नाला : देवलेश्वर मंदिर में सगनौती अनुष्ठान का आयोजन
महाशिवरात्रि से एक दिन पूर्व देवलेश्वर मंदिर परिसर में सगनौती अनुष्ठान के तहत भगवान शिव का भव्य श्रृंगार किया गया। श्रद्धालुओं ने आस्था और परंपरा के साथ इस विशेष धार्मिक अनुष्ठान का आयोजन किया, जिसमें पंडा समाज की महिलाओं ने मैथिली गीत-संगीत के साथ भगवान को भोग अर्पित किया।

नाला, प्रतिनिधि। महाशिवरात्रि से एक दिन पूर्व शनिवार को देवलेश्वर मंदिर परिसर में सगनौती अनुष्ठान के तहत भगवान शिव का भव्य श्रृंगार किया गया। शिव विवाह से पूर्व आयोजित इस विशेष धार्मिक अनुष्ठान को श्रद्धालुओं ने अत्यंत आस्था और परंपरा के साथ मनाया। पंडा समाज की महिलाओं ने प्राचीन परंपरा के अनुसार मैथिली गीत-संगीत के साथ लावा कासा भुंजना, हल्दी एवं उपटन तैयार कर भगवान को अर्पित किया। इस अवसर पर पुजारी राजेश कुमार माहता, श्यामल ठाकुर एवं मनीष कुमार के सानिध्य में विशेष विधि से बेलपत्र द्वारा दूध छानकर आम्र डंठल से खीर निर्माण कर भगवान को भक्तिभाव से अर्पित किया गया।
पूरे अनुष्ठान में पलास फूल और पलास पत्ते का पारंपरिक उपयोग किया गया, जो लोक परंपरा और आस्था का प्रतीक माना जाता है। इस दौरान शिव विवाह से जुड़े पारंपरिक गीत महिलाओं द्वारा सामूहिक रूप से गाए गए, जिससे मंदिर परिसर भक्ति रस में सराबोर हो उठा। सुबह से ही मंदिर परिसर में गूंज रही मंगल ध्वनियों से आसपास का वातावरण भक्तिमय बना रहा। श्रद्धालुओं ने “हर-हर महादेव” के जयकारों के बीच भक्ति नृत्य कर अपनी आस्था प्रकट की। कार्यक्रम में मंदिर प्रबंधन कमेटी के सभी गणमान्य लोग, व्रती महिलाएं और बड़ी संख्या में स्थानीय श्रद्धालु उपस्थित रहे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



