बामनी में चलती गाड़ी से कूदे 3 मजदूर, एक की मौत, 2 घायल
पटमदा के बामनी गांव के पास एक सड़क हादसे में तीन मजदूर घायल हुए, जिनमें से एक, 37 वर्षीय बुद्धेश्वर सिंह, ने इलाज के दौरान अस्पताल में दम तोड़ दिया। मजदूर टाटा मैजिक की छत पर सवार थे जब वाहन डगमगाने लगा और उन्होंने छलांग लगाई। परिजनों ने चालक की लापरवाही पर मुआवजे की मांग की है।
पटमदा: पटमदा प्रखंड के बामनी गांव के पास सोमवार शाम करीब साढ़े छह बजे हुए सड़क हादसे में घायल तीन मजदूरों में से एक की इलाज के दौरान मंगलवार को एमजीएम अस्पताल में मौत हो गई। मृतक की पहचान जोड़सा पंचायत अंतर्गत घोड़ाबांधा गांव निवासी 37 वर्षीय राजमिस्त्री बुद्धेश्वर सिंह के रूप में हुई है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, जमशेदपुर से मजदूरी कर लौट रहे कई मजदूर टाटा मैजिक (यात्री वाहन) की छत पर सवार थे। पटमदा मुख्य सड़क पर बामनी गांव के समीप अचानक वाहन डगमगाने लगा। वाहन के पलटने की आशंका से घबराए मजदूरों ने चलती गाड़ी से ही छलांग लगा दी, जिससे तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पटमदा पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल एमजीएम अस्पताल भिजवाया, जहां इलाज के दौरान बुद्धेश्वर सिंह ने दम तोड़ दिया।अस्पताल पहुंचे परिजनों ने चालक पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए प्रशासन से उचित मुआवजे की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


