
स्टील आयात से नहीं, अनफेयर प्राइस से समस्या : टीवी नरेंद्रन
संक्षेप: टाटा स्टील के प्रबंध निदेशक टीवी नरेन्द्रन ने कहा कि कंपनी का दूसरी तिमाही का रिजल्ट बेहतर आया है, लेकिन यूके का प्रदर्शन संतोषजनक नहीं रहा। उन्होंने महिलाओं के लिए नाइट शिफ्ट में काम करने की पहल का स्वागत किया, जिससे लैंगिक विविधता बढ़ेगी। सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कंपनी प्रतिबद्ध है।
टाटा स्टील के प्रबंध निदेशक (एमडी) टीवी नरेन्द्रन ने कहा कि टाटा स्टील की दूसरी तिमाही का रिजल्ट बेहतर आया है। यह बेहतर रिजल्ट न केवल इंडिया के सारे लोकेशनों का आया है, बल्कि विदेशों में भी बेहतर परफार्मेंस रहा है। हालांकि यूके का रिजल्ट संतोषजनक नहीं रहा। यह जानकारी टाटा स्टील के सीईओ और एमडी टीवी नरेन्द्रन ने शनिवार की शाम को गोपाल मैदान बिष्टूपुर में जनजातीय महोत्सव संवाद-25 के शुभारंभ के बाद पत्रकारों से कहीं। उन्होंने बताया कि अब भी स्टील इंडस्ट्री के सामने चुनौतियां काफी हैं। सबसे बड़ी चुनौती स्टील की कम कीमत की है। स्टील की कीमत सबसे नीचे है।

उन्होंने कहा कि बाहर के देशों से आ रहे स्टील से कोई परेशानी नहीं है। परेशानी स्टील के अनफेयर प्राइस को लेकर है, जो बाजार को प्रतिस्पर्धी नहीं बनाता है। भारत इस मामले में यूनिक है कि यहां कच्चा माल के साथ बाजार भी है। एमडी ने कहा कि स्टील, कोर इंडस्ट्री है। भारत में स्टील का भविष्य काफी अच्छा है। दुनिया में बहुत कम ऐसे देश हैं, जहां लौह अयस्क के साथ बाजार भी है। आस्ट्रेलिया में कच्चा माल है तो बाजार नहीं और चीन में बाजार है तो कच्चा माल नहीं। कच्चा माल और बाजार होना ही भारत को स्टील इंडस्ट्री के लिए यूनिक बनाता है। उन्होंने बताया कि इस समस्या को सरकार भी एड्रेस कर रही है। नाइट शिफ्ट में काम करने से लैंगिक विविधता बढ़ेगी टाटा स्टील में नाइट शिफ्ट में महिलाओं के काम करने को उन्होंने ऐतिहासिक कदम बताया और कहा कि कंपनी इस पहल का स्वागत करती है। सरकार ने भी इसे हरी झंडी दे दी है। अगर लैंगिक विविधता को प्रोत्साहित करना है तो महिलाओं को नाइट शिफ्ट में भी काम करना होगा। कंपनी अपने कार्य बल में महिलाओं की संख्या को बढ़ाने के लिए लगातार कोशिश कर रही है। हम महिलाओं को बेहतर कार्यस्थल देने के लिए प्रतिबद्ध है। उनकी सुरक्षा का पूरा इंतजाम किया गया है। यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि महिलाएं बिना डर और भय के काम कर सकें।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




