सोनारी में पुराने विवाद पर पथराव और तोड़फोड़, बदमाशों ने मचाया बवाल
सोनारी थाना क्षेत्र के पंचवटी नगर में गुरुवार रात पुरानी दुश्मनी के चलते असामाजिक तत्वों ने बवाल मचाया। तलवार और लाठी-डंडों से लैस बदमाशों ने दुकानों पर हमला किया और पथराव किया। इस घटना में एक महिला की सब्जी दुकान को नुकसान हुआ। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बदमाशों को भागने पर मजबूर किया।

सोनारी थाना क्षेत्र के पंचवटी नगर में गुरुवार रात पुराने विवाद को लेकर असामाजिक तत्वों ने जमकर बवाल मचाया। तलवार और लाठी-डंडों से लैस बदमाशों ने बस्ती में तोड़फोड़ की और कई दुकानों को निशाना बनाकर पथराव किया। कुछ देर के लिए इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। लोग अपनी जान बचाकर भागते दिखे। स्थानीय लोगों ने बताया कि बुधवार को होली के दौरान बस्ती में दो पक्षों में मारपीट हुई थी। मामले में सोनारी थाना में शिकायत की गई थी, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। इसी बात से आक्रोशित गुड्डू गोस्वामी अपने साथियों के साथ गुरुवार रात तलवार और लाठी-डंडा लेकर पहुंचा।
वह किसी युवक को ढूंढ रहा था। न मिलने पर उसने आसपास की दुकानों पर हमला बोल दिया। बदमाशों ने एक महिला की सब्जी दुकान को तहस-नहस कर दिया। महिला को भागकर अपनी जान बचानी पड़ी। कई दुकानों के बाहर पथराव किया गया। लोगों ने तुरंत सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, जिसके बाद बदमाश फरार हो गए।स्थानीय निवासियों का आरोप है कि पुलिस समय पर कार्रवाई नहीं करती, जिससे बदमाशों के हौसले बुलंद हैं। फिलहाल क्षेत्र में क्यूआरटी (क्विक रिस्पॉन्स टीम) तैनात कर दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश में जुटी है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


