डीएवी में ग्लूकोमा जागरूकता सप्ताह पर कार्यक्रम
जामताड़ा के सावित्री देवी डीएवी पब्लिक स्कूल में विश्व ग्लूकोमा जागरूकता सप्ताह पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि डॉ. अशोक चौधरी ने ग्लूकोमा के बारे में जानकारी दी और नेत्र स्वास्थ्य की महत्ता पर जोर दिया। विद्यार्थियों के बीच भाषण प्रतियोगिता भी आयोजित की गई।

जामताड़ा। सावित्री देवी डीएवी पब्लिक स्कूल, जामताड़ा में विश्व ग्लूकोमा जागरूकता सप्ताह के अवसर पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नेत्र पदाधिकारी डॉ. अशोक चौधरी तथा विशिष्ट अतिथि जितेंद्र कुमार वर्मा उपस्थित थे। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि और विद्यालय के प्राचार्य ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर प्राचार्य ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए स्वास्थ्य के महत्व, विशेषकर आंखों की देखभाल के प्रति जागरूक रहने की आवश्यकता पर बल दिया। मुख्य अतिथि डॉ. अशोक चौधरी ने अपने संबोधन में ग्लूकोमा (काला मोतिया) जैसी गंभीर नेत्र बीमारी के बारे में जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि यह बीमारी धीरे-धीरे आंखों की रोशनी को प्रभावित करती है, इसलिए समय-समय पर नेत्र जांच कराना जरूरी है। नियमित जांच और समय पर उपचार से इसके दुष्प्रभाव को काफी हद तक रोका जा सकता है। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों के बीच प्रश्नोत्तरी एवं भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में छात्रों ने ग्लूकोमा जागरूकता और नेत्र स्वास्थ्य के महत्व पर अपने विचार प्रस्तुत किए। इसमें सूरज मंडल ने प्रथम, इशिका रानी ने द्वितीय तथा आर्या कुमारी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों और समाज में ग्लूकोमा के प्रति जागरूकता फैलाना तथा नेत्र स्वास्थ्य के प्रति लोगों को सजग बनाना था। कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं और विद्यार्थियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


