एरिक के हत्यारे को गिरफ्तार करने की मांग तेज
मिहिजाम में पूर्व हॉकी खिलाड़ी एरिक लकड़ा की हत्या के मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से जनाक्रोश बढ़ रहा है। चिरेका एसोसिएशन ने कैंडल मार्च निकालकर पुलिस से शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने एक सप्ताह का अल्टीमेटम दिया है और चेतावनी दी है कि कार्रवाई न होने पर आंदोलन तेज किया जाएगा।

मिहिजाम। पूर्व हॉकी खिलाड़ी सह चिरेका कर्मी एरिक लकड़ा हत्याकांड को एक महीना बीत जाने के बावजूद आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से शहर में जनाक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। गुरुवार शाम को चिरेका ऑल इंडिया एससी एसटी रेलवे एम्प्लॉयज एसोसिएशन के नेतृत्व में अमलादही बाजार स्थित आरआईसी मोड़ से कैंडल मार्च निकाला गया। जो चित्तरंजन थाना पहुंचकर प्रदर्शन में तब्दील हो गया। प्रदर्शनकारियों ने दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग करते हुए पुलिस प्रशासन को ज्ञापन सौंपा और एक सप्ताह का अल्टीमेटम दिया। उन्होंने चेतावनी दी कि निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
एरिक लकड़ा हत्याकांड के बाद से अब तक शहर में कई चरणों में विरोध-प्रदर्शन हो चुके हैं। इनमें कैंडल मार्च, सड़क जाम, शोक सभा से आक्रोश सभा, यूनियनों के प्रदर्शन और विभिन्न राजनीतिक दलों द्वारा ज्ञापन सौंपना शामिल है। इसके बावजूद अब तक गिरफ्तारी नहीं होना प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रहा है। वक्ताओं ने कहा कि घटना स्थल के आसपास सीसीटीवी कैमरे लगे होने के बावजूद आरोपियों को पकड़ने में देरी समझ से परे है। जब सीसीटीवी की निगरानी आरपीएफ कंट्रोल रूम के अधीन है, तो घटना के समय कोई सक्रियता क्यों नहीं दिखाई दी। वहीं चित्तरंजन पुलिस ने बताया कि मामले में आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। उन्होंने जल्द ही गिरफ्तारी का आश्वासन दिया है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


