Jamshedpur News: चंदन गिरि की हत्या में पत्नी और सास गिरफ्तार
Jamshedpur News: सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के छायानगर में चंदन गिरि की हत्या में उसकी पत्नी इशिका कौर और सास राजकुमारी देवी को गिरफ्तार किया गया। पुलिस को जांच में पता चला कि विवाद के दौरान पत्नी और सास ने मिलकर चंदन का गला दबाकर हत्या की। मामला न्यायिक हिरासत में है।

Jamshedpur News: सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के छायानगर में चंदन गिरि की हत्या के मामले में पुलिस ने उसकी पत्नी इशिका कौर और सास राजकुमारी देवी को गिरफ्तार कर गुरुवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया। इस संबंध में चंदन की बहन लक्ष्मी कुमारी ने सीतारामडेरा थाने में इशिका कौर, राजकुमारी देवी, गोलू समेत अन्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी। प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और पत्नी व सास को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान दोनों ने हत्या में संलिप्तता स्वीकार की। पूछताछ में सामने आया कि चंदन और इशिका की शादी इसी साल मार्च में हुई थी।
शादी के बाद से ही दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। पुलिस के अनुसार, 24 अगस्त को चंदन और उसकी पत्नी मंदिर गए थे। रात करीब 10 बजे घर के बाहर दोनों के बीच दोबारा विवाद शुरू हो गया। इस दौरान विवाद बढ़ने पर पत्नी, सास समेत अन्य लोगों ने मिलकर चंदन का गला दबा दिया। दम घुटने से चंदन की मौत हो गई। इसके बाद देर रात शव को ठिकाने लगाने के उद्देश्य से सड़क किनारे फेंक दिया गया। घटना की जानकारी के बाद पुलिस ने शव बरामद कर जांच शुरू की थी। प्राथमिकी में नामजद आरोपियों से पूछताछ के बाद पुलिस ने पत्नी और सास को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।


