
पटमदा के युवक को बंगाल में ट्रैक्टर ने कुचला, मौत
पटमदा के कमलपुर थाना क्षेत्र के माकुला गांव निवासी 28 वर्षीय अशोक माझी की रविवार रात सड़क हादसे में मौत हो गई। वह काम से लौटते समय एक ट्रैक्टर की चपेट में आ गए। हादसे के बाद उन्हें अस्पताल ले जाया...
पटमदा के कमलपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत माकुला गांव निवासी करीब 28 वर्षीय अशोक माझी की रविवार रात सड़क हादसे में मौत हो गई। वह पेशे से राजमिस्त्री था। हादसा पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले के पूंचा थाना क्षेत्र में हुआ। बांगुड़दा निवासी समाजसेवी अबोध कालिंदी ने बताया कि अशोक माझी रविवार शाम करीब 7 बजे फदलोगोड़ा से काम खत्म कर लौटा था। इसके बाद वह छोलागोड़ा गांव में रिश्तेदार के घर जा रहा था। रात करीब 9 बजे पूंचा बाजार के पास विपरीत दिशा से आ रहे एक ट्रैक्टर की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई। बताया गया कि ट्रैक्टर चालक खेत की जुताई कर सिंगल हेडलाइट में लौट रहा था।
रोशनी कम होने के कारण सामने से आ रहे बाइक सवार अशोक माझी ट्रैक्टर के कैजुअल में फंस गया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर पहुंची पूंचा पुलिस ने उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी कमलपुर थाना के माध्यम से परिजनों को दी गई। परिजन सोमवार सुबह पूंचा थाना पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए पुरुलिया मेडिकल कॉलेज ले गए। इस दौरान अबोध कालिंदी, नीलकमल महतो, वनमाली माझी और सुनील महतो भी मौजूद थे। बताया गया कि अशोक माझी दो भाइयों में बड़ा था। उसके परिवार में पत्नी और एक छोटा बेटा है। वह घर का कमाऊ सदस्य था। परिजन सदमे में हैं और रो-रोकर उनका बुरा हाल है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




