रांची में राहुल और सोरेन का फूंका पुतला; सरकार फिर करेगी बातचीत, छात्रों को न्योता
झारखंड में भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों को लेकर जारी विरोध प्रदर्शन अब तीखा होता नजर आ रहा है। रांची में छात्रों ने मार्च निकाल कर आक्रोश जताते हुए CM हेमंत सोरेन, राहुल गांधी और तेजस्वी यादव का पुतला फूंका।
झारखंड में भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों के खिलाफ जारी छात्रों का विरोध प्रदर्शन तीखा होता जा रहा है। JPSC-JSSC रिफॉर्म्स मंच के विरोध प्रदर्शन के 23वें दिन छात्रों ने रांची में विरोध मार्च निकालकर सीएम हेमंत सोरेन, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और RJD नेता तेजस्वी यादव के पुतले जलाए। इस बीच हेमंत सोरेन सरकार ने छात्रों को एक बार फिर बातचीत का न्यौता दिया है। अधिकारियों ने बताया कि सरकार ने छात्रों को 17 अगस्त को बातचीत के नए दौर के लिए आमंत्रित किया है।
मांगों से नहीं हटेंगे पीछे
सोरेन सरकार ने छात्रों को उनके कानूनी सलाहकार के साथ वार्ता के लिए सोमवार को बुलाया है। दोपहर में दो बजे सरकार और छात्रों के बीच बातचीत होगी। JPSC-JSSC सुधार मंच के नेता रवींद्र पासवान ने बताया कि हम लोग छात्र हैं। हम छात्रों के मुद्दों के लिए संघर्ष कर रहे हैं। सरकार हम लोगों के साथ बातचीत करना चाहती है। ऐसे में हम भी सरकार से बातचीत करने के लिए तैयार हैं। हालांकि हम सरकार को यह भी बता देना चाहते हैं कि किसी सूरत में अपनी मांगों से पीछे नहीं हटेंगे।
20 तारीख को CM आवास घेरने की चेतावनी
JPSC-JSSC सुधार मंच के नेता रवींद्र पासवान ने कहा कि यदि सरकार 18 तारीख तक हमारी मांगें नहीं मानती है तो 20 तारीख को मुख्यमंत्री आवास के घेराव के लिए छात्रों का एक ऐतिहासिक जमावड़ा होगा। हम सीएम हेमंत सोरेन के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। हम यह भी मांग करते हैं कि यदि मुख्यमंत्री बात नहीं सुन रहे हैं तो राहुल गांधी को JMM की अगुवाई वाले गठबंधन से समर्थन वापस ले लेना चाहिए। जब तक सरकार मांगों पूरा नहीं करती प्रदर्शन जारी रहेगा।
हेमंत सोरेन, राहुल गांधी और तेजस्वी यादव के पुतले जलाए
प्रदर्शनकारियों ने हेमंत सोरेन सरकार पर मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया। आंदोलन के 23वें दिन प्रदर्शनकारियों ने जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम से अल्बर्ट एक्का चौक तक मशाल जुलूस निकाला और वहां हेमंत सोरेन, राहुल गांधी और तेजस्वी यादव के पुतले जलाए। छात्रों ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सरकार ने मांगें नहीं मानी तो वे 20 अगस्त को मुख्यमंत्री आवास का घेराव करेंगे और सीएम के इस्तीफे की मांग करेंगे।
छात्रों में भारी आक्रोश, इनको नहीं रोक सकते
एक छात्र नेता ने हेमंत सोरेन सरकार को आगाह करते हुए कहा कि आज छात्रों में गुस्सा देखा जा सकता है। अब तो हम भी इस गुस्से को काबू नहीं कर सकते हैं क्योंकि सरकार मुद्दों को लेकर गंभीर नहीं है।
संतोष कुमार मस्ताना का सस्पेंशन हटाए सरकार
बता दें कि विरोध प्रदर्शन की अगुवाई कर रहे प्रमुख छात्र संगठन 'JPSC-JSSC रिफॉर्म्स मंच' का कहना है कि उसकी मुख्य मांगों में 14वीं JPSC परीक्षा को रद्द करना, सभी परीक्षाओं की CBI जांच कराना, जांच रिपोर्ट सार्वजनिक करना और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करना शामिल है। यही नहीं छात्र वित्त विभाग के सेक्शन ऑफिसर और व्हिसलब्लोअर संतोष कुमार मस्ताना के सस्पेंशन को रद्द करने और उनके खिलाफ दर्ज मामलों को वापस लेने की भी मांग कर रहे हैं।


