जमुई से जामताड़ा की बच्ची बरामद

Feb 13, 2026 03:20 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, जामताड़ा
share Share
Follow Us on

जामताड़ा के उपायुक्त रवि आनंद की पहल से एक लापता बच्ची को बिहार के जमुई से सुरक्षित बरामद किया गया। 12 फरवरी को मामले की जानकारी मिलने के बाद, जिला बाल संरक्षण पदाधिकारी ने कार्रवाई शुरू की। बच्ची को चाइल्ड हेल्पलाइन की देखरेख में सुरक्षित घर लौटाया गया। परिजनों ने प्रशासन का आभार व्यक्त किया।

जमुई से जामताड़ा की बच्ची बरामद

जामताड़ा। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी रवि आनंद की तत्परता और संवेदनशील पहल से जामताड़ा जिले की एक लापता बच्ची को बिहार के जमुई से सकुशल बरामद कर उसके परिजनों को सौंप दिया गया। बच्ची के सुरक्षित मिलने पर परिजनों ने जिला प्रशासन के प्रति आभार जताया। बताया जाता है कि 12 फरवरी 2026 को सूचना मिलने के बाद उपायुक्त ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला बाल संरक्षण पदाधिकारी को तत्काल टीम गठित कर कार्रवाई का निर्देश दिया। इस दौरान जानकारी मिली कि बच्ची को रेलवे सुरक्षा बल के एस्कॉर्ट द्वारा जमुई जीआरपी थाना में सुरक्षित रखा गया है। भाषा संबंधी कठिनाई के कारण बच्ची द्वारा बताए गए पते का सत्यापन नहीं हो पा रहा था।

इसके बाद संथाली भाषा जानने वाले कर्मी की मदद से बच्ची से संवाद स्थापित किया गया और उसके बताए पते का सामाजिक कार्यकर्ता के माध्यम से सत्यापन कराया गया। तत्पश्चात परिजनों से संपर्क कर आवश्यक दस्तावेज मंगवाए गए। विधिसम्मत प्रक्रिया पूरी करते हुए चाइल्ड हेल्पलाइन की देखरेख में बच्ची को ट्रेन से सुरक्षित जामताड़ा लाया गया। देर रात बाल कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत करने के बाद सभी औपचारिकताएं पूरी कर समिति ने बच्ची को उसके अभिभावकों को सुपुर्द कर दिया। इस संबंध में उपायुक्त रवि आनंद ने जिला बाल संरक्षण पदाधिकारी सहित पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा कि बच्चों की सुरक्षा जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रशासन प्रत्येक बच्चे के संरक्षण और अधिकारों के प्रति पूर्णतः प्रतिबद्ध है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि बच्चों की गतिविधियों पर सतर्क नजर रखें, उनकी आवाजाही की जानकारी रखें और किसी भी संदिग्ध परिस्थिति में तुरंत प्रशासन को सूचित करें ताकि समय रहते कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। इस मौके पर जिला बाल संरक्षण पदाधिकारी अंजू पोद्दार, चाइल्ड हेल्पलाइन के सुपरवाइजर सीता देवी, विजेंद्र यादव सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।