
टाटा वर्कर्स यूनियन का एजीएम 13 को होगी, नोटिस जारी
टाटा वर्कर्स यूनियन की वार्षिक आमसभा (एजीएम) 13 दिसंबर को होगी। एजीएम में मृत सदस्यों को श्रद्धांजलि देने के बाद संशोधित संविधान और वित्तीय वर्ष 2024-25 के अंकेक्षित एकाउंट पेश किए जाएंगे। कर्मचारियों के लिए जानकारी और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए दस्तावेज़ 6 से 11 दिसंबर तक उपलब्ध रहेंगे।
जमशेदपुर संवाददाता टाटा वर्कर्स यूनियन की वार्षिक आमसभा (एजीएम) की तिथि की घोषणा गुरुवार को कर दी गई। महामंत्री सतीश कुमार सिंह के हस्ताक्षर से जारी नोटिस के मुताबिक एजीएम 13 दिसंबर को होगी। यह एजीएम कंपनी परिसर स्थित वर्क्स जनरल ऑफिस लॉन में दोपहर 3.30 बजे से शुरू होगी। इस एजीएम को बेहद अहम माना जा रहा है। नोटिस के अनुसार एजेंडा के पहले बिंदु में मृत सदस्यों को श्रद्धांजलि दी जायेगी। इसके बाद एजीएम में कमेटी मेंबर्स द्वारा संशोधित संविधान के प्रस्ताव तथा वित्तीय वर्ष 2024-25 के अंकेक्षित एकाउंट पेश किए जाएंगे। कर्मचारियों की जानकारी और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से संशोधित संविधान एवं अंकेक्षित एकाउंट की प्रति 6 से 11 दिसंबर तक यूनियन कार्यालय में कार्य दिवस के दौरान उपलब्ध रहेगी, जहां सदस्य इसे देख सकेंगे।
यूनियन के वे सदस्य जो टीएमएच, ट्यूब डिवीजन, टाउन डिवीजन तथा जनरल ऑफिस में कार्यरत हैं, वे अपना गेट पास दिखाकर कंपनी के किसी भी गेट से प्रवेश कर सकेंगे। आमसभा में उपस्थिति दर्ज कराने के लिए उपस्थिति पंजिका में हस्ताक्षर करते समय गेट पास दिखाना अनिवार्य होगा। टाटा वर्कर्स यूनियन की यह एजीएम न केवल संशोधित संविधान को मंजूरी देने बल्कि वित्तीय पारदर्शिता और संगठनात्मक प्रक्रियाओं को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित हो सकता है। कर्मचारियों की निगाहें 13 दिसंबर को होने वाली बैठक पर टिकी हैं। मालूम हो कि पिछली एजीएम 15 मई 2015 को हुई थी। बताया जा रहा है कि यूनियन के संविधान में अबतक तीन बार संशोधन हुआ है। वर्ष 1956, 1971 और 2015 में संशोधन हुआ है।। अगर इन प्रस्तावों पर एजीएम में मुहर लगाई जाती है तो इसे कानूनी जामा पहनाने के लिए ट्रेड यूनियन रजिस्ट्रार के पास भेजा जायेगा। ट्रेड यूनियन रजिस्ट्रार से अनुमोदन मिलते ही यह प्रस्ताव यूनियन संविधान का हिस्सा बन जाएगा।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




