स्टेशन रोड में हंगामे के बीच 16 दुकानों पर चला रेलवे का बुलडोजर

Jan 18, 2026 02:38 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, जमशेदपुर
share Share
Follow Us on

टाटानगर स्टेशन के पुनर्विकास के लिए रेलवे ने कीताडीह रोड पर 55-60 वर्ष पुरानी 16 लीजधारी दुकानों को ध्वस्त कर दिया। दुकानदारों ने विरोध किया, लेकिन रेलवे ने अभियान जारी रखा। कुछ दुकानदारों ने हाईकोर्ट में याचिका दायर की है। रेलवे को नई सड़क और स्टेशन के लिए 45 हजार वर्गमीटर जमीन की आवश्यकता है।

स्टेशन रोड में हंगामे के बीच 16 दुकानों पर चला रेलवे का बुलडोजर

टाटानगर स्टेशन पुनर्विकास को लेकर रेलवे इंजीनियरिंग विभाग ने शुक्रवार दोपहर कीताडीह रोड में 55-60 वर्ष पुरानी लीजधारी दुकानों को तोड़ने का अभियान चलाया। दुकानदारों ने विरोध और हंगामा के बीच बुलडोजर ने तीन-चार घंटे में 16 दुकानों और आठ रेलवे क्वार्टर को ध्वस्त कर दिया। इस दौरान सुरक्षा में बागबेड़ा थाना और आरपीएफ जवान तैनात थे। रेलवे अभियान को लेकर कीताडीह रोड में सुबह से दुकानदारों और स्थानीय लोगों में चर्चाओं का बाजार गर्म था। सैकड़ों लोग सड़क के दोनों छोर पर खड़े होकर रेलवे की कार्रवाई को गैर जिम्मेदाराना बता रहे थे, लेकिन रेलवे ने किसी के तर्क पर ध्यान न देकर अभियान जारी रखा।

इससे स्टेशन रोड एवं खासमहल समेत रेलवे की जमीन से संचालित अन्य दुकानदारों में हड़कंप था, क्योंकि विरोध या अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस एवं आरपीएफ के अतिरिक्त बल सतर्क थे। अभियान के दौरान कई दुकानदारों ने खुद अन्य जगह जाने की जानकारी पुलिस और आरपीएफ को दी। रेलवे के अनुसार, स्टेशन चौक से कीताडीह रोड में अभियान दिन बदलकर जारी रहेगा, ताकि स्टेशन पुनर्विकास एवं अन्य निर्माण योजनाओं के लिए जमीन की दिक्कत न हो। मालूम हो कि, स्टेशन चौक कीताडीह रोड के 27 और खासमहल रोड में 5 लीजधारी दुकानों को नोटिस देकर 3 जनवरी तक जमीन खाली करने का आदेश दिया था, लेकिन सांसद की पहल से रेलवे ने मकर सक्रांति तक दुकान खाली करने की मोहलत दी थी। इसके बाद रेलवे जमीन से दुकानदारों का कब्जा नहीं हटने पर अभियान चलाया गया। सूचना के अनुसार, रेलवे 40 अन्य जर्जर क्वार्टर को भी अभियान के दौरान तोड़ेगा। दुकान तोड़ने में पक्षपात करने का आरोप इस अभियान के दौरान रेलवे पर पक्षपात का आरोप भी लगा है। इससे कई बार हंगामा हुआ। चौधरी होटल के मालिक राजू प्रसाद ने कहा कि रेलवे इंजीनियरिंग विभाग एक पार्टी नेताओं के इशारे पर कई दुकानों को छोड़कर कानूनी कार्रवाई का झांसा दे रहा है। उन्होंने कहा कि स्टेशन रोड में अभियान एक किनारे की दुकान से शुरू करने के बदले बीच में मेरे होटल व एक सैलून से शुरू किया गया। उसने कहा कि 11 दुकानों को रेलवे ने तीन दिन की मोहलत दे दी, जबकि मेरे होटल और सैलून का सामान रेलकर्मियों ने जबरन निकालने के दौरान क्षतिग्रस्त कर दिया। दुकान के सामान को सड़क किनारे फेंक दिया गया। दूसरी ओर, सैलून संचालक शंकर ठाकुर ने कहा कि रेलकर्मी और आरपीएफ हमें 5 मिनट का भी समय नहीं दिया, जबकि अन्य दुकानदारों को अभियान के दौरान शटर बंद कर लेने का सुझाव दे रहे थे। इधर, एक महिला ने जबरन सामान निकालकर दुकान तोड़ने पर आक्रोश जताया। महिला के अनुसार, दूसरे दुकानदारों को सोमवार तक समय दे दिया, लेकिन हमारे हजारों के सामान को बर्बाद कर दिया। महिला ने पूछा कि क्या रेलवे हर्जाना देगा। सोमवार बाद चलेगा बुलडोजर रेलवे एईएन आरके बर्मा के अनुसार, टाटानगर स्टेशन विकास को लेकर कीताडीह रोड में 27 दुकानों को तोड़ने की नोटिस दिया गया था, लेकिन चक्रधरपुर मंडल विधि विभाग ने फिलहाल 10 दुकानों को तोड़ने पर रोक लगाई है। बताया जाता है कि रेलवे नोटिस के खिलाफ 10 दुकानदारों ने झारखंड हाईकोर्ट में अर्जी दी थी, जिसमें सोमवार को सुनवाई होने की उम्मीद है। हाईकोर्ट के निर्देशानुसार रेलवे स्टेशन चौक से कीताडीह रोड में कार्रवाई करेगा। इधर, खासमहल साउथ सेटेलमेंट गोलपहाड़ी रोड के 5 में से 4 दुकानदारों को भी हाईकोर्ट से स्टे मिलने के कारण अभियान कुछ दिन नहीं चलने की उम्मीद है। हालांकि, नई सड़क बनाने की योजना से स्टेशन चौक व कीताडीह रोड की जमीन को खाली कराना रेलवे की प्राथमिकता है। विरोध जताकर दुकान के ऊपर चढ़ गया दुकानदार हेलो गुड न्यूज नामक मोबाइल दुकान का संचालक अभियान का विरोध करते हुए शेड पर चढ़ गया, जिसे सुरक्षा जवानों ने जबरन नीचे उतारा। शांति देवी नामक वृद्ध महिला ने भी विरोध जताया था लेकिन आरपीएफ की महिला जवानों ने उसे समझाकर दुकान से बाहर निकालकर सड़क पर बैठा दिया। एक बार लगा कि नहीं चलेगा अभियान मजिस्ट्रेट के 11 बजे तक स्टेशन कीताडीह रोड में नहीं आने से एक बार दुकानदारों को लगा कि शुक्रवार को अभियान नहीं चलेगा। रेल अधिकारियों ने प्रशासनिक पदाधिकारी से फोन में संपर्क कर फोर्स तैयार रहने के साथ मजिस्ट्रेट मनोज कुमार के नहीं पहुंचने की जानकारी दी। इससे मजिस्ट्रेट के अचानक ट्रेनिंग में जाने का पता चला था। लेकिन प्रशासनिक पदाधिकारी ने रेलवे अभियान के लिए तत्काल पीडब्ल्यूडी विभाग के आरके महतो को मजिस्ट्रेट नियुक्त कर भेजा। इससे अभियान दिन में 10 बजे के बदले 12.39 बजे शुरू हुआ। रेलवे को 45 हजार वर्गमीटर जमीन की जरूरत जानकार बताते हैं कि दुकानों को तोड़ने के बाद रेलवे स्टेशन रोड में पेट्रोल पंप के पास से खासमहल गोलपहाड़ी मोड तक नई सड़क बनाएगा, जबकि स्टेशन का नया भवन पार्किंग क्षेत्र में बनने के कारण मुख्य सड़क पर वाहनों का स्टैंड बनना है। टाटानगर पुनर्विकास के तहत कई तरह के निर्माण के लिए रेलवे गति शक्ति को करीब 45 हजार वर्गमीटर जमीन की जरूरत है। इससे रेलवे इंजीनियरिंग विभाग लीजधारी दुकानदारों और अवैध कब्जा करने वालों को नोटिस देकर जमीन खाली कराने में जुटा हैं।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

;;;