Jamtara News: जामजोरी के हार्डनिंग सेंटर से लेकर आसनबेड़िया के सरसों तेल प्रोसेसिंग यूनिट का लिया जायजा
Jamtara News: फतेहपुर,प्रतिनिधि।दौरान संबंधित कर्मियों से आवश्यक जानकारी प्राप्त की। इसके बाद टीम ने भातुडीह गांव में संचालित 100 यूनिट लेयर बर्ड यूनिट का भ्रमण किय

Jamtara News: फतेहपुर,प्रतिनिधि। प्रखंड क्षेत्र में गुरुवार को आजीविका संवर्धन से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों और संस्थानों का अधिकारियों की टीम ने क्षेत्रीय भ्रमण कर जायजा लिया। इस दौरान जेएसएलपीएस के डीपीएम राहुल रंजन, एसएमएमयू रांची से विशाल भांगड़ा तथा डीएम एंड एसएमआईबी उत्तम कुमार ने सबसे पहले जमजोरी स्थित 1000 यूनिट क्षमता वाले हार्डनिंग सेंटर का निरीक्षण किया। इन्होने सेंटर की कार्यप्रणाली, संचालन व्यवस्था और गतिविधियों की जानकारी ली। इस दौरान संबंधित कर्मियों से आवश्यक जानकारी प्राप्त की।
भातुडीह में भ्रमण
इसके बाद टीम ने भातुडीह गांव में संचालित 100 यूनिट लेयर बर्ड यूनिट का भ्रमण किया। यहां अधिकारियों ने प्रगतिशील लाभार्थी आशा देवी से मुलाकात की और अंडा उत्पादन के लिए लेयर मुर्गी पालन के प्रबंधन, देखभाल, उत्पादन, बाजार और इससे होने वाली आजीविका के संबंध में जानकारी ली। लाभार्थी ने अधिकारियों के साथ अपने अनुभव साझा किए और बताया कि लेयर बर्ड पालन के माध्यम से ग्रामीण परिवारों को आय का अतिरिक्त साधन मिल रहा है। वहीं अधिकारियों की टीम ने क्षेत्र में संचालित 1000 यूनिट हैचरी तथा एएसके यानी आजीविका संसाधन केंद्र का भी जायजा लिया। टीम ने इन इकाइयों की गतिविधियों और संचालन व्यवस्था की जानकारी ली। लाभार्थियों और संचालकों से बातचीत कर उनकी चुनौतियों तथा कार्य के अनुभवों को समझा।
आसनबेड़िया में निरीक्षण
इसके बाद टीम आसनबेड़िया पहुंची, जहां (वन धन विकास केंद्र) द्वारा संचालित सरसों तेल प्रोसेसिंग यूनिट का निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने यूनिट के संचालन, उत्पादन प्रक्रिया और उससे जुड़े लाभार्थियों की गतिविधियों की जानकारी ली। संचालकों और लाभार्थियों के साथ बैठक कर उनके कामकाज और अनुभवों पर चर्चा की गई। क्षेत्रीय भ्रमण के बाद आसनबेड़िया सीएलएफ में सीएलएफ पदाधिकारियों (ओबी) और सखी मंडल की दीदियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में आजीविका संवर्धन से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। मौके पर फतेहपुर के बीपीएम, आईएफसी एंकर शैलेन, एएसके को-ऑर्डिनेटर, बीएपी, एफटीसी सहित अन्य संबंधित सदस्य मौजूद रहे।
फोटो फतेहपुर 01: गुरूवार को भातुडीह गांव में संचालित हैचरी सेंटर से उत्पादित अंडा को दिखाती लाभार्थी।

