
लोकनिया से विश्वनाथ आदिवासी टोला तक 3 किमी सड़क निर्माण का शिलान्यास
जामताड़ा प्रखंड में शनिवार को लोकनिया मध्य विद्यालय से विश्वनाथ आदिवासी टोला तक 3 किलोमीटर लंबी ग्रामीण सड़क निर्माण परियोजना का शिलान्यास किया गया। यह सड़क स्थानीय ग्रामीणों के लिए आवागमन की सुविधा, शिक्षा और स्वास्थ्य में सुधार लाने की उम्मीद है। यह सड़क दिवंगत नेता ओपीन दास के नाम समर्पित है।
जामताड़ा, प्रतिनिधि। जामताड़ा प्रखंड क्षेत्र में शनिवार को लोकनिया मध्य विद्यालय से विश्वनाथ आदिवासी टोला तक लगभग 3 किलोमीटर लंबी ग्रामीण सड़क निर्माण परियोजना का विधिवत शिलान्यास किया गया। इस परियोजना से स्थानीय ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलने के साथ-साथ शिक्षा, स्वास्थ्य एवं कृषि संबंधी गतिविधियों में भी सकारात्मक बदलाव आने की उम्मीद जताई जा रही है। इस अवसर पर कार्यक्रम की विधिवत शुरुआत झारखंड मुक्ति मोर्चा के वरिष्ठ नेता मनोरथ मरांडी द्वारा नारियल फोड़कर की गई। वहीं कार्यक्रम के दौरान जानकारी दी गई कि यह सड़क कांग्रेस के वरिष्ठ दिवंगत नेता ओपीन दास के नाम समर्पित की जाएगी, जिन्होंने लंबे समय तक इस मांग को प्रमुखता से रखा था।
इस शिलान्यास कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण, महिलाएं, युवा एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि शामिल हुए। स्थानीय ग्रामीणों ने इस परियोजना को अपनी वर्षों पुरानी मांग की पूर्ति बताते हुए खुशी व्यक्त की। उनका कहना था कि सड़क बन जाने से स्कूली बच्चों के आवागमन, मरीजों की चिकित्सा सुविधा और कृषि उपज की ढुलाई में काफी आसानी होगी। मौके पर स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण इलाकों में बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि विकास की योजनाओं का सीधा लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचे और ग्रामीण क्षेत्रों को मजबूत आधारभूत सुविधाएं प्राप्त हों। इस अवसर पर कांग्रेस जिला अध्यक्ष दीपिका बेसरा, पंचायत समिति सदस्य मारकस मरांडी, वरिष्ठ नेता संजय दास सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित थे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




