सड़कों की मरम्मत कब होगी? रांची के खस्ताहाल रास्तों पर हाई कोर्ट सख्त; मांग लिया जवाब

Feb 06, 2026 08:30 am ISTMohammad Azam लाइव हिन्दुस्तान, रांची
share Share
Follow Us on

रांची शहर की सड़कों, पुल-पुलियों और नागरिक सुविधाओं की बदहाल स्थिति को लेकर झारखंड हाईकोर्ट ने कड़ा रुख अपनाया है। अदालत ने राज्य सरकार से रांची के कई इलाकों में सड़क निर्माण और मरम्मत कार्यों की प्रगति पर विस्तृत जवाब मांगा है।

सड़कों की मरम्मत कब होगी? रांची के खस्ताहाल रास्तों पर हाई कोर्ट सख्त; मांग लिया जवाब

रांची शहर की सड़कों, पुल-पुलियों और नागरिक सुविधाओं की बदहाल स्थिति को लेकर झारखंड हाईकोर्ट ने कड़ा रुख अपनाया है। अदालत ने राज्य सरकार से राजधानी के कई इलाकों में सड़क निर्माण और मरम्मत कार्यों की प्रगति पर विस्तृत जवाब मांगा है। मामले की सुनवाई चीफ जस्टिस की अध्यक्षता वाली खंडपीठ में हुई।

मामले में सरकार को निर्देश दिया कि वह बताये कि शहर की जर्जर सड़कों की मरम्मत कब तक पूरी की जाएगी। मामले की अगली सुनवाई 26 फरवरी को निर्धारित की गई है, जिसमें नगर विकास विभाग और पथ निर्माण विभाग को अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करनी होगी।

अदालत को जानकारी दी गई कि रांची के कई प्रमुख इलाकों जैसे बरियातू, रातू रोड, बिरसा चौक, हरमू रोड, किशोरगंज, मोरहाबादी, कांके रोड, डोरंडा, पुंदाग, रातू, अरगोड़ा, बूटी मोड़, कांटाटोली, खेलगांव सहित अन्य क्षेत्रों में लगभग 50 हजार लोग बिना सुगम सड़क और बुनियादी सुविधाओं के रहने को मजबूर हैं। खराब सड़कों के कारण रोजाना जाम, दुर्घटनाएं और जलजमाव जैसी समस्याएं उत्पन्न हो रही हैं। याचिकाकर्ता की ओर से कोर्ट को बताया गया कि कई मुख्य मार्गों की स्थिति इतनी खराब है कि हल्की बारिश में भी वाहन फंस जाते हैं। इस पर अदालत ने सरकार से पूछा कि अब तक सड़कों के सुधार के लिए क्या ठोस कदम उठाए गए हैं। कोर्ट ने राज्य सरकार को एक सप्ताह के भीतर विस्तृत शपथ पत्र दायर करने का निर्देश दिया है।

झारखंड हाईकोर्ट में मेसर्स अमलगम स्टील्स एंड पावर लिमिटेड और मेसर्स अमलगम स्टील्स प्राइवेट लिमिटेड द्वारा बिजली उत्पादन और बिक्री में इलेक्ट्रिसिटी एक्ट के नियमों का उल्लंघन कर राज्य सरकार को लगभग 500 करोड़ रुपये का नुकसान पहुंचाने के आरोपों से जुड़ी जनहित याचिका पर गुरुवार को सुनवाई हुई। चीफ जस्टिस एमएस सोनक और जस्टिस राजेश शंकर की खंडपीठ ने मामले की सुनवाई करते हुए जेबीवीएनएल, दोनों कंपनियों और याचिकाकर्ता की संयुक्त बैठक कर वास्तविक राजस्व घाटे का आकलन करने का निर्देश दिया है। अदालत ने मामले की अगली सुनवाई 16 जून को निर्धारित की है।

एनर्जी वॉच डॉग नामक संस्था द्वारा दायर इस याचिका में आरोप लगाया गया है कि दोनों कंपनियां नियमों की अनदेखी कर आपस में बिजली का लेन-देन कर रही हैं, जिससे राज्य सरकार को भारी वित्तीय क्षति हुई है। जेबीवीएनएल ने शपथ पत्र के माध्यम से अदालत को बताया कि कंपनी को शोकॉज नोटिस जारी किया गया है और अब तक की जांच में लगभग 284 करोड़ रुपये के राजस्व नुकसान की बात सामने आई है। अदालत ने कहा कि यदि राज्य को राजस्व का घाटा हुआ है तो यह निश्चित रूप से जनहित का विषय है, इसलिए याचिका सुनवाई योग्य है।

याचिकाकर्ता की ओर से अधिवक्ता विपुल पोद्दार ने तर्क दिया कि दोनों कंपनियां सिस्टर कंसर्न हैं और नियमों का उल्लंघन कर अवैध तरीके से बिजली की बिक्री कर रही हैं, जिससे राज्य को करीब 500 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है।

नक्शा पास करने के अधिकार पर कोर्ट का हस्तक्षेप

रांची। झारखंड हाईकोर्ट ने जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति (जेएनएसी) द्वारा भवन निर्माण का नक्शा पास किए जाने के अधिकार पर सवाल उठाते हुए मामले में महत्वपूर्ण अंतरिम आदेश पारित किया है। कोर्ट ने जेएनएसी द्वारा पास किए गए एक भवन नक्शे पर फिलहाल रोक लगा दी है। कहा है कि जब तक यह स्पष्ट नहीं हो जाता कि नगर निकाय पुनर्गठन के बाद जेएनएसी को नक्शा पास करने का वैधानिक अधिकार है या नहीं, तब तक संबंधित मामले में कोई आगे की कार्रवाई नहीं की जाएगी। सुंदर लाल कोठारी और अन्य द्वारा दायर रिट याचिका पर सुनवाई करते हुए जस्टिस राजेश कुमार की पीठ ने नगर विकास विभाग को भी इस मामले में प्रतिवादी बनाने का आदेश दिया है। साथ ही बिल्डर और टेक्निकल प्रबंधक को भी नोटिस जारी किया गया है। याचिकाकर्ताओं का आरोप है कि बिल्डर और जेएनएसी अधिकारियों की मिलीभगत से उनकी रैयती जमीन पर अवैध रूप से नक्शा पास कर दिया गया। जबकि, उन्होंने इसके लिए कोई आवेदन ही नहीं दिया था। उनका कहना है कि बिल्डर को नक्शा पास होने की सूचना नहीं दी गई और बिना उचित प्रक्रिया अपनाए उनकी जमीन पर निर्माण कार्य शुरू करा दिया गया है।

Mohammad Azam

लेखक के बारे में

Mohammad Azam

संक्षिप्त विवरण

मोहम्मद आजम पिछले 3.5 सालों से पत्रकारिता कर रहे हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम में बतौर कंटेंट प्रोडूसर काम कर रहे हैं।


विस्तृत बायो

परिचय और अनुभव: मोहम्मद आजम पिछले तीन सालों से ज्यादा समय से पत्रकारिता कर रहे हैं। कम समय में आजम ने पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया की बारीकियां सीखी हैं और अब भारत के अग्रणी समाचार संस्थान ‘लाइव हिन्दुस्तान’ (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में स्टेट न्यूज टीम में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।


शैक्षणिक पृष्ठभूमि

आजम ने ग्रेजुएशन तक विज्ञान की पढ़ाई की है, लेकिन राजनीतिक विषयों में रुचि उनको पत्रकारिता की तरफ खींच लाई। आजम ने अपना पोस्ट ग्रेजुएशन देश के अग्रणी संस्थानों में से एक भारतीय जनसंचार संस्थान से पूरा किया। विज्ञान बैकग्राउंड होने के चलते आजम को फैक्ट आधारित पत्रकारिता करने में महारत हासिल है।


राजनीतिक पत्रकारिता में आजम

आजम की देश की राजनीति में काफी रुचि है। आजादी के पहले से लेकर आजादी के बाद की राजनीतिक घटनाओं की कई किताबों का अध्ययन होने के चलते अच्छी समझ है। यही कारण रहा कि आजम ने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत राजनीतिक बीट से की। राजनीति के साथ आजम क्राइम और सोशल मीडिया पर वायरल चल रही खबरों में भी अच्छी महारत हासिल है।


पत्रकारिता का उद्देश्य

आजम का मानना है कि पत्रकारिता जनपक्षीय होनी चाहिए। पत्रकारिता के दौरान अपनी भावनाओं को काबू में रखकर तथ्य आधारित पत्रकारिता आजम को जिम्मेदार बनाती है। पत्रकारिता में आजम तथ्य आधारित सूचनाएं पहुंचाने के साथ ही, साहित्यिक लेखन में भी महारत हासिल है।


विशेषज्ञता ( Area of Expertise )

पॉलिटिकल और क्राइम की खबरें
राजनीति से जुड़े लोगों के इंटरव्यू
क्राइम और वायरल खबरें
पॉलिटिकल एक्सप्लेनर

और पढ़ें