मानदेय भुगतान नहीं होने पर सहिया कर्मियों का विरोध, होली से पहले बकाया देने की मांग
नारायणपुर में स्वास्थ्य सहिया कर्मियों ने पांच महीने से मानदेय न मिलने के विरोध में प्रदर्शन किया। उन्होंने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर लिखित ज्ञापन दिया और शीघ्र भुगतान की मांग की। कर्मियों ने चेतावनी दी कि यदि होली से पहले उनका बकाया भुगतान नहीं हुआ, तो वे आंदोलन करेंगे।

नारायणपुर, प्रतिनिधि। नारायणपुर प्रखंड के बीटीटी, सहिया साथी एवं स्वास्थ्य सहिया कर्मियों ने रविवार को पांच माह से मानदेय नहीं मिलने के विरोध में प्रखंड सह अंचल कार्यालय परिसर स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर के समक्ष प्रदर्शन किया। इसके बाद उन्होंने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी को लिखित ज्ञापन सौंपते हुए शीघ्र भुगतान की मांग की। प्रदर्शन कर रहे कर्मियों ने बताया कि करीब पांच माह से मानदेय लंबित रहने के कारण उनके सामने आर्थिक संकट गहरा गया है और कई परिवारों के समक्ष भुखमरी जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई है। उन्होंने कहा कि रंगों का पर्व होली नजदीक है, लेकिन मानदेय नहीं मिलने से घरेलू खर्च, बच्चों की पढ़ाई-लिखाई और त्योहार की तैयारी प्रभावित हो रही है।
कर्मियों ने चेतावनी दी कि यदि विभाग द्वारा होली से पहले उनका बकाया भुगतान सुनिश्चित नहीं किया गया तो वे पर्व के बाद चरणबद्ध आंदोलन करने को बाध्य होंगे। उनका कहना है कि वे लंबे समय से स्वास्थ्य सेवाओं में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं, बावजूद इसके भुगतान में लगातार देरी हो रही है। मौके पर बीटीटी सुनील यादव, प्रजीत कुमार, सहिया साथी प्रतिभा कुमारी, नीतू देवी, राधिका देवी, निराला देवी, सोनामुनी सोरेन, नीलम तिवारी, गुड़िया देवी, गुड्डी देवी, मीनू हांसदा, सुमति कुमारी, अंजू देवी, कुसूम देवी, नमिता राय, मिरोदी टुडू, मेनका देवी, सबोनी सोरेन, दुलारी देवी सहित कई स्वास्थ्य सहिया उपस्थित थीं।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



