झारखंड में भारी बारिश का कहर! कई जिलों में बाढ़ जैसे हालात; टूट गईं पुल और सड़कें
झारखंड के मौसम को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान भारी बारिश के कारण झारखंड में कई जिलों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। सैकड़ों घरों में पानी घुस गया है।

Jharkhand Mausam: झारखंड के कई जिलों में मूसलाधार बारिश से नदियां उफान पर हैं। पानी की तेज धार में कई जगहों पर सड़कें टूट गई हैं, वहीं कई जगह पुल-पुलिया को नुकसान पहुंचा है। गढ़वा के रंका प्रखंड में टुकवा नदी पर बना पुल सोमवार को ध्वस्त हो गया। खूंटी के अड़की में भी एक पुल टूटने की खबर है। कोल्हान व संताल में भी कई पुल-पुलिया डूबने के अलावा सड़कें क्षतिग्रस्त होने की खबर है। कई जगह खेतों में लगी धान की फसलें बर्बाद हो गईं। कतरास में भू-धंसान की घटनाएं हुईं। वहीं कई जगह कच्चे मकान गिरे हैं।
इन जिलों के सैकड़ों घरों में भरा पानी
कोल्हान में चाईबासा, चक्रधरपुर और जैतगढ़ के राजाबासा में सैकड़ों घरों में पानी भर गया है, वहीं सोनुवा में दो कच्चे मकान ढह गए। प्रशासन ने आदित्यपुर के निचले और डूब क्षेत्र में हाई अलर्ट जारी किया है। ओडिशा के रायरंगपुर में अत्यधिक बारिश से डैम से भारी मात्रा में पानी छोड़ेने से खरकई नदी का जल स्तर बढ़ रहा है। मुसाबनी में शंख नदी का जलस्तर बढ़ने से बाकड़ा, फुलझरी पुल, देवली का पुराना पुल डूब गया है। बाकड़ा पुल के ऊपर से करीब 6 फीट पानी बह रहा है। पुल डूबने से कई गांवों का संपर्क मुसाबनी से कट गया है। जमशेदपुर के कई इलाकों में भी लोगों को अलर्ट कर दिया गया है। उधर, धनबाद समेत बोकारो के कई प्रमुख इलाकों में जलजमाव से लोगों की मुश्किलें बढ़ गईं। साहिबगंज के दियारा के लोग परिवार समेत अपने घरों का सामान समेट दूसरी जगह शिफ्ट हुए हैं।
आज भी बारिश-वज्रपात का अलर्ट
मौसम केंद्र ने मंगलवार को भी रांची समेत गढ़वा, पलामू, लातेहार, लोहरदगा, गुमला, सिमडेगा, सिंहभूम, खूंटी, चतरा जिलों में बारिश, वज्रपात की चेतावनी जारी की है। कहीं-कहीं तेज हवा चल सकती है।
तूफानी हवाएं भी चलेंगी
30-40 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है। इधर, रांची में सोमवार को 13 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। सुबह से शाम तक रुक-रुक बारिश होती रही। जमशेदपुर में 17.6, डाटनगंज में 74.4, बोकारो में 80, देवघर में 6.5, कोडरमा में 17.5, हजारीबाग में 24, खूंटी में दो, लातेहार में 22.5, सरायकेला में 11 मिलीमीटर बारिश का आंकड़ा दर्ज हो पाया।
कतरास के लकड़का और कैलूडीह में भू-धंसान
संताल-कोयलांचल में बारिश से भारी नुकसान हुआ है। धनबाद के कतरास स्थित लकड़का व कैलूडीह में भू-धंसान हुई, जिससे एक मवेशी गोफ में समा गया। मुराईडीह में एक कच्चा घर ढह गया। बोकारो में जलस्तर बढ़ने से तेनुघाट डैम के आठ रेडियल और एक अंडर स्लुईस गेट खोले गए हैं।
कोल्हान में कई जगह पुल डूबे, घरों में भी घुसा पानी
सरायकेला में खरकई नदी खतरे के निशान से 2.03 मीटर ऊपर है। बांकाबल और खरकई डैम के गेट खोल दिए गए हैं। खापरसाई पुलिया जलमग्न होने से यातायात ठप है। चक्रधरपुर, चाईबासा व जैंतगढ़ के दर्जनों घरों में पानी घुसा है। घाटशिला और मुसाबनी में देवली, बड़ाजुड़ी व बाकड़ा पुल डूब गया है।
गढ़वा के रंका में टुकवा पुल व खूंटी के अड़की में पुल टूटा
गढ़वा के रंका स्थित सिरोईकला में टुकवा नदी पर बना पुल बाढ़ के दबाव में ध्वस्त हो गया। इससे चरक पथली, टिकर चोइया व सिरोई कला गांवों का प्रखंड मुख्यालय से संपर्क कट गया है। सर्वाधिक परेशानी तीन गांव के लोगों के अलावा स्कूली बच्चों की बढ़ गई है। खूंटी के अड़की में भी एक पुल टूटने की खबर है। इधर रांची में सोमवार को दिनभर रुक-रुक कर बारिश होती रही। कुल 13 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने रांची, गढ़वा, पलामू, लातेहार, गुमला, सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम समेत कई जिलों में मंगलवार के लिए भी बारिश की चेतावनी जारी की है।


