Jamtara News: जामताड़ा में अपराध नियंत्रण और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा के लिए बीट पुलिसिंग की हुई शुरुआत
Jamtara News: जामताड़ा में अपराध पर नियंत्रण और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा के लिए बीट पुलिसिंग व्यवस्था की शुरुआत की गई है। इसे डीसी आलोक कुमार और एसपी शंभू कुमार सिंह ने सौंपा। पुलिस टीम 24 घंटे गश्त करेगी और स्थानीय लोगों के साथ संवाद बनाएगी। व्यापारी और नागरिकों से सहयोग की अपील की गई है।
Jamtara News: जामताड़ा, प्रतिनिधि। जामताड़ा शहरी क्षेत्र में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा को पुख्ता करने के उद्देश्य से जिला पुलिस की ओर से बीट पुलिसिंग व्यवस्था का आधिकारिक शुभारंभ किया गया है। बढ़ती व्यापारिक गतिविधियों और हाल के दिनों में हुई कुछ घटनाओं के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर यह पहल की गई है। रविवार को जामताड़ा थाना परिसर से डीसी आलोक कुमार, एसपी शंभू कुमार सिंह, एसडीओ अनंत कुमार सहित अन्य ने शुभारंभ किया। साथ हीं हरी झंडी दिखाकर पुलिस टीम को रवाना किया। डीसी ने कहा कि नई व्यवस्था के तहत पूरे जामताड़ा शहरी क्षेत्र को सुरक्षित करने और लोगों त्वरित पुलिस का सहयोग मिले इसके लिए यह प्रयास किया गया है।
बीट पुलिसिंग की प्रक्रिया
द्वितीय चरण में मिहिजाम में इसकी शुरुआत की जाएगी। वहीं एसपी ने कहा कि शहर को तीन प्रमुख बीटों में विभाजित किया गया है। प्रत्येक बीट में समर्पित पुलिस अधिकारियों और जवानों की तैनाती की गई है, जो अपने-अपने निर्धारित क्षेत्रों में 24 घंटे गश्त करेंगे। बीट पुलिस अधिकारी न केवल क्षेत्र की सुरक्षा का जिम्मा संभालेंगे, बल्कि स्थानीय दुकानदारों, व्यवसायियों और आम नागरिकों से सीधा संवाद भी कायम करेंगे। एसपी ने कहा कि किसी भी आपराधिक घटना या आपात स्थिति की सूचना मिलने पर बीट में तैनात पुलिसकर्मी तुरंत मौके पर पहुंचेंगे। बाजार, दुकानों, स्कूल, कॉलेज और प्रमुख व्यावसायिक केंद्रों के आसपास विशेष सतर्कता बरती जाएगी।
स्थानीय नागरिकों की भूमिका
आपराधिक तत्वों पर पैनी नजर रखने और गश्त बढ़ाने से असामाजिक तत्वों में डर पैदा होगा। जिससे महिलाओं और लड़कियों को सुरक्षा मिलेगी और उनके साथ किसी भी प्रकार के अप्रिय घटना को होने से पूर्व रोका जा सकेगा। पुलिस प्रशासन ने स्थानीय व्यापारियों एवं नागरिकों से बीट अधिकारियों के साथ सहयोग करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत अपने क्षेत्र के बीट पुलिसकर्मी को देने की अपील की है।

