कुत्तों का आतंक, सबर महिला समेत आठ को काटा
धालभूमगढ़ व चाकुलिया में कुत्तों के आतंक से सभी परेशान हैं। रविवार को कुत्ता ने सबर महिला समेत आठ लोगों को काट लिया। सभी का अस्पताल में इलाज कराया गया। जोगीसोल पंचायत के तिलावनी की एक सबर महिला को...
धालभूमगढ़ व चाकुलिया में कुत्तों के आतंक से सभी परेशान हैं। रविवार को कुत्ता ने सबर महिला समेत आठ लोगों को काट लिया। सभी का अस्पताल में इलाज कराया गया। जोगीसोल पंचायत के तिलावनी की एक सबर महिला को रविवार की सुबह कुत्ते ने काट लिया। जख्मी महिला को लेकर पंचायत समिति सदस्य सह झामुमो नेता चेतन मुर्मू सीएचसी पहुंचे। कुत्ते ने उन पर हमला कर दिया तथा पैर में काटने के साथ ही कई जगह नोच दिया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टर मयंक पांडेय ने दुली सबर का प्राथमिक इलाज कर कुत्ता काटने का इंजेक्शन दिया। घायल महिला को वापस घर पहुंचाने के नाम पर काफी देर तक हंगामा होता रहा। चैतन्य मुर्मू ने चिकित्सा प्रभारी से कहा कि महिला को एम्बुलेंस या ममता वाहन से उसके घर पहुंचाने की व्यवस्था की जाए। इस पर उन्होंने कहा कि ऐसी कोई व्यवस्था नहीं है। फिर विधायक रामदास सोरेन को घटना की जानकारी दी गई। विधायक के कहने के बाद प्रभारी ने एम्बुलेंस की व्यवस्था कराई। दुली सबर को एम्बुलेंस से उसके घर पहुंचाया गया। मौके पर दशमत मुर्मू, अमिताभ मुखर्जी, इनामुल अली, रंजीत उपाध्याय, श्यामा री आदि उपस्थित थे। उधर, चाकुलिया के रेलवे फाटक के पास एक पागल कुत्ते ने रविवार की सुबह सात लोगों को काटकर जख्मी कर दिया। चाकुलिया के सुधीर पातर, बंगाल के मानिकपाड़ा निवासी सौमेंदु आचार्य, मुस्लिम बस्ती के मो. शाहीद, कलिम अंसारी, महुलबेड़ा निवासी अजित मुंडा, दखिनशोल के घनश्याम पातर और दिघी गांव की मीरा कालिंदी को कुत्ता ने काट लिया। सभी का इलाज चाकुलिया सीएचसी में किया गया।