पीडीएस को सशक्त बनाने की दिशा में बड़ा कदम

Jan 02, 2026 10:42 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, जामताड़ा
share Share
Follow Us on

झारखंड सरकार ने जामताड़ा में 639 पीडीएस डीलरों को 4जी नेटवर्क आधारित ई-पॉस मशीनें वितरित की हैं। मंत्री डॉ इरफान अंसारी ने बताया कि राज्य की 25,428 पीडीएस दुकानों को इन मशीनों से जोड़ा जाएगा। उन्होंने डीलरों के बकाया कमीशन को जल्द निपटाने का आश्वासन दिया और राशन वितरण में सुधार की बात की।

पीडीएस को सशक्त बनाने की दिशा में बड़ा कदम

जामताड़ा। राज्य की जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) को तकनीकी रूप से सशक्त बनाने की दिशा में झारखंड सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। शुक्रवार को जामताड़ा नगर भवन, दुलाडीह में आयोजित कार्यक्रम में खाद्य, सार्वजनिक वितरण एवं उपभोक्ता मामले मंत्री डॉ इरफान अंसारी ने फोरजी नेटवर्क आधारित ई-पॉस मशीन वितरण का शुभारंभ किया। इस अवसर पर जिले के 639 पीडीएस डीलरों के बीच नई मशीनों का वितरण किया गया। मौके पर मंत्री डॉ इरफान अंसारी ने कहा कि राज्य की कुल 25 हजार 428 पीडीएस दुकानों को फोरजी नेटवर्क आधारित ई-पॉस मशीन से जोड़ा जा रहा है। जिसकी शुरुआत जामताड़ा से की गई है।

उन्होंने बताया कि डीलरों के बकाया कमीशन भुगतान को जल्द निपटाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होने पूर्ववर्ती भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि यह व्यवस्था पहले ही लागू हो जानी चाहिए थी। लेकिन विजन के अभाव में पीडीएस को उपेक्षित रखा गया। मंत्री ने कहा कि खाद्यान्न में भारत सरकार और राज्य सरकार का अंश 40:60 के अनुपात में निर्धारित है। लेकिन कई बार केंद्र सरकार भी आंखें मूंद लेती है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही राशन कार्डधारकों को दाल, नमक और चीनी का भी वितरण किया जाएगा। चीनी के लिए टेंडर डालने वाले लोग नहीं मिलते थे। अब इस समस्या का भी समाधान कर लिया गया है। मंत्री ने कहा कि टूजी नेटवर्क आधारित मशीनों के कारण लंबे समय से डीलर और लाभुक दोनों परेशान थे। नेटवर्क समस्या से राशन वितरण में देरी होती थी। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के मार्गदर्शन में इस समस्या का स्थायी समाधान निकालते हुए फोरजी ई-पॉस मशीन लागू की गई है। नई मशीन से ई-केवाईसी सहित अन्य कार्य आसानी से पूरे होंगे और वितरण प्रक्रिया तेज होगी। उन्होंने डीलरों से ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ काम करने की अपील की।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।