
साकची जेल चौक पर दो कार टकरायी, तीन घायल
संक्षेप: जमशेदपुर, संवाददाता। साकची जेल चौक के पास गुरुवार की दोपहर एक सड़क हादसे में तीन
जमशेदपुर, संवाददाता। साकची जेल चौक के पास गुरुवार दोपहर एक सड़क हादसे में तीन लोग घायल हो गए। हादसा इतना जोरदार था कि दोनों कारों के एयरबैग खुल गए और उनके आगे का पूरा हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज रफ्तार और लापरवाही इस दुर्घटना की मुख्य वजह रही। जानकारी के मुताबिक, एग्रिको निवासी मोहित शर्मा अपनी पत्नी के साथ पुराने कोर्ट रोड की ओर से जेल चौक की तरफ जा रहे थे। इस दौरान विपरीत दिशा से आ रही बंगाल नंबर की कार ने उनकी कार को सामने से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तीव्र थी कि आसपास के लोग दौड़ पड़े।

हादसे में मोहित शर्मा की पत्नी, दूसरी कार में सवार एक महिला और युवक घायल हो गए। लोगों की मदद से सभी को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। दो घायलों को गंभीर अवस्था में टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) में भर्ती कराया गया है, जबकि मोहित शर्मा की पत्नी को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। सूचना मिलते ही साकची थाना पुलिस पहुंची और दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को जब्त कर थाने ले गई। टक्कर के कारण जेल चौक के आसपास कुछ देर के लिए यातायात बाधित रहा। बाद में पुलिस ने वाहनों को हटाकर स्थिति सामान्य की।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




