दोहा से असगर ने कहा, हम मिसाइल गिन और वीडियो बना रहे हैं
कतर की राजधानी दोहा में अमेरिकी सैन्य एयरबेस के पास शनिवार को 20 से 30 मिसाइल दागे जाने की घटना से भारतीय प्रवासियों में दहशत फैल गई है। स्थानीय प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सुरक्षा बढ़ा दी है। कुछ परिवार सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट हो गए हैं। सऊदी अरब में उमरा पर गए भारतीयों में भी चिंता है, लेकिन वहां स्थिति सामान्य है।

कतर की राजधानी दोहा स्थित अमेरिकी सैन्य एयरबेस पर शनिवार को इफ्तार से ठीक पहले 20 से 30 मिसाइल दागने की खबर से प्रवासी भारतीयों में दहशत का माहौल है। हालांकि स्थानीय प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एयरबेस के आसपास के इलाके को खाली करा लिया और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। कतर के दोहा में रहने वाले भारतीय, जिसमें जमशेदपुर के भी युवक शामिल हैं। वे अपने संबंधियों को वीडियो भी भेज रहे हैं। दोहा में रह रहे मोहम्मद सुमैल ने फोन पर बताया कि इफ्तार की तैयारी के दौरान अचानक तेज धमाकों की आवाजें सुनाई दीं। कुछ ही मिनटों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
लोगों ने सोशल मीडिया पर हमले की सूचना साझा करनी शुरू कर दी। दोहा के ही मुस्तकीम अहमद ने बताया कि जिस इलाके में अमेरिकी मिलिट्री बेस है, वहां से लोगों को तत्काल हटाया गया। सायरन बज रहे थे और सुरक्षा बल सक्रिय हो गए थे। हमें घरों के भीतर रहने की सलाह दी गई। उन्होंने कहा कि एयरबेस के समीप रहने वाले मो. असगर ने बताया कि एहतियात के तौर पर उन्होंने दोपहर में ही अपना घर खाली कर दिया था। हमें सूचना मिली थी कि हालात बिगड़ सकते हैं। इसलिए परिवार को लेकर एक रिश्तेदार के यहां शिफ्ट हो गए। अब वहीं ठहरे हैं। उनके अनुसार, आसपास के कई परिवारों ने भी सुरक्षित स्थानों पर शरण ली है। दोहा में कार्यरत एक अन्य प्रवासी शफीक आलम ने बताया कि बाजार और सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। स्थिति तनावपूर्ण जरूर है, प्रशासन लगातार अपडेट दे रहा है। इधर, सऊदी अरब में रमजान पर उमरा करने गए जमशेदपुर के करीब 300 लोगों के परिजनों में भी चिंता है। ट्रेवल एजेंसियों के माध्यम से गए जायरीन ने बताया कि वहां स्थिति सामान्य है। रियाद से अब्दुल वहीद ने कहा कि दहशत की खबरें जरूर हैं, लेकिन यहां किसी तरह का खतरा महसूस नहीं हो रहा। उमरा शांतिपूर्वक जारी है। उमरा पर गईं यासमीन तबस्सुम ने बताया कि उन्हें हमले का कोई प्रत्यक्ष अनुभव नहीं हुआ। बाद में कुछ लोगों से जानकारी मिली कि दोहा में हमला हुआ है, लेकिन यहां माहौल सामान्य है। ट्रेवल एजेंसी संचालक रिजवान खान ने बताया कि सऊदी अरब में भारतीय दूतावास और स्थानीय प्रशासन हालात पर नजर रखे हुए हैं। फिलहाल उमरा यात्रियों की सुरक्षा को लेकर कोई विशेष अलर्ट नहीं है, लेकिन हम सभी से सतर्क रहने की अपील कर रहे हैं।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



