Jamshedpur News: पुलिस की गश्त फेल, डिमना रोड में 12 दुकानों के ताले तोड़कर चोरी
Jamshedpur News: मानगो-डिमना रोड बाजार में चोरों ने शनिवार रात 10 से 12 दुकानों को निशाना बनाया। दुकानदारों ने सुबह अपने टूटे ताले और खाली गल्ले देखकर आक्रोश व्यक्त किया। व्यापारियों का कहना है कि रात में पुलिस की गश्त कमजोर थी, जिससे चोरी की यह बड़ी घटना हुई। वे सुरक्षा में सुधार की मांग कर रहे हैं।

Jamshedpur News: मानगो-डिमना रोड बाजार में शनिवार देर रात चोरों ने करीब 10 से 12 दुकानों को निशाना बनाया। बदमाश पूरी रात बाजार की गलियों में घूमते रहे और एक-एक कर दुकानों के ताले तोड़ते हुए नकदी व कीमती सामान समेटकर फरार हो गए। रविवार सुबह जब दुकानदार अपनी दुकानें खोलने पहुंचे तो टूटे ताले, बिखरा सामान और खाली गल्ले देखकर उनके होश उड़ गए। देखते ही देखते बाजार में व्यापारियों की भीड़ जुट गई और आक्रोश फैल गया। जिन दुकानों में चोरी हुई, उनमें श्याम जनरल स्टोर, विष्णु भंडार, मां वैभव वैष्णो मेडिकल, मनोज केजरीवाल हार्डवेयर, रामाज्ञा आटा चक्की, राधा कृष्ण ट्रेलर और शुभम स्टोर समेत कई अन्य प्रतिष्ठान शामिल हैं।
दुकानदारों के अनुसार, चोर किसी जल्दबाजी में नहीं थे। उन्होंने एक दुकान का ताला तोड़ा, चोरी की और फिर दूसरी दुकान की ओर बढ़ गए। कई दुकानों के गल्ले से नकदी निकाल ली गई, जबकि कुछ स्थानों से अन्य सामान भी गायब है। कई दुकानों के ताले तोड़ने का प्रयास भी किया गया। घटना ऐसे समय हुई, जब रात में न तो बारिश थी और न ही मौसम खराब था। इसके बावजूद बदमाश लंबे समय तक बाजार में सक्रिय रहे, जिससे पुलिस की रात्रि गश्त पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। व्यापारियों का कहना है कि यदि गश्त दल नियमित रूप से बाजार का भ्रमण करता तो चोर इतनी देर तक वारदात को अंजाम नहीं दे पाते। सूचना मिलने पर मानगो थाना पुलिस पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है तथा चोरी में शामिल बदमाशों की पहचान का प्रयास कर रही है। लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से व्यापारियों में नाराजगी है। उनका कहना है कि बाजार में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, रात्रि गश्त प्रभावी बनाने और चोरी में शामिल अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी के बिना ऐसी घटनाओं पर रोक लगाना मुश्किल है। व्यापारियों ने चेतावनी दी कि यदि सुरक्षा व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो वे आंदोलन को विवश होंगे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


