दुर्गोत्सव: नम आंखों से दी गई मां दुर्गा को विदाई
श्रद्धा, आस्था और उत्साह के बीच दुर्गापूजा संपन्न हुई। इसके उपरांत देवी दुर्गा की प्रतिमा का शुक्रवार को विसर्जन कर दिया गया। अष्टमी से दशमी तक लोगों का हुजूम देवी दर्शन के लिए उमड़ता रहा। शहर के...
श्रद्धा, आस्था और उत्साह के बीच दुर्गापूजा संपन्न हुई। इसके उपरांत देवी दुर्गा की प्रतिमा का शुक्रवार को विसर्जन कर दिया गया। अष्टमी से दशमी तक लोगों का हुजूम देवी दर्शन के लिए उमड़ता रहा। शहर के विभिन्न पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं की भीड़ रही। लोगों ने देवी दर्शन किए और मां से आशीष मांगा। बाजार रोड, जामताड़ा दुर्गामंदिर, कायस्थपाड़ा दुर्गामंदिर, सर्खेलडीह दुर्गामंदिर, सहाना दुर्गा मंदिर, बेना दुर्गामंदिर की प्रतिमा का विसर्जन शुक्रवार को किया गया। वहीं कोर्ट रोड दुर्गा मंदिर की प्रतिमा का विसर्जन शनिवार को किया गया। इससे पूर्व शुक्रवार की सुबह विभिन्न पूजा कमेटी द्वारा घट विसर्जन किया गया। शुक्रवार की शाम देवी की प्रतिमा के साथ शोभा यात्रा निकाली गई। शहर के विभिन्न भागों में लोगों ने शोभा यात्रा में भाग लिया। युवकों ने ढोल-नगाड़े के साथ उत्साहपूर्वक नृत्य किया। बाजार रोड की प्रतिमा का विसर्जन स्थानीय सरकार बांध तालाब में किया गया। कायस्थपाड़ा दुर्गा मंदिर की प्रतिमा का विसर्जन राजा बांध तालाब में, सर्खेलडीह की प्रतिमा का विसर्जन सर्खेलडीह के तालाब में, सहाना गांव की प्रतिमा का विसर्जन गांव के तालाब में किया गया। विसर्जन के मौके पर सुरक्षा के दृष्टिकोण से पुलिस प्रशासन ने खास व्यवस्था की थी। विभिन्न पूजा पंडालों के जुलूस के साथ सशस्त्र बल दंडाधिकारी थे। इस दौरान लोगों में विशेष उत्साह दिखा। लोग उत्साहित होकर नाच गा रहे थे। युवाओं ने जमकर नृत्य में हिस्सा लिया।मिहिजाम प्रतिनिधि के अनुसार शुक्रवार को शहर के विभिन्न जगहों सहित चित्तरंजन की दुर्गा प्रतिमा का विसर्जन किया गया। भक्तों ने मां दुर्गा को नम आंखों से विदाई दी। प्रतिमाओं का विसर्जन दोपहर से ही शुरू हो गया था। देर शाम तक विसर्जन का दौर जारी रहा। इस दौरान चित्तरंजन रेलनगरी स्थित कर्नल सिंह डैम के चारों ओर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। मिहिजाम-चित्तरंजन की दर्जनभर प्रतिमाओं का विसर्जन रेलनगरी के कर्नल सिंह डैम में किया गया। इस दौरान चित्तरंजन स्थित पेट्रोल पंप से लेकर कर्नल सिंह डैम के किनारे देर रात तक हजारों लोगों की भीड़ लगी रही। चिरेका प्रशासन की ओर से डैम में विसर्जन के लिए दो घाटों का निर्माण किया गया था। श्रद्धालुओं ने नाचते-गाते मां की प्रतिमा का विधिवत विसर्जन किया। सुरक्षा में चितरंजन पुलिस, रेलवे सुरक्षा बल एवं भारत स्काउट्स एंड गाइड के सदस्यों को लगाया गया था। मां दुर्गा की विदाई देखने के लिए शहर की सड़कों पर श्रद्धालु उमड़ पड़े थे। मां दुर्गा की विदाई के साथ ही नवरात्रि महोत्सव का समापन हो गया। धूमधाम के साथ दुर्गापूजा संपन्न: कुंडहित में प्रखंड मुख्यालय सहित ग्रामीण क्षेत्रों में दुर्गापूजा का त्योहार धूमधाम के साथ मनाया गया। मुख्यालय के दुर्गा मंदिरों के साथ बनकाठी, नगरी, बाबूपुर, पालाजोड़ी, गड़जोड़ी, खाजुरी, बागडेहरी, अंबा, सुद्राक्षीपुर सहित विभिन्न गांवों के दुर्गा मंदिर तथा पंडालों में विधि विधान के साथ उत्साहपूर्वक पूजनोत्सव मनाया गया। पूजा में मुख्यालय सहित विभिन्न पूजा पंडालों में प्रतियोगिता, यात्रागान तथा नृत्य का कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसे देखने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। पूजा में क्षेत्र के लोगों ने अपने परिजनों के साथ पूजा पंडालों में स्थापित देवी प्रतिमाओं का दर्शन किया। नाला प्रतिनिधि के अनुसार प्रखंड क्षेत्र में दुर्गापूजा सौहार्द और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई। दशमी के दिन शुक्रवार की देर रात तक मां दुर्गा सहित अन्य देवी देवताओं की प्रतिमाओं का विसर्जन आतिशबाजी के साथ जारी रहा। जिले के सबसे प्राचीन मंदिरों में से एक गढ़ेर दुर्गा मंदिर, ऊपरपाड़ा दुर्गा मंदिर में स्थापित प्रतिमाओं के अलावा सियारकेटिया, सांगजुड़िया, कड़ैया, देवजोड़, देवली, कुलडंगाल आदि गांवों में भी देर रात तक विसर्जन किया गया। प्रखंड सार्वजनिक दुर्गापूजा कमेटी द्वारा नेताजी स्टेडियम में स्थापित मां दुर्गा सहित अन्य देवी-देवताओं की प्रतिमाओं का विसर्जन शनिवार की देर शाम भव्य शोभायात्रा निकालकर किया गया। विसर्जन के समय विभिन्न जलाशयों में श्रद्धालुओं की भीड़ ने नम आंखों से मां दुर्गा को अंतिम विदाई दी। इधर, दुर्गापूजा पर विजयादशमी के दिन प्रखंड के कुलडंगाल गांव में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। बतौर मुख्य अतिथि समाजसेवी दिलीप कुमार झा उपस्थित थे। शारदा क्लब के कार्यक्रम में स्थानीय कलाकारों ने मनोरंजक कार्यक्रमों का आकर्षक ढंग से मंचन किया। इस दौरान स्वास्थ्य एवं इंजीनियरिंग क्षेत्र में सफल पूजा गोरांई एवं विवेकानंद प्रसाद को मुख्य अतिथि द्वारा सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में वैशाखी पाल, मुस्कान झा, विमल मजूमदार, संगीता मुखर्जी, स्वीटी दास, विशाल झा आदि कलाकारों ने देर रात तक श्रोताओं का मनोरंजन किया। कार्यक्रम के सफल संचालन में आयोजक क्लब के दीपक ठाकुर, श्याम सुंदर पाल, कपिल कर, श्रीकांत दास, दानीनाथ कर, लालटू दास आदि सदस्यों की उल्लेखनीय भूमिका रही। करमाटांड़ प्रतिनिधि के अनुसार विजयादशमी के शुभ अवसर पर हटिया प्लॉट पूजा समिति के द्वारा दुर्गामंदिर प्रांगण में हवन पूजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसके बाद मंदिर प्रांगण में 221 कुंवारी कन्याओं को भोजन करवाया गया। समिति के सदस्यों द्वारा कन्याओं को दही, चूड़ा के साथ-साथ मिष्टान्न भोजन और फल खिलाया गया। सोमवार को प्रतिमा का विसर्जन किया जाएगा। कार्यक्रम के सफल संचालन में समिति के अध्यक्ष मितेश साह, सचिव अंगद साह, राजेन्द्र मंडल समेत गोपाल मंडल, कमल गुप्ता, विमल जायसवाल, आनंद साह, बलराम साह, सुनील साह, किशन जायसवाल, पवन जयसवाल, किशोर जायसवल, आशीष गुप्ता, घनश्याम गुप्ता, नितेश गुप्ता, मेघा कुमारी, धीरज साह, आकाश साह, सोनू गुप्ता, चंदन साह आदि की सराहनीय भूमिका रही।