
टेल्को में वाहन चेकिंग के दौरान स्कूटी से गिरी महिला, लोगों ने पुलिस को घेरा, हंगामा
शनिवार को टेल्को के जीई हॉस्टल के पास एक महिला स्कूटी से गिर गई। घटना के बाद गुस्साए लोगों ने पुलिसकर्मियों को घेर लिया। आरोप है कि पुलिस ने चेकिंग के दौरान महिला को धक्का दिया। महिला को हल्की चोटें...
टेल्को के जीई हॉस्टल के पास शनिवार को यातायात पुलिस की चेकिंग के दौरान एक महिला स्कूटी से गिर गई। इस घटना के बाद गुस्साए लोगों ने पुलिसकर्मियों को घेर लिया और हंगामा करने लगे। इससे पुलिसकर्मी भीड़ का गुस्सा देखकर फरार हो गए। लोगों का आरोप है कि पुलिस द्वारा चेकिंग के दौरान महिला को पकड़ने का प्रयास किया गया और धक्का मारकर स्कूटी से गिरा दिया गया। हालांकि इस मामले में पुलिसकर्मियों का कहना है कि महिला बिना हेलमेट के अपने बच्चे के साथ जा रही थी। चेकिंग देखकर वह स्कूटी घुमाने लगी, जिससे अनियंत्रित होकर गिर गई। घटना के बाद महिला को हल्की चोट भी आई।

स्थानीय क्लीनिक में उसने इलाज कराया। मामले को लेकर यातायात डीएसपी नीरज ने जांच के आदेश दिए हैं। डीएसपी ने कहा कि इसके लिए गोलमुरी यातायात थाना प्रभारी शैलेंद्र को जांच करने को कहा गया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है। जांच में अगर पुलिसकर्मियों की गलती पाई जाती है तो उन्हें निलंबित किया जाएगा। हंगामे का वीडियो हुआ वायरल इधर, घटना के बाद स्थानीय लोगों ने एक वीडियो भी बना लिया, जो वायरल हो रहा है। इस वीडियो में गुस्साए लोग पुलिस को घेरते दिख रहे हैं। इसमें मौके से पुलिसकर्मी भागते हुए नजर आ रहे हैं। लोगो ने यह भी आरोप लगाया कि पुलिस अवैध वसूली के लिए चेकिंग करती है, जिससे लोगों को परेशानी होती है। पहले भी हो चुकी हैं ऐसी घटनाएं शहर में यातायात पुलिस पर आए दिन कई आरोप लगते रहे हैं। पिछले दिनों मानगो के पारडीह में यातायात पुलिसकर्मी पर वाहन चालक से धक्का-मुक्की का आरोप लगा था, जिसके बाद मजदूरों ने सड़क जाम कर दी थी। इससे पहले स्टेशन रोड में हेलमेट चेकिंग के दौरान पुलिस पर जांच के दौरान बाइक सवार का पीछा करने का आरोप लगा था। सिदगोड़ा में बाइक से दुर्व्यवहार का मामला सामने आया था। इस मामले में कार्रवाई भी हुई थी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


