गोलमुरी में विवाहिता की फंदे से लटकी मिली लाश
गोलमुरी नामदा बस्ती में एक नवविवाहिता की फंदे से लटकी लाश मिली। महिला का नाम सीमा बारी था। उसकी उम्र 25 वर्ष थी। बक्सर की रहने वाली सीमा का विवाह 28 फरवरी 2019 को नामदा बस्ती के टाटा स्टीलकर्मी सुधीर...
गोलमुरी नामदा बस्ती में एक नवविवाहिता की फंदे से लटकी लाश मिली। महिला का नाम सीमा बारी था। उसकी उम्र 25 वर्ष थी। बक्सर की रहने वाली सीमा का विवाह 28 फरवरी 2019 को नामदा बस्ती के टाटा स्टीलकर्मी सुधीर कुमार से हुई थी। सीमा के परिवारवालों का आरोप है कि उसे दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था, जिसकी वजह से उसने आत्महत्या का कदम उठाया। सीमा के भाई रमेश प्रसाद बारी ने बताया कि दो दिनों पहले बहन ने उसे फोन किया था। वह प्रताड़ना के बारे में बताना चाहती थी, लेकिन वह ट्रेन में था, जिस वजह से आवाज नहीं आ रही थी। शनिवार शाम उसे फोन आया कि सीमा को कुछ हो गया है। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। परिवारवालों ने जमशेदपुर में रहने वाले एक रिश्तेदार को सीमा के ससुराल भेजा तो मालूम चला कि वह मर चुकी है। सीमा के पति सुधीर ने उसके पिता को रात 8.30 बजे घटना की जानकारी दी। रविवार सुबह परिवारवालों ने गोलमुरी थाने में मामला दर्ज कराया है। शव को एमजीएम पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया गया है। सोमवार को शव का पोस्टमार्टम होगा।
चाचा हृदयशंकर बारी के बयान पर पति सुधीर कुमार, सास रेणु देवी, ससुर ददन प्रसाद पर मामला दर्ज कर लिया गया है। इस मामले में पुलिस को हत्या की आशंका है। फांसी लगाने से गले के ऊपर की ओर निशान होता है। लेकिन, इस मामले में ऐसा नहीं है। सीमा के गर्दन के पीछे की ओर दाग दिख रहा है। पुलिस ने घटना के बाद सीमा के पति, सास, देवर सभी से बात की। तीनों ने अलग-अलग जानकारी दी है। तीनों के बयान में अंतर है, जिससे पुलिस को आशंका है कि यह घटना आत्महत्या की नहीं है।