झारखंड में बदला मौसम, बारिश ने गर्मी से दिलाई राहत; कल ओलावृष्टि और आंधी के आसार
Jharkhand Weather: रांची समेत झारखंड के कई हिस्सों में सोमवार को हल्की बूंदाबांदी हुई। जबकि, राज्य के कई हिस्सों में पिछले 24 घंटे के अंतराल में आंधी और मेघगर्जन जैसी स्थिति रही। हालांकि, कुछ जिलों में सोमवार को उष्ण लहर की स्थिति रही

रांची समेत झारखंड के कई हिस्सों में सोमवार को हल्की बूंदाबांदी हुई। जबकि, राज्य के कई हिस्सों में पिछले 24 घंटे के अंतराल में आंधी और मेघगर्जन जैसी स्थिति रही। हालांकि, कुछ जिलों में सोमवार को उष्ण लहर की स्थिति रही। रांची में दिनभर आसमान में बादल छाए रहे। कोकर, बूटी मोड़, लालपुर, कांटाटोली सहित कई इलाकों में बूंदाबांदी हुई, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली।
बूंदाबांदी के बाद शाम में ठंडी हवा चली, जिससे मौसम सुहावना रहा। इस दौरान रांची में अधिकतम 33.6 और न्यूनतम 20.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि, राज्य के अन्य हिस्सों में भी पूरे दिनभर अधिकतम 31 डिग्री सेल्सियस से अधिक रहा, इसलिए पूरे राज्य में गर्मी का एहसास हुआ। पूर्वानुमान है कि 18 को मौसम साफ रहेगा। लेकिन, 19 मार्च को उत्तर-पश्चिमी भाग पलामू, गढ़वा, चतरा, कोडरमा, लातेहार, लोहरदगा जिलों के लिए मेघ गर्जन, ओलावृष्टि और तेज हवा का येलो अलर्ट जारी किया गया है।
इसके अलावा मध्य भाग रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी और रामगढ़ में भी असर पड़ेगा। यहां ओलावृष्टि, मेघगर्जन के साथ तेज हवा चलेगी, जिसकी रफ्तार 30-40 किलोमीटर प्रतिघंटा होगी। रांची समेत राज्य के कई हिस्सों में मौसम खराब 21 मार्च तक रहने की चेतावनी दी गई है। मौसम विभाग के अनुसार, 22 से मौसम में बदलाव होने की संभावना है, जिसके बाद तापमान में बढ़ोतरी हो सकती है।
दिन में गर्मी से मिल सकती है थोड़ी राहत: डॉ अशोक
मौसम पूर्वानुमान के अनुसार यह सप्ताह धूप- छांव वाला रहेगा। दिन में गर्मी से थोड़ी राहत मिल सकती है। दिन का तापमान 34-35 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। वहीं रात का तापमान 17-20 डिग्री के बीच रहने की संभावना है। वहीं कहीं-कहीं बूंदाबांदी या हल्की वर्षा हो सकती है। यह जानकारी कृषि विज्ञान केंद्र के वरीय वैज्ञानिक डॉ. अशोक कुमार ने दी। उन्होंने बताया कि 21 मार्च को मध्यम वर्षा का पूर्वानुमान जताया जा रहा है। उन्होंने किसानों को सलाह दी है कि इस सप्ताह रबी फसलों की कटाई न करें।