Jamshedpur News: झारखंड आंदोलनकारी दुबराज कुंभकार का निधन, शोक की लहर
Jamshedpur News: बोड़ाम प्रखंड के निवासी और झारखंड आंदोलनकारी दुबराज कुंभकार का 65 वर्ष की आयु में हृदय गति रुकने से निधन हो गया। उन्होंने झारखंड राज्य की मांग में सक्रिय भूमिका निभाई और समाज का मार्गदर्शन किया। उनके निधन से क्षेत्र में शोक है और सम्मानपूर्वक सामुदायिक संवेदना व्यक्त की गई।

Jamshedpur News: पूर्वी सिंहभूम जिले के बोड़ाम प्रखंड अंतर्गत बड़ा सुसनी निवासी विशिष्ट झारखंड आंदोलनकारी दुबराज कुंभकार का मंगलवार को 65 वर्ष की आयु में हार्ट अटैक से निधन हो गया। दोपहर के समय अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में ही उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर मिलते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। छात्र जीवन से ही अलग झारखंड राज्य की मांग के आंदोलन में सक्रिय रहे दुबराज कुंभकार शहीद निर्मल महतो के विचारों से गहरे रूप से प्रभावित थे। उन्होंने आंदोलन में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के साथ-साथ हमेशा समाज को उचित मार्गदर्शन दिया।
अपने सरल, मृदुभाषी और मिलनसार स्वभाव के कारण वे क्षेत्र में अत्यधिक लोकप्रिय थे। उनके अचानक चले जाने से राजनीतिक और सामाजिक हलकों में अपूरणीय क्षति हुई है। वे अपने पीछे पत्नी और दो पुत्रों सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है।


