कैंडल मार्च निकाल एरिक के हत्यारों को गिरफ्तार करने की मांग की

Apr 06, 2026 04:16 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, जामताड़ा
share

पूर्व हॉकी खिलाड़ी एरिक लकड़ा की हत्या के 28 दिन बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से चित्तरंजन में जनाक्रोश बढ़ गया है। रविवार को हुए कैंडल मार्च में लोगों ने न्याय की मांग की और चेतावनी दी कि यदि 13 अप्रैल तक सभी आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया गया तो अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया जाएगा।

कैंडल मार्च निकाल एरिक के हत्यारों को गिरफ्तार करने की मांग की

मिहिजाम, प्रतिनिधि। पूर्व हॉकी खिलाड़ी सह चिरेका कर्मी एरिक लकड़ा हत्याकांड में 28 दिन बीत जाने के बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से चित्तरंजन शहर में जनाक्रोश तेज हो गया है। रविवार शाम अमलादही बाजार स्थित स्ट्रीट नंबर-24 के मोड़ से चित्तरंजन थाना तक निकाले गए कैंडल मार्च में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग शामिल हुए और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग उठाई। कैंडल मार्च के दौरान लोगों ने एरिक लकड़ा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि 13 अप्रैल तक सभी आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया गया, तो उसी दिन शाम से चित्तरंजन थाना के समक्ष अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन शुरू किया जाएगा।

प्रदर्शन के दौरान लोगों ने पुलिस प्रशासन और रेलवे सुरक्षा बल की कार्य प्रणाली पर भी गंभीर सवाल उठाए। नारेबाजी के बीच “चित्तरंजन पुलिस मुर्दाबाद” के स्वर गूंजे। वहीं आरपीएफ की निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल खड़े किए गए। स्थानीय लोगों का कहना था कि घटना स्थल के आसपास सीसीटीवी कैमरे लगे होने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होना सुरक्षा तंत्र की विफलता को दर्शाता है।कुछ प्रदर्शनकारियों ने नाराज़गी जताते हुए कहा कि यदि स्थानीय पुलिस प्रभावी ढंग से कार्रवाई करने में सक्षम नहीं है, तो प्रशासन को स्पष्ट रूप से स्थिति बतानी चाहिए। इस दौरान प्रशासन को सौंपे गए ज्ञापन में तीन प्रमुख मांगें रखी गईं। जिनमें आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी, सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था को और सुदृढ़ करना और चित्तरंजन में कानून-व्यवस्था को प्रभावी ढंग से लागू करना शामिल है। इधर पुलिस का कहना है कि मामले में संदिग्धों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस ने जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।