जुगसलाई निकाय चुनाव में वोटर लिस्ट में गड़बड़ी से लोगों में भड़का आक्रोश
जुगसलाई नगर परिषद चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई है, लेकिन वोटर लिस्ट में गड़बड़ी से लोग परेशान हैं। वार्ड 1 से 17 तक कई नाम दूसरे वार्ड में दर्ज हैं। नगर परिषद में शिकायतें दर्ज हुई हैं। कार्यपालक पदाधिकारी का कहना है कि 2026 के चुनाव के लिए वोटर लिस्ट में सुधार संभव नहीं है।

जुगसलाई नगर परिषद क्षेत्र में निकाय चुनाव के लिए अध्यक्ष और वार्ड पार्षद पद के नामांकन हो गए हैं। इसके साथ ही लोगों में वोटर लिस्ट को लेकर आक्रोश फैल गया है। वार्ड नंबर 1 से 17 तक दर्जनों लोगों के नाम दूसरे वार्ड की वोटर लिस्ट में दर्ज हो गए हैं। कुछ लोगों ने नगर परिषद में शिकायत भी दर्ज कराई है। कार्यपालक पदाधिकारी संदीप पासवान ने बताया कि 2026 के निकाय चुनाव के लिए अभी वोटर लिस्ट में सुधार संभव नहीं है। जानकारों के अनुसार, सर्वे और बूथ निर्धारण के दौरान दावा-आपत्ति नहीं होने से कई लोगों का वार्ड और बूथ बदल गया।
स्थिति यह है कि एक परिवार के नाम दो-दो वार्ड की मतदाता सूची में दर्ज हैं। स्टेशन रोड के सूरज सिंह ने कहा कि वार्ड बदलने से वोटरों और उम्मीदवारों दोनों को परेशानी हो रही है। गौरीशंकर रोड के विमान राय ने कहा कि पहली बार वार्ड और बूथ निर्धारण में ऐसी गलती हुई है। नयाबाजार के विजय पांडेय ने कहा कि दूसरे वार्ड के उम्मीदवार को वोट देकर मोहल्ले में काम का दबाव नहीं दे सकते। वहीं, बंगाली पाड़ा की पूजा ने नगर परिषद की लापरवाही की ओर ध्यान दिलाया। मालूम हो कि जुगसलाई नगर परिषद क्षेत्र में 22 वार्ड और 41 बूथ हैं, जहां कुल 44,239 लोग अध्यक्ष और वार्ड पार्षद पद के उम्मीदवारों को वोट देंगे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



