एनएस ग्रेड के कमेटी मेंबरों ने यूनियन अध्यक्ष का ढाई घंटे किया घेराव

Newswrap हिन्दुस्तान, जमशेदपुर
share

टाटा स्टील के कर्मचारियों ने वेज रिवीजन समझौते में देरी और जबरन ईएसएस के मुद्दे पर विरोध किया। एनएस ग्रेड के कमेटी मेंबरों ने यूनियन अध्यक्ष संजीव कुमार चौधरी का घेराव किया और वेज रिवीजन में देरी के कारण पूछे। अध्यक्ष ने प्रबंधन से बात करने का आश्वासन दिया।

एनएस ग्रेड के कमेटी मेंबरों ने यूनियन अध्यक्ष का ढाई घंटे किया घेराव

टाटा स्टील के कर्मचारियों के वेज रिवीजन समझौते में हो रही देर और जबरन ईएसएस का मुद्दा गरमाने लगा है। एनएस ग्रेड के कमेटी मेंबरों ने गुरुवार को उपाध्यक्ष संजीव तिवारी और सहायक सचिव श्याम बाबू के नेतृत्व में यूनियन अध्यक्ष संजीव कुमार चौधरी का करीब ढाई घंटे तक उनके चैंबर में घेराव कर दिया। इस दौरान कमेटी मेंबरों के साथ उनकी तीखी बहस भी हुई। कमेटी मेंबरों ने शाम पांच बजे यूनियन कांफ्रेंस रूम में पहले बैठक की। इसके बाद अध्यक्ष का चैंबर जाकर उनका घेराव कर दिया। इस दौरान वहां डिप्टी प्रेसिडेंट शैलेश सिंह और कोषाध्यक्ष आमोद दुबे भी उपस्थित थे।

कमेटी मेंबरों ने उनसे सवाल करना शुरू कर दिया कि वेज रिवीजन समझौते में क्यों देर हो रही है। वे एनएस ग्रेड के लिए कुछ नहीं कर रहे हैं। वेज रिवीजन में डीए प्रति प्वाइंट न्यूनतम छह रुपये करने, वार्षिक इंक्रीमेंट स्टील वेज की तरह, बेसिक का तीन प्रतिशत करने या वार्षिक वृद्धि 8 से 10 प्रतिशत करने का प्रस्ताव दिया अन्यथा चुनाव में परिणाम भुगतने की चेतावनी भी दी। अध्यक्ष ने पारिवारिक कारणों और प्रबंधन के अधिकारियों का अप्रेजल चलने के कारण वेज रिवीजन समझौते में विलंब होने का कारण बताया। सिक्योरिटी विभाग के कमेटी मेंबर रूपेश पांडेय ने सवाल किया कि कॉमन वेज स्ट्रक्चर समझौते में मैनपावर तय हो गया है। समझौते का अनुपालन नहीं हो रहा है। कर्मचारियों को जबरन ईएसएस दिया जा रहा है। अध्यक्ष ने इस मुद्दे पर प्रबंधन से बात करने का आश्वासन दिया।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।