
सड़क दुर्घटना में घायल महिला की इलाज के दौरान मौत, मुआवजे को लेकर थाना घेरा
मानगो बस स्टैंड गोलचक्कर के पास एक चेसिस की चपेट में आकर दंपती लाल कुमार विश्वकर्मा और नीलम विश्वकर्मा की मौत हो गई। परिजनों ने मुआवजे की मांग करते हुए सीतारामडेरा थाने का घेराव किया। विधायक सरयू राय ने चेसिस मालिक से बात की। दंपती के दो छोटे बच्चे अनाथ हो गए हैं।
मानगो बस स्टैंड गोलचक्कर के पास शनिवार शाम चेसिस की चपेट में आकर जान गंवाने लाल कुमार विश्वकर्मा की घायल पत्नी नीलम विश्वकर्मा ने भी देर रात घायल टीएमएच में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे में पति-पत्नी की मौत से गुस्साए परिजनों ने रविवार दोपहर सीतारामडेरा थाने का घेराव कर दिया। इस दौरान विधायक सरयू राय, भाजपा नेता नीरज सिंह, प्रीति सिन्हा समेत अन्य लोग भी थाना पहुंचे और परिजनों का समर्थन किया। परिजन चेसिस मालिक से मुआवजे की मांग कर रहे थे। परिजनों ने बताया कि जिस चेसिस से दुर्घटना हुई है, वह टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन के पूर्व अध्यक्ष गुरमीत सिंह उर्फ तोते की है।
परिजनों ने 50 लाख रुपये मुआवजा और मृत दंपती के बच्चों को नौकरी देने की मांग की। हालांकि गुरमीत सिंह इलाज के लिए शहर से बाहर हैं। विधायक सरयू राय ने उनसे फोन पर बात की, जिसपर गुरमीत ने वापस लौटकर बात करने की बात कही। सरयू राय ने कहा कि मृतकों के दो छोटे बच्चे हैं। दंपती की मौत के बाद उनकी परवरिश कौन करेगा। इसके लिए परिजनों ने मुआवजे और नौकरी की मांग की है। अगर मुआवजे पर सहमति नहीं बनती है तो टाटा मोटर्स यार्ड के बाहर धरना-प्रदर्शन करेंगे और चेसिस को बाहर निकलने नहीं दिया जाएगा। इस दौरान दो घंटे तक परिजन थाने में मौजूद रहे। गौरतलब है कि शनिवार को लाल कुमार विश्वकर्मा और उनकी पत्नी नीलम बाइक पर सवार होकर मानगो से साकची की ओर जा रहे थे। शाम को बस स्टैंड गोलचक्कर पर एक चेसिस ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया, जिससे लाल की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, नीलम को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल ले जाया गया। स्थिति को देखते हुए देर रात एक बजे उन्हें बेहतर इलाज के लिए टीएमएच रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान नीलम ने दम तोड़ दिया। फिलहाल नीलम के शव को टीएमएच और लाल के शव को एमजीएम अस्पताल के शव गृह में रखा गया है। जदयू ने की दिन में भारी वाहनों पर रोकने लगाने की मांग जमशेदपुर। मानगो बस स्टैंड गोलचक्कर के पास चेसिस की चपेट में आकर बाइक सवार दंपती की मौत पर जनता दल यूनाइटेड (जदयू) पूर्वी सिंहभूम जिला प्रवक्ता आकाश शाह ने गहरा शोक जताया है। उन्होंने इसे हृदयविदारक घटना बताते हुए कहा कि हादसे में दोनों अभिभावकों की मौत से उनके छोटे बच्चे अनाथ हो गए हैं। आकाश ने कहा कि मानगो बस स्टैंड क्षेत्र दुर्घटना-संवेदनशील है और दिन में भारी मालवाहक वाहनों की आवाजाही से जान का खतरा बना रहता है। इससे मानगो पुल पर घंटों जाम की स्थिति भी उत्पन्न होती है। उन्होंने जिला प्रशासन से शहर में दिन के समय भारी वाहनों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग की है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




