झारखंड में बड़ी कार्रवाई, राहुल दुबे गैंग के 10 क्रिमिनल गिरफ्तार; हथियारों का जखीरा बरामद

Jan 08, 2026 04:11 pm ISTSubodh Kumar Mishra लाइव हिन्दुस्तान, हजारीबाग
share

झारखंड पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए राहुल दुबे गैंग के 10 बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से भारी मात्रा में हथियार बरामद किए हैं। पुलिस अधिकारी ने बताया कि बदमाशों पर प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।

झारखंड में बड़ी कार्रवाई, राहुल दुबे गैंग के 10 क्रिमिनल गिरफ्तार; हथियारों का जखीरा बरामद

झारखंड पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए राहुल दुबे गैंग के 10 बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से भारी मात्रा में हथियार बरामद किए हैं। पुलिस अधिकारी ने बताया कि बदमाशों पर प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।

हजारीबाग जिले के उरीमारी थाना क्षेत्र में हुई फायरिंग की घटना का पर्दाफाश करते हुए हजारीबाग पुलिस ने कुख्यात राहुल दुबे गैंग के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने इस मामले में 10 अपराधियों को गिरफ्तार किया है तथा भारी मात्रा में हथियार और कारतूस बरामद किए हैं।

हजारीबाग पुलिस अधीक्षक कार्यालय द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 31 दिसंबर 2025 की रात करीब 4:30 बजे उरीमारी ओपी क्षेत्र अंतर्गत दसई मांझी के घर के पास फायरिंग की घटना हुई थी। इस घटना की जिम्मेदारी राहुल दुबे गैंग द्वारा ली गई थी। घटना के बाद पीड़ित के आवेदन पर बड़कागांव (उरीमारी ओपी) कांड संख्या 286/25 दर्ज कर जांच शुरू किया गया।

कांड के खुलासे और अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में एक एसआईटी टीम का गठन किया गया। टीम द्वारा उरीमारी, गिद्दी, बड़कागांव एवं केरेडारी थाना क्षेत्र में लगातार छापेमारी अभियान चलाया गया।

इसी क्रम में 07 जनवरी 2026 को गुप्त सूचना के आधार पर बड़कागांव फुटबॉल मैदान के पास छापेमारी की गई। यहां राहुल दुबे गिरोह के सक्रिय सदस्य हथियार के साथ किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में जुटे थे। पुलिस को देखते ही अपराधी भागने लगे, लेकिन पुलिस बल ने घेराबंदी कर 10 अपराधियों को मौके से धर दबोचा। कुछ अंधेरे और जंगल का लाभ उठाकर फरार हो गए।

गिरफ्तार अपराधियों की पहचान शिवराज उर्फ शिवा, प्रीत कुमार उर्फ पवन कुमार, पियूष कुमार सिंह, प्रेम कुमार, बादल, विक्रम कुमार राम, मोहित सिंह, राजू कुमार, विशाल कुमार एवं मनोज कुमार के रूप में की गई है। तलाशी के दौरान फायरिंग में प्रयुक्त हथियार भी बरामद किए गए।

इस मामले में बड़कागांव (उरीमारी ओपी) कांड संख्या 01/26 के तहत आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर सभी अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।

Subodh Kumar Mishra

लेखक के बारे में

Subodh Kumar Mishra

सुबोध कुमार मिश्रा पिछले 19 साल से हिंदी पत्रकारिता में योगदान दे रहे हैं। वर्तमान में वह 'लाइव हिन्दुस्तान' में स्टेट डेस्क पर बतौर चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर अपनी सेवाएं दे रहे हैं। दूरदर्शन के 'डीडी न्यूज' से इंटर्नशिप करने वाले सुबोध ने पत्रकारिता की विधिवत शुरुआत 2007 में दैनिक जागरण अखबार से की। दैनिक जागरण के जम्मू एडीशन में बतौर ट्रेनी प्रवेश किया और सब एडिटर तक का पांच साल का सफर पूरा किया। इस दौरान जम्मू-कश्मीर को बहुत ही करीब से देखने और समझने का मौका मिला। दैनिक जागरण से आगे के सफर में कई अखबारों में काम किया। इनमें दिल्ली-एनसीआर से प्रकाशित होने वाली नेशनल दुनिया, नवोदय टाइम्स (पंजाब केसरी ग्रुप), अमर उजाला और हिन्दुस्तान जैसे हिंदी अखबार शामिल हैं। अखबारों के इस लंबे सफर में खबरों को पेश करने के तरीकों से पड़ने वाले प्रभावों को काफी बारीकी से समझने का मौका मिला।

ज्यादातर नेशनल और स्टेट डेस्क पर काम करने का अवसर मिलने के कारण राजनीतिक और सामाजिक विषयों से जुड़ी खबरों में दिलचस्पी बढ़ती गई। कई लोकसभा और विधानसभा चुनावों की खबरों की पैकेजिंग टीम का हिस्सा रहने के कारण भारतीय राजनीति के गुणा-भाग को समझने का मौका मिला।

शैक्षणिक योग्यता की बात करें तो सुबोध ने बीएससी (ऑनर्स) तक की अकादमिक शिक्षा हासिल की है। साइंस स्ट्रीम से पढ़ने के कारण उनके पास चीजों को मिथ्यों से परे वैज्ञानिक तरीके से देखने की समझ है। समाज से जुड़ी खबरों को वैज्ञानिक कसौटियों पर जांचने-परखने की क्षमता है। उन्होंने मास कम्यूनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा किया है। इससे उन्हें खबरों के महत्व, खबरों के एथिक्स, खबरों की विश्वसनीयता और पठनीयता आदि को और करीब से सीखने और लिखने की कला में निखार आया। सुबोध का मानना है कि खबरें हमेशा प्रमाणिकता की कसौटी पर कसा होना चाहिए। सुनी सुनाई और कल्पना पर आधारित खबरें काफी घातक साबित हो सकती हैं, इसलिए खबरें तथ्यात्मक रूप से सही होनी चाहिए। खबरों के चयन में क्रॉस चेकिंग को सबसे महत्वपूर्ण कारक मानने वाले सुबोध का काम न सिर्फ पाठकों को केवल सूचना देने भर का है बल्कि उन्हें सही, सुरक्षित और ठोस जानकारी उपलब्ध कराना भी है।

और पढ़ें