नारायणपुर में मनरेगा कार्यों का सामाजिक अंकेक्षण, कई अनियमितताएं उजागर
नारायणपुर, प्रतिनिधि।नारायणपुर प्रखंड के कोरीडीह-वन, नारायणपुर, मदनाडीह, मंझलाडीह, नारोडीह, पोस्ता, पबिया, नावाडीह, कुरता एवं नयाडीह पंचायतों में गुरु

नारायणपुर में मनरेगा कार्यों का सामाजिक अंकेक्षण, कई अनियमितताएं उजागर नारायणपुर, प्रतिनिधि। नारायणपुर प्रखंड के कोरीडीह-वन, नारायणपुर, मदनाडीह, मंझलाडीह, नारोडीह, पोस्ता, पबिया, नावाडीह, कुरता एवं नयाडीह पंचायतों में गुरुवार को एक दिवसीय जन सुनवाई कार्यक्रम आयोजित कर वित्तीय वर्ष 2024-25 के मनरेगा कार्यों का सामाजिक अंकेक्षण किया गया। जन सुनवाई के दौरान कई पंचायतों में मनरेगा योजनाओं में मापी पुस्तिका (एमबी) प्रस्तुत नहीं किए जाने, सूचना बोर्ड नहीं लगाए जाने, दस्तावेजों का सही ढंग से संधारण नहीं होने तथा मापी पुस्तिका से अधिक राशि की निकासी जैसे गंभीर मामले सामने आए। कुछ मामलों में ज्यूरी टीम के सदस्यों ने जुर्माना लगाकर निपटारा किया, जबकि शेष मामलों को आगे की कार्रवाई के लिए प्रखंड स्तरीय जन सुनवाई में भेज दिया गया।
इस कार्यक्रम के दौरान लोगों को मनरेगा से संबंधित अधिकारों की जानकारी भी दी गई। बताया गया कि योजना के तहत काम मांगने पर काम देना अनिवार्य है। लाभुकों को पांच किलोमीटर की परिधि में काम उपलब्ध कराया जाएगा, और यदि इससे अधिक दूरी पर काम दिया जाता है तो मजदूरी भत्ता देने का प्रावधान है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि मनरेगा कोई योजना नहीं बल्कि एक कानून है। इस अवसर पर अंकेक्षण टीम द्वारा मनरेगा योजनाओं का भौतिक सत्यापन भी किया गया। इस कार्यक्रम में अमरेंद्र झा, शिशु धीवर, लाल मोहम्मद, महाबीर दास, पवन पोद्दार, पंपा माझी, सुबोदी सोरेन, मुनी मरांडी, परमानंद मरांडी, वीरेंद्र प्रताप हेंब्रम, मोहम्मद सुल्तान, राधेश्याम पंडित, मन्नान अंसारी, मोहम्मद सईद, सरोजनी सिन्हा सहित अन्य उपस्थित थे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



