ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News झारखंड जमशेदपुरटिप्स : एक्वेरियम के ऊपर उपजाएं सब्जियां, पानी और खाद बचेंगे

टिप्स : एक्वेरियम के ऊपर उपजाएं सब्जियां, पानी और खाद बचेंगे

घरों में शौकिया तौर पर एक्वेरियम में मछली रखने वाले अब उसके ऊपर एक्वापोनिक विधि से सब्जियों की खेती भी कर सकते हैं। बिष्टूपुर स्थित गोपाल मैदान में लगे फ्लावर शो में सोमवार को इसके बारे में जानकारी...

टिप्स : एक्वेरियम के ऊपर उपजाएं सब्जियां, पानी और खाद बचेंगे
हिन्दुस्तान टीम,जमशेदपुरTue, 26 Dec 2017 08:57 PM
ऐप पर पढ़ें

घरों में शौकिया तौर पर एक्वेरियम में मछली रखने वाले अब उसके ऊपर एक्वापोनिक विधि से सब्जियों की खेती भी कर सकते हैं। बिष्टूपुर स्थित गोपाल मैदान में लगे फ्लावर शो में सोमवार को इसके बारे में जानकारी दी गई। टाटा स्टील के अमृतांशु व जुस्को के गौरव आनंद, जमशेदपुर में एक्वापोनिक के अविष्कारक हैं। इस विधि से मछली के टैंक पर ही ब्रोकली, बंधा गोभी, मिर्च, नींबू, बिंस, टमाटर, शिमला मिर्च व मूली की खेती की जा सकती है। इसके लिए मिट्टी या खाद की जरूरत नहीं है और पानी का इस्तेमाल भी 90 प्रतिशत कम हो जाएगा। एक्वापोनिक विधि से खेती को फ्लावर शो में अट्रैक्शन ऑफ द शो का पहला पुरस्कार मिला है।

क्या है विधि : मछली टैंक पर प्लास्टिक के पॉट में क्ले एग्रीगेट या कुल्हड़ को तोड़कर डालें। ये पत्थर, पानी को सोखकर रखते हैं। पॉट को पानी के पाइप से मछली टैंक से जोड़ें। पानी के मोटर से मछली के टैंक का पानी ऊपर पॉट में आएगा। मछली का वेस्ट सब्जियों की खेती के लिए उपयोगी है और खेती के वेस्ट मछलियों के खाने के काम आएंगे। इस विधि को भविष्य की खेती के रूप में देखा जा रहा है। नीम पत्ते का पानी सब्जियों के लिए लाभदायक : तकनीकी सत्र में बिरसा कृषि विश्वविद्यालय के वैज्ञानिक डॉ. मनोज कुमार वर्णवाल ने बताया कि नीम पत्ते का पानी सब्जियों के लिए लाभदायक है। नीम के पत्ते को तीन-चार दिनों तक पानी में सड़ाकर रखे। फिर इसमें दोगुना पानी मिलाकर सब्जियों में छिड़काव करें। बैंगन में लगने वाले कीड़े के लिए यह रामबाण दवा है। वहीं, गुलाब की खेती में कोयले की राख का छिड़काव फूलों पर करें। इससे खेती में कीड़े नहीं लगेंगे और दो दिन बाद पानी का छिड़काव से इसे हटाया जा सकता है। सत्र में जुस्को के गौरव आनंद, अनिल कुमार विद्यार्थी, डॉ. हाश्मी जमील हुसैन व डॉ. आर कुमार ने भी संबोधित किया। फ्लावर शो की तीसरी शाम विभिन्न स्कूल के बच्चों व युवाओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें