झारखंड में मतदान से पहले ही 41 वार्डों में हो गया विजेता का फैसला, 3 वार्ड में एक भी प्रत्याशी नहीं

Feb 11, 2026 08:52 pm ISTSourabh Jain पीटीआई, रांची, झारखंड
share

राज्य में 48 शहरी स्थानीय निकायों के लिए 23 फरवरी को मतदान होगा, जबकि मतगणना 27 फरवरी को होगी। इन चुनावों में 9 नगर निगम, 20 नगर परिषद और 19 नगर पंचायतों में 48 महापौर या अध्यक्ष पदों और 1,087 वार्ड पार्षदों के पदों के लिए मतदान होना है।

झारखंड में मतदान से पहले ही 41 वार्डों में हो गया विजेता का फैसला, 3 वार्ड में एक भी प्रत्याशी नहीं

झारखंड में होने वाले नगरीय निकाय चुनावों से पहले 41 वार्ड पार्षदों का निर्विरोध निर्वाचन हो गया है, जबकि तीन वार्डों में एक भी नामांकन जमा नहीं होने के कारण ये वार्ड खाली रह गए हैं। राज्य निर्वाचन आयोग (SEC) के सचिव राधे श्याम प्रसाद ने बुधवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि, '41 वार्डों में केवल एक-एक नामांकन पत्र दाखिल होने के कारण संबंधित पार्षद पद के उम्मीदवार निर्विरोध चुन लिए गए, वहीं कोडरमा जिले में डोमचांच नगर पंचायत के वार्ड क्रमांक 5 और 11 तथा जमशेदपुर में मानगो नगर निगम के वार्ड क्रमांक 22 से कोई नामांकन प्राप्त नहीं होने से ये सीटें खाली रह गईं।'

उन्होंने बताया कि राज्य के 48 शहरी स्थानीय निकायों (ULB) के लिए 23 फरवरी को मतदान होगा, जबकि मतगणना 27 फरवरी को की जाएगी। इन चुनावों में 9 नगर निगम, 20 नगर परिषद और 19 नगर पंचायतों में 48 महापौर या अध्यक्ष पदों और 1,087 वार्ड पार्षदों के पदों के लिए मतदान होना है।

इन चुनावों के लिए नामांकन प्रक्रिया 29 जनवरी से शुरू होकर 4 फरवरी तक चली, जबकि नाम वापसी की आखिरी तारीख 6 फरवरी थी। राधे श्याम प्रसाद ने बताया कि इन चुनावों में महापौर/अध्यक्ष पद के लिए 235 महिलाओं सहित कुल 562 उम्मीदवार मैदान में हैं। वहीं, वार्ड पार्षद पद के लिए 2,727 महिलाओं समेत कुल 5,569 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। आयोग के अनुसार इन चुनावों में 43.33 लाख से ज्यादा मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे, जिनमें 21.26 लाख महिला मतदाता हैं।

बता दें कि राज्य में होने वाले नगरीय निकाय चुनाव राजनीतिक दलों के चुनाव चिह्न पर नहीं लड़े जाते हैं, हालांकि उम्मीदवारों को विभिन्न दलों का समर्थन प्राप्त होता है। चुनाव के लिए कुल 4,304 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इनमें से 896 केंद्रों को अतिसंवेदनशील और 2,445 को संवेदनशील घोषित किया गया है। चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।

Sourabh Jain

लेखक के बारे में

Sourabh Jain

सौरभ जैन पिछले 16 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम में कार्यरत हैं। वह दिल्ली-एनसीआर, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान, झारखंड, हिमाचल प्रदेश और गुजरात से जुड़े घटनाक्रम पर खबरें और विश्लेषण लिखते हैं।


विस्तृत बायो

परिचय और अनुभव: सौरभ जैन भारतीय डिजिटल मीडिया जगत का एक हिस्सा हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 16 वर्षों से ज्यादा का अनुभव है। वर्तमान में, वह भारत के अग्रणी समाचार संस्थान 'लाइव हिन्दुस्तान' (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में स्टेट सेक्शन में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। वे पिछले लगभग तीन सालों से यहां कार्यरत हैं। सौरभ का करियर टीवी मीडिया से शुरू होकर डिजिटल मीडिया की गतिशीलता तक फैला हुआ है, जो उन्हें खबरों को गहराई और सटीकता के साथ प्रस्तुत करने में सक्षम बनाता है।


शैक्षणिक पृष्ठभूमि और कार्य अनुभव

सौरभ ने बैचलर ऑफ कॉमर्स की डिग्री लेने के बाद पत्रकारिता के क्षेत्र में कदम रखा और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से पोस्ट ग्रेजुएशन का कोर्स किया। इस क्षेत्र में साल 2009 से सक्रिय होने के बाद सौरभ ने पहले टीवी के क्षेत्र में अलग-अलग डेस्क पर कार्य अनुभव लिया, इस दौरान उन्होंने टिकर डेस्क से शुरुआत करने के बाद न्यूज डेस्क में कॉपी राइटिंग का अनुभव हासिल किया, इस दौरान क्षेत्रीय विषयों से लेकर राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय विषयों पर खबरें लिखीं। इसके बाद उन्हें बॉलीवुड और हेल्प-लाइन डेस्क में भी काम करने का मौका मिला। हेल्प लाइन डेस्क में काम करने के दौरान उन्हें स्वास्थ्य, करियर और आम लोगों से जुड़े कई विषयों को जानने व समझने का मौका मिला।

इसके बाद साल 2016 में उन्होंने डिजिटल मीडिया की दुनिया में कदम रखा और स्पोर्ट्स डेस्क के साथ शुरुआत की। सौरभ ने अपने करियर की शुरुआत ZEE24 छत्तीसगढ़ न्यूज चैनल से की थी। इसके बाद वे IBC24 और दैनिक भास्कर जैसी संस्थाओं में भी सेवाएं दे चुके हैं। सौरभ साल 2023 से लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े हुए हैं और यहां पर स्टेट डेस्क में कार्यरत हैं। सौरभ मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के रहने वाले हैं और उन्होंने अपनी स्कूली पढ़ाई और ग्रेजुएशन दोनों यहीं से किया है। इसके बाद उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में मास्टर्स की डिग्री ली है।

सौरभ जैन का मानना है कि एक पत्रकार की पहली जिम्मेदारी सही तथ्यों व आसान भाषा में पाठकों तक खबरें पहुंचाना है। इस काम में तेजी जितनी जरूरी है, सटीकता भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। फिर चाहे वह आम जीवन की खबरें हों, राजनीति की खबरें हों, खेल की खबरें हों या फिर चकाचौंध से भरे बॉलीवुड की खबरें हों। कोई भी खबर सही तथ्यों के साथ रीडर्स तक पहुंचनी चाहिए। हड़बड़ी में तथ्यों की पुष्टि ना होने पर गलत जानकारी पाठकों तक पहुंचने का खतरा बना रहता है। इसलिए सौरभ का मानना है कि पत्रकारिता का मतलब केवल पाठकों तक सूचना पहुंचाना ही नहीं, बल्कि सही और निष्पक्ष जानकारी पहुंचाते हुए उनकी बुद्धिमत्ता और विवेक को भी जागृत करना होता है।

और पढ़ें