Jamshedpur News: परसूडीह में पार्टी के बाद विवाद, युवक की पीट-पीटकर हत्या
Jamshedpur News: बांधडीह थाना क्षेत्र में एक युवक रोहित मुंडा की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। विवाद के दौरान उसे बुरी तरह पीटा गया, जिसके चलते उसकी मौत हो गई। स्थानीय लोग आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू की है।

Jamshedpur News: शहर के परसूडीह थाना क्षेत्र के बांधडीह में बुधवार देर रात एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान रोहित मुंडा (27) के रूप में हुई है। इधर, गुरुवार सुबह मामला सामने आने के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया। परिजनों और स्थानीय लोगों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर हंगामा किया। सूचना मिलने पर परसूडीह पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। जानकारी के अनुसार रोहित मुंडा बुधवार शाम सालगाझुड़ी में अपने दोस्तों के साथ एक पार्टी में शामिल होने गया था। पार्टी के दौरान किसी बात को लेकर उसका अपने साथियों से विवाद हो गया।
विवाद के बाद रोहित वहां से एक युवक की बाइक लेकर अपनी बस्ती बांधडीह पहुंच गया। इसके बाद बाइक मालिक और उसके साथ मौजूद अन्य युवक भी बांधडीह पहुंच गए।बताया जाता है कि बाइक लेकर आने को लेकर रोहित पर चोरी का आरोप लगाया गया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। आरोप है कि लाठी-डंडों से रोहित की जमकर पिटाई की गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों ने घायल रोहित को घर ले जाकर पानी पिलाया। कुछ देर तक उसकी हालत सामान्य रही, लेकिन अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद उसे अस्पताल ले जाने की तैयारी की जा रही थी, तभी उसकी मौत हो गई। मृतक के दोस्त बजरंग ने बताया कि पार्टी में शामिल सभी युवक नशे की हालत में थे। वहीं से विवाद शुरू हुआ, जो बाद में बांधडीह तक पहुंच गया। उसने बताया कि बाइक को लेकर हुए विवाद के बाद रोहित के साथ मारपीट की गई। परिजनों ने बस्ती के ही सुजल और हरिपद पर मारपीट कर हत्या करने का आरोप लगाया है। गुरुवार सुबह लोगों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर विरोध जताया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों के बयान के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


