14000 करोड़ के नुकसान का दावा, MMDR एक्ट के खिलाफ झारखंड में कांग्रेस का हल्लाबोल
MMDR Act 2026: झारखंड कांग्रेस ने MMDR संशोधन अधिनियम 2026 के खिलाफ राज्य के सभी 24 जिलों में प्रदर्शन किया। कांग्रेस ने दावा किया कि कानून से झारखंड के खजाने को करीब 14 हजार करोड़ रुपये का नुकसान हो सकता है और इसका असर स्वास्थ्य, शिक्षा, आवास, पेंशन समेत कई कल्याणकारी योजनाओं पर पड़ेगा।

MMDR Act 2026: दिल्ली के जंतर-मंतर के बाद झारखंड की राजधानी रांची में छात्रों ने धरना-प्रदर्शन किया। अब झारखंड के 24 जिलों में कांग्रेस ने हल्लाबोल प्रदर्शन शुरू कर दिया है। ऐसे में सबसे बड़ा सवाल है, आखिर जेएमएम के समर्थन वाली कांग्रेस ने राज्य की सड़कों पर उतरकर किसका विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया है। दरअसल, झारखंड में खनिज संपदा से जुड़े कर और उपकर के अधिकारों को लेकर कांग्रेस ने केंद्र सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।
झारखंड कांग्रेस ने गुरुवार को राज्य के सभी 24 जिलों में प्रदर्शन किया। पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जिला समाहरणालयों के सामने दिनभर धरना दिया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के नाम ज्ञापन सौंपकर मामले में हस्तक्षेप की मांग की। कांग्रेस का आरोप है कि केंद्र सरकार का नया खनन कानून झारखंड के हितों के खिलाफ है और इससे राज्य के खजाने को बड़ा आर्थिक नुकसान हो सकता है। दावा है कि इससे करीब 14000 करोड़ रुपये का नुकसान होगा।
किस कानून का विरोध कर रही कांग्रेस?
कांग्रेस का विरोध माइंस एंड मिनरल्स (डेवलपमेंट एंड रेगुलेशन) संशोधन अधिनियम, 2026 (MMDR Act) को लेकर है। पार्टी का कहना है कि इस कानून के जरिए राज्यों के खनिज अधिकारों और खनिज वाले भूखंडों पर कर लगाने के अधिकार को सीमित किया जा रहा है। झारखंड जैसे खनिज बहुल राज्य के लिए कांग्रेस इसे आर्थिक रूप से नुकसानदेह बता रही है।
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि सभी 24 जिलों के समाहरणालयों पर प्रदर्शन किया गया। उन्होंने दावा किया कि यह कानून झारखंड के लोगों के हित में नहीं है और इससे राज्य के राजस्व को बड़ा नुकसान होगा।
14 हजार करोड़ रुपये के नुकसान का दावा
प्रदर्शन में शामिल पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सुबोध कांत सहाय ने दावा किया कि MMDR कानून के कारण झारखंड के खजाने को करीब 14 हजार करोड़ रुपये का नुकसान होगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने मौजूदा वित्त वर्ष में खनिजों से मिलने वाले उपकर यानी सेस के जरिए करीब 14 हजार करोड़ रुपये की आय का अनुमान लगाया था।
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि खनिजों से मिलने वाला यह राजस्व राज्य की कई कल्याणकारी योजनाओं के लिए महत्वपूर्ण है। पार्टी के मुताबिक, राजस्व में कमी आने का सीधा असर स्वास्थ्य, शिक्षा, आवास और पेंशन जैसी योजनाओं पर पड़ सकता है। कांग्रेस ने विशेष रूप से ‘मंइयां सम्मान योजना’ जैसी योजनाओं पर भी इसके संभावित असर की बात कही है।
रांची में निकाला मार्च, समाहरणालय पर धरना
राजधानी रांची में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश के नेतृत्व में मोराबादी मैदान स्थित बापू वाटिका से विरोध मार्च निकाला। करीब दो किलोमीटर का यह मार्च जिला समाहरणालय पहुंचकर धरने में बदल गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और नए खनन कानून के खिलाफ नारे लगाए।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे को आगे भी उठाती रहेगी। उन्होंने बताया कि पार्टी सात सितंबर को रांची स्थित लोक भवन के सामने धरना देगी। इसके बाद नौ से 16 सितंबर के बीच राज्य के सभी प्रखंड मुख्यालयों पर भी धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
राम मंदिर का मुद्दा भी उठाया
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस ने अयोध्या के राम मंदिर से जुड़े कथित चंदा घोटाले का मुद्दा भी उठाया। हालांकि, गुरुवार के आंदोलन का मुख्य मुद्दा MMDR संशोधन अधिनियम ही रहा।कांग्रेस का यह विरोध ऐसे समय में हुआ है जब संसद ने इसी महीने MMDR संशोधन विधेयक पारित किया है। झारखंड कांग्रेस अब इसे राज्य के आर्थिक और राजनीतिक अधिकारों से जोड़कर आंदोलन को जिला और प्रखंड स्तर तक ले जाने की तैयारी में है।


