राष्ट्रीय शूटिंग कोचिंग में पांच राज्यों के 33 कोच ने लिया प्रशिक्षण
भारतीय राष्ट्रीय राइफल संघ (एनआरएआई) और झारखंड राज्य राइफल संघ द्वारा आयोजित सात दिवसीय राष्ट्रीय कोचिंग कोर्स सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। 33 कोचों ने भाग लिया, जिसमें झारखंड से 19 कोच शामिल थे। कार्यक्रम में तकनीकी प्रशिक्षण, खेल विज्ञान और कोचिंग पद्धति पर ध्यान केंद्रित किया गया। कोर्स का समापन प्रतिभागियों की परीक्षा के साथ हुआ।

भारतीय राष्ट्रीय राइफल संघ (एनआरएआई) की ओर से झारखंड राज्य राइफल संघ के सहयोग से आयोजित सात दिवसीय राष्ट्रीय कोचिंग कोर्स रविवार को सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में पांच राज्यों के कुल 33 कोच ने भाग लिया, जिनमें झारखंड से 19 कोच शामिल थे। यह कोर्स शूटिंग खेलों में बढ़ती रुचि और क्षेत्र में इसके विकास को दर्शाता है। प्रशिक्षण को व्यापक और व्यावहारिक रूप से तैयार किया गया था, जिसमें तकनीकी प्रशिक्षण के साथ खेल विज्ञान, कोचिंग पद्धति और व्यावहारिक अभ्यास को भी शामिल किया गया। ओलंपियन एवं भारतीय टीम के कोच संजीव राजपूत और भारतीय टीम की कोच विद्या जाधव ने तकनीकी सत्रों का संचालन किया।
इन सत्रों में हथियार संचालन, शूटिंग तकनीक, त्रुटि सुधार और प्रतियोगिता की तैयारी जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर प्रशिक्षण दिया गया। कार्यक्रम में खेल विज्ञान पर विशेष जोर दिया गया। ननकी चड्ढा ने स्पोर्ट्स साइकोलॉजी पर सत्र लेते हुए खिलाड़ियों के मानसिक प्रदर्शन, लक्ष्य निर्धारण और आत्मविश्वास निर्माण जैसे पहलुओं पर जानकारी दी। चार्वी बजाज ने पोषण, हाइड्रेशन और रिकवरी से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। इसके अलावा पीएन विनील ने मानव शरीर रचना से संबंधित सत्र में शूटिंग प्रदर्शन में शरीर की भूमिका को समझाया, जबकि सलिल श्रीवास्तव ने प्रभावी कोच-एथलीट संवाद पर प्रशिक्षण दिया। कोर्स का समापन प्रतिभागियों की परीक्षा के साथ हुआ। अब सभी कोच को फील्ड प्रोजेक्ट दिया गया है, जिसकी रिपोर्ट दो माह के भीतर प्रस्तुत करनी होगी।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


