Jamshedpur News: जमशेदपुर : मरीन ड्राइव पर ट्रक में घुसी कार, मंत्री दीपिका पांडेय की बेटी समेत चार छात्र-छात्राओं की मौत
Jamshedpur News: जमशेदपुर के सोनारी थाना क्षेत्र में एक हादसे में चार छात्रों की मौत हो गई। मृतकों में झारखंड सरकार की मंत्री की बेटी युविका सिंह शामिल हैं। सभी छात्र कारमेल जूनियर कॉलेज में पढ़ते थे। घटना के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया, जबकि मंत्री मौके पर पहुंचीं।

Jamshedpur News: जमशेदपुर के सोनारी थाना क्षेत्र के मरीन ड्राइव में बुधवार देर रात करीब 2.40 बजे खड़े ट्रक में कार घुसने से चार छात्र-छात्राओं की मौत हो गई। मृतकों में झारखंड सरकार की ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी युविका सिंह उर्फ तृषा सिंह (18), सार्थक अग्रवाल (17 साल), नमन गुप्ता (17) और वंशिका खंडेलवाल (17) शामिल हैं। चारों कारमेल जूनियर कॉलेज में 12वीं के छात्र थे। घटना में कार के परखच्चे उड़ने के साथ तृषा और सार्थक के सिर धड़ से अलग हो गए। कार का अगला हिस्सा ट्रक के पीछे फंस गया। क्रेन बुलाकर कार को बाहर निकाला गया। इसके बाद कटर से कार को काटकर चारों के शव बाहर निकाले गए। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम अस्पताल भेजा। यहां से पोस्टमार्टम के बाद तृषा के शव को एंबुलेंस से रांची ले जाया गया, जहां अंतिम संस्कार होगा। अन्य शवों को भी परिजनों को सौंप दिया गया।
ट्रक में फंसी कार को क्रेन से बाहर निकाला गया
पुलिस के अनुसार, हादसा डोबो पुल और दोमुहानी घाट के बीच निर्मल नगर के पास हुआ। चारों छात्र-छात्राएं रात में मैगी खाने के लिए एनएच-33 की ओर निकले थे। वहां से मरीन ड्राइव से होकर घर लौट रहे थे। कार में आगे की सीट पर तृषा बैठी थी और सार्थक चला रहा था। जबकि पीछे की सीट पर वंशिका खंडेलवाल और नमन गुप्ता थे। इस दौरान सड़क पर खड़े ट्रक में कार घुस गई। ट्रक बुधवार रात से ही खराब था। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। हादसे की सूचना मिलते ही सोनारी और बिष्टूपुर पुलिस भी पहुंची। कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने के कारण उसमें फंसे छात्र-छात्राओं को तुरंत बाहर निकालना संभव नहीं था। डीएसपी सीसीआर मनोज ठाकुर के पहुंचने के बाद क्रेन और कटर की मदद से कार को काटकर शवों को निकाला गया। बेटी तृषा की मौत की सूचना के बाद मंत्री दीपिका पांडेय सिंह देवघर से चार्टर्ड विमान से जमशेदपुर के लिए रवाना हुईं। हालांकि खराब मौसम के कारण विमान रांची तक ही पहुंच पाया।
सीएम समेत कई नेताओं ने जताया शोक
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने हादसे पर शोक जताया। उन्होंने मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी समेत चार लोगों की मौत पर संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि संतान खोने के दुख को शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता। इधर, पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता अपनी पत्नी मेयर सुधा गुप्ता के साथ पहले घटनास्थल और फिर एमजीएम अस्पताल पहुंचे। अस्पताल में उपायुक्त और एसएसपी भी पहुंचे। अधिकारियों ने राहत, बचाव और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया की जानकारी ली।
ट्रक पर लदा था बाबरी, दुर्गापुर जा रहा था
ट्रक जमशेदपुर से पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर जा रहा था। उस पर बाबरी (लोहे का डस्ट) लदा था। रात 10 बजे ब्रेक डाउन होने के बाद ट्रक सड़क पर खड़ा था। उसमें सुरक्षा के लिए रिफ्लेक्टर, चेतावनी संकेत व अन्य व्यवस्था नहीं थी। ट्रक के पीछे एक टहनी लगा दी गई थी।

