मुड़ाबेड़िया में कुएं से पिता और दो बच्चों का शव बरामद
कुंडहित के मुड़ाबेड़िया गांव में कुएं से तीन शव बरामद हुए हैं। मृतकों में लक्ष्मण मुर्मू (48), उनके बेटे सुरेश (9) और बेटी बुनी (4) शामिल हैं। लक्ष्मण ने एक हफ्ते पहले दातुन लाने का कहा था। पुलिस मामले की जांच कर रही है, लेकिन यह स्पष्ट नहीं है कि यह हत्या है या आत्महत्या।

कुंडहित, प्रतिनिधि। बागडेहरी थाना क्षेत्र के मुड़ाबेड़िया गांव स्थित आश्रम मोड़ के पास शुक्रवार की देर शाम एक कुएं से बरामद तीन शवों की पहचान हो गई है। मृतकों की पहचान पश्चिम बंगाल के राजनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत केराबनी गांव निवासी लक्ष्मण मुर्मू उर्फ लखाई (48 वर्ष), उसके पुत्र सुरेश मुर्मू (9 वर्ष) और पुत्री बुनी मुर्मू (4 वर्ष) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, चरवाहों ने कुएं में शव होने की सूचना ग्रामीणों को दी थी। इसके बाद ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने तीनों शवों को कुएं से बाहर निकलवाया। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार शव करीब एक सप्ताह पुराने बताए जा रहे हैं।
वहीं मृतक लक्ष्मण मुर्मू की मां ने बताया कि करीब एक सप्ताह पहले वह अपने बेटे और बेटी के साथ दातुन लाने की बात कहकर घर से निकला था। इसके बाद से तीनों का कोई अता-पता नहीं चल रहा था। बताया जा रहा है कि लक्ष्मण मुर्मू की पत्नी मानसिक रूप से विक्षिप्त है। फिलहाल पुलिस उसकी तलाश कर रही है। मिली जानकारी के अनुसार लक्ष्मण मुर्मू करीब पांच वर्ष पहले तक कुंडहित थाना क्षेत्र के जोड़बाहिंगा गांव में रहता था। बताया जाता है कि उसके पिता ने दो शादियां की थीं। पिता की मृत्यु के बाद वह केराबनी में अपनी दूसरी मां के साथ रहने लगा था। कुएं में डूबे रहने और शव पुराने हो जाने के कारण तीनों शव सड़-गल कर क्षत-विक्षत हो गए हैं। पुलिस को जो भी जानकारी मिल रही है, उसके आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है। फिलहाल घटना हत्या है या आत्महत्या। इस संबंध में पुलिस ने कोई स्पष्ट बयान नहीं दिया है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


