समर्थन वाले विधायकों के क्रॉस वोटिंग की संभावनाएं भी हैं। ऐसे में अगर क्रॉस वोटिंग होती है, तो कांग्रेस प्रत्याशी की जीत मुश्किल हो जाएगी। अब दो सीटों पर किसकी जीत होगी, इसका फैसला 5 बजे काउंटिंग के बाद ही होगा।
2.40 PM Jharkhand Rajyasabha Chunav Live: क्यों महत्वपूर्ण हैं ये चुनाव
यह चुनाव केवल दो सीटों का चुनाव नहीं माना जा रहा, बल्कि झारखंड की मौजूदा राजनीतिक ताकत और गठबंधन की एकजुटता की भी परीक्षा है। एक सीट झामुमो संस्थापक शिबू सोरेन के निधन के बाद रिक्त हुई है, जबकि दूसरी भाजपा सांसद दीपक प्रकाश का कार्यकाल समाप्त होने के कारण खाली हो रही है। अगर महागठबंधन अपने 56 वोट सुरक्षित रख लेता है तो दोनों सीटों पर उसकी जीत संभव है। लेकिन, क्रॉस वोटिंग होती है या वोट अमान्य हुए, तो दूसरी सीट का समीकरण बदल सकता है। यही कारण है कि दोनों खेमे चुनाव के अंतिम क्षण तक सतर्क हैं।
2.10 PM Jharkhand Rajyasabha Chunav Live: झारखंड में हॉर्स ट्रेडिंग-क्रॉस वोटिंग का इतिहास हमारे पास संख्या बल, हम ही जीतेंगे चुनाव: वैद्यनाथ राम
गुरुवार को झारखंड में राज्यसभा चुनाव के लिए वोटिंग शुरू होने के बाद झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के उम्मीदवार बैद्यनाथ राम ने अपनी जीत का भरोसा जताया और कहा कि इंडिया ब्लॉक के दोनों उम्मीदवार जीतेंगे। बैद्यनाथ राम वोट डालने के लिए रांची में झारखंड विधानसभा पहुंचे और कहा कि इंडिया ब्लॉक के पास दोनों सीटें जीतने के लिए जरूरी संख्या बल है और सभी विधायकों ने दोनों प्रत्याशियों के लिए वोट किया है।
1.55 PM Jharkhand Rajyasabha Chunav Live: झारखंड में हॉर्स ट्रेडिंग-क्रॉस वोटिंग का इतिहास
साल 2016 के राज्यसभा चुनाव में भाजपा ने रिक्त हो रही दो सीटों के लिए मुख्तार अब्बास नकवी और महेश पोद्दार को चुनाव में उतारा था। बसंत सोरेन के पक्ष में 30 विधायकों का समर्थन था, ऐसे में उनकी जीत तय मानी जा रही थी। पर चमरा लिंडा व बिट्टू सिंह वोट नहीं कर पाए। महेश पोद्दार ने कम अंतर से जीत दर्ज की। विपक्ष ने हार्स ट्रेडिंग का आरोप लगाया।
साल 2010-12
साल 2010 में विधायकों की खरीद-फरोख्त का खुलासा हुआ था। 2012 के चुनाव में कारोबारी आरके अग्रवाल व पवन धूत मैदान में थे। चुनाव के दिन ही 2.50 करोड़ बरामद हुए थे। इस चुनाव को रद्द किया गया। बाद में चुनाव में सत्तासीन भाजपा के प्रत्याशी एसएस अहलूवालिया हार गए। प्रदीप बलमुचू कांग्रेस से, झामुमो के संजीव कुमार चुनाव जीते थे।
साल 2008
साल 2008 में पहली बार निर्दलीय परिमल नथवानी की इंट्री राज्यसभा चुनाव में हुई थी। इस चुनाव में भाजपा के जयप्रकाश सिंह एक सीट पर जीते थे, जबकि तब मधु कोड़ा के नेतृत्व में कांग्रेस सरकार में थी। बावजूद इसके कांग्रेस के प्रत्याशी आरके आनंद, झामुमो के किशोरी लाल चुनाव हार गए थे। इस चुनाव में भी क्रॉस वोटिंग हुई थी, परिमल नथवानी ने जीत दर्ज की थी।
1. 10 PM Jharkhand Rajyasabha Chunav Live: इंडिया-एनडीए दोनों गठबंधन के सभी 80 विधायकों ने कर दिया वोट
झारखंड में दो राज्यसभा सीटों के लिए मतदान चल रहा है। एनडीए के साथ ही इंडिया गठबंधन के सभी विधायकों ने वोट डाल दिया है। अब तक कुल 80 वोट पड़ चुके हैं। इन चुनावों के लिए अभी तक जयराम महतो ने वोट नहीं किया है। हालांकि, जयराम महतो वोट देने के लिए विधानसभा पहुंच चुके हैं।
12.10 PM Jharkhand Rajyasabha Chunav Live:संख्या बल हमारे पास, जीत हमारी ही होगी : प्रणव
कांग्रेस प्रत्याशी प्रणव झा ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के कुशल नेतृत्व पर भरोसा जताते हुए दावा किया है कि इंडिया गठबंधन को दोनों ही सीटों पर जीत मिलेगी। चुनाव में जीत के लिए संख्या बल इंडिया गठबंधन के साथ है। नामांकन के बाद प्रणव झा ने कहा था कि भाजपा के पास प्रत्याशी नहीं था तो धनबल के सहारे वह मैदान में उतरी। हॉर्स ट्रेडिंग को बढ़ावा देने के लिए ऐसा किया गया है।
11.35 AM Jharkhand Rajyasabha Chunav Live: झारखंड मेरी कर्म भूमि, सभी दलों से रिश्ते: नथवानी
झारखंड में राज्यसभा की दो सीटों के लिए वोटिंग चल रही है। इस दौरान विधानसभा परिसर में नथवानी भी पहुंचे हैं। एनडीए समर्थित निर्दलीय प्रत्याशी परिमल नथवानी ने कहा है कि उनका काम केवल और केवल जनता की सेवा करना है। चुनाव जीतने के बाद वे सभी जिलों विशेषकर अनुसूचित जनजाति जिलों में काम करेंगे। ऐसे क्षेत्रों में कौशल विकास को लेकर एक संस्थान भी बनाऊंगा, ताकि वहां के लोगों को ज्यादा रोजगार मिल सके। जिस क्षेत्र में जैसी जिसकी जरुरत होगी ,उनके अनुरूप ही वे काम करेंगे।
10.42 AM Jharkhand Rajyasabha Chunav Live: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भी पहुंचे विधानसभा
झारखंड विधानसभा में राज्यसभा चुनावों की वोटिंग जारी है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भी मतदान के लिए विधानसभा पहुंच गए हैं।
10.35 AM Jharkhand Rajyasabha Chunav Live: NDA के सभी 24 विधायकों ने डाल दिए वोट
राज्यसभा चुनाव के लिए झारखंड विधानसभा परिसर में वोटिंग चल रही है। वोटिंग के लिए सभी विधायक पहुंच चुके हैं। कांग्रेस के 16 विधायक एक साथ बस में पहुंचे, वहीं एनडीए के सभी विधायक एक बास में साथ पहुंचे। एनडीए के सभी विधायकों ने वोट डाल दिया है।
10.25 AM Jharkhand Rajyasabha Chunav Live: पार्टी एजेंट को नहीं दिखाया तो रद्द हो जाएगा वोट
विधायक ने अपने दल के पार्टी एजेंट को अपना वोट नहीं दिखाया तो उनका वोट रद्द हो जाएगा। वहीं, अगर कोई विधायक दो प्रत्याशियों के नाम के आगे चिह्न लगाते हैं तो वह मत भी रद्द हो जाएगा। इसके अलावा पार्टीलाइन से हटकर दूसरे प्रत्याशी को मतदान करने पर वोट तो रद्द होगा ही संबंधित विधायक की सदस्यता रद्द करने की पार्टी सिफारिश भी कर सकती है।
10.00 AM Jharkhand Rajyasabha Chunav Live: मॉक पोल में बैद्यनाथ को 29, प्रणव को 25 मत
सीएम आवास में इंडिया गठबंधन के विधायकों और नेताओं की बैठक में झामुमो उम्मीदवार बैद्यनाथ राम और कांग्रेस प्रत्याशी प्रणव झा के साथ मौजूूद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन। संसदीय कार्य मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने बैठक के बाद पत्रकारों को बताया कि चुनावी रणनीति को अंतिम रूप देने के लिए लगातार दूसरे दिन भी मॉक पोल कराया गया। इस अभ्यास का उद्देश्य विधायकों को राज्यसभा चुनाव की मतदान प्रक्रिया से पूरी तरह अवगत कराना और वोटिंग के दौरान किसी प्रकार की त्रुटि की संभावना को समाप्त करना था। मॉक पोल में झामुमो प्रत्याशी बैद्यनाथ राम को 29 मत मिले, जबकि कांग्रेस प्रत्याशी प्रणव झा को 25 वोट प्राप्त हुए। इस अभ्यास के जरिए महागठबंधन ने अपने विधायकों को यह समझाया कि किस प्रकार प्राथमिकता के आधार पर मतदान करना है ताकि दोनों उम्मीदवारों की जीत सुनिश्चित की जा सके।
9.45 AM Jharkhand Rajyasabha Chunav Live: कांग्रेस के विधायक एक बस में पहुंचे विधानसभा
झारखंड की दो राज्यसभा सीटों के लिए वोटिंग शुरू हो गई है। एनडीए समर्थित प्रत्याशी परिमल नथवानी भी विधानसभआ परिसर में पहुंच गए हैं। परिमल ने अपनी जीत का दावा किया है। इस दौरान कांग्रेस के सभी 16 विधायक भी एक बस से विधानसभा परिसर पहुंचे हैं।
9.40 AM Jharkhand Rajyasabha Chunav Live: मतदान सुबह नौ बजे से शुरू हो गया है, मतगणना शाम 5 बजे से
राज्यसभा की दो सीटों के लिए मतदान गुरुवार सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक विधानसभा परिसर में होगा। मतदान समाप्त होने के बाद रिपोर्ट चुनाव आयोग को भेजी जाएगी। आयोग की अनुमति के बाद शाम करीब 5 बजे मतगणना शुरू होगी।
9.25 AM Jharkhand Rajyasabha Chunav Live: तीनों प्रत्याशियों के लिए क्या बन रहे समीकरण
परिमल नथवानी
एनडीए के पास 24 वोट हैं यानी नथवानी को जीत के लिए चार अतिरिक्त वोटों की जरूरत होगी। द्वितीय और तृतीय प्राथमिकता के वोट मिलने पर समीकरण बदल सकते हैं। चार मिल गए तो नथवानी विजेता हो सकते हैं।
प्रणव झा
महागठबंधन के कुल 56 वोट में से बैद्यनाथ राम को 28 वोट मिलने के बाद शेष 28 वोट प्रणव झा को मिलने पर वह जीत सकते हैं। यही वजह है कि गठबंधन पूरी तरह एकजुट रहने की फुलप्रूफ रणनीति बनाने में जुटा हुआ है।
बैद्यनाथ राम
झामुमो के 34 विधायक उनके पक्ष में वोट करते हैं तो जीत के लिए जरूरी 28 मत का आंकड़ा वे आराम से पार कर जाते हैं। उनके खाते में छह अतिरिक्त वोट बचते हैं। जिसका उपयोग दूसरी सीट पर प्रणव झा के लिए हो सकता है।
9.15 AM Jharkhand Rajyasabha Chunav Live: क्रॉस वोटिंग की आशंका ने बढ़ाई बेचैनी
राज्यसभा चुनाव में खुला मतदान होता है और मतदान की प्रक्रिया सामान्य विधानसभा चुनावों से अलग होती है। ऐसे में किसी भी प्रकार की तकनीकी गलती या क्रॉस वोटिंग चुनावी परिणाम को प्रभावित कर सकती है। यही कारण है कि दोनों गठबंधन ने अपने विधायकों को एकजुट रखने की रणनीति अपनाई। साथ ही दल के विश्वसनीय नेताओं को मतदान प्रक्रिया के लिए पार्टी एजेंट बनाया है। चर्चा है कि दूसरी सीट का परिणाम केवल संख्या नहीं, बल्कि विधायकों की निष्ठा से भी तय होगा। इसी वजह से दोनों खेमों ने अपने विधायकों पर निगरानी और संवाद बनाए रखा है। एनडीए विधायकों को होटल में दो दिनों से ठहराया गया है।
9.00 AM Jharkhand Rajyasabha Chunav Live: 56 विधायक एकजुट, क्रॉस वाेटिंग की कोई संभावना नहीं: महागठबंधन
Jharkhand Rajyasabha Chunav: राज्यसभा चुनाव को लेकर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के आवास पर दूसरे दिन बुधवार को भी इंडिया गठबंधन (महागठबंधन) के विधायकों और नेताओं की बैठक हुई। बैठक में सत्ता पक्ष ने एकजुटता का प्रदर्शन करते हुए स्पष्ट संदेश दिया कि गठबंधन के सभी विधायक एक साथ हैं और राज्यसभा चुनाव में दोनों प्रत्याशियों की जीत सुनिश्चित करेंगे।
झामुमो महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य और महासचिव विनोद पांडेय ने बताया कि सभी विधायक अपने-अपने घर में रहेंगे और 10 बजे तक सभी विधानसभा पहुंचेंगे। होटल में विधायकों को रखना और एक साथ जाने की जरूरत नहीं है।
लेखक के बारे में
Mohammad Azamसंक्षिप्त विवरण
मोहम्मद आजम पिछले 3.5 सालों से पत्रकारिता कर रहे हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम में बतौर कंटेंट प्रोडूसर काम कर रहे हैं।
विस्तृत बायो
परिचय और अनुभव: मोहम्मद आजम पिछले तीन सालों से ज्यादा समय से पत्रकारिता कर रहे हैं। कम समय में आजम ने पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया की बारीकियां सीखी हैं और अब भारत के अग्रणी समाचार संस्थान ‘लाइव हिन्दुस्तान’ (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में स्टेट न्यूज टीम में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि
आजम ने ग्रेजुएशन तक विज्ञान की पढ़ाई की है, लेकिन राजनीतिक विषयों में रुचि उनको पत्रकारिता की तरफ खींच लाई। आजम ने अपना पोस्ट ग्रेजुएशन देश के अग्रणी संस्थानों में से एक भारतीय जनसंचार संस्थान से पूरा किया। विज्ञान बैकग्राउंड होने के चलते आजम को फैक्ट आधारित पत्रकारिता करने में महारत हासिल है।
राजनीतिक पत्रकारिता में आजम
आजम की देश की राजनीति में काफी रुचि है। आजादी के पहले से लेकर आजादी के बाद की राजनीतिक घटनाओं की कई किताबों का अध्ययन होने के चलते अच्छी समझ है। यही कारण रहा कि आजम ने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत राजनीतिक बीट से की। राजनीति के साथ आजम क्राइम और सोशल मीडिया पर वायरल चल रही खबरों में भी अच्छी महारत हासिल है।
पत्रकारिता का उद्देश्य
आजम का मानना है कि पत्रकारिता जनपक्षीय होनी चाहिए। पत्रकारिता के दौरान अपनी भावनाओं को काबू में रखकर तथ्य आधारित पत्रकारिता आजम को जिम्मेदार बनाती है। पत्रकारिता में आजम तथ्य आधारित सूचनाएं पहुंचाने के साथ ही, साहित्यिक लेखन में भी महारत हासिल है।
विशेषज्ञता ( Area of Expertise )
पॉलिटिकल और क्राइम की खबरें
राजनीति से जुड़े लोगों के इंटरव्यू
क्राइम और वायरल खबरें
पॉलिटिकल एक्सप्लेनर


