कलस्टर सिस्टम के खिलाफ ग्रेजुएट कॉलेज में छात्रों ने उच्च शिक्षा सचिव को घेरा
कोल्हान विश्वविद्यालय में कलस्टर सिस्टम के विरोध में छात्रों ने ग्रेजुएट कॉलेज में प्रदर्शन किया। उच्च शिक्षा सचिव राहुल पुरवार को छात्रों ने घेर लिया और अपनी समस्याएँ बताई। छात्रों का कहना है कि नए नियम से उनकी पढ़ाई प्रभावित होगी। सचिव ने आश्वासन दिया कि वर्तमान सत्र के विद्यार्थियों का कॉलेज नहीं बदलेगा।

कोल्हान विश्वविद्यालय में लागू होने जा रहे कलस्टर सिस्टम के विरोध में शुक्रवार को ग्रेजुएट कॉलेज में छात्र-छात्राओं ने वॉयस ऑफ कोल्हान यूनिवर्सिटी के बैनर तले विरोध-प्रदर्शन किया। यहां आयोजित राष्ट्रीय सेमिनार में हिस्सा लेने पहुंचे उच्च शिक्षा एवं तकनीकी शिक्षा के प्रधान सचिव राहुल पुरवार को छात्र-छात्राओं ने कॉलेज गेट पर घेर लिया और नारेबाजी की। कॉलेज प्रबंधन द्वारा सचिव को पिछले गेट से निकालने की कोशिश को भी छात्रों ने विफल कर दिया। अंततः भारी विरोध के बीच राहुल पुरवार को छात्रों के बीच आना पड़ा, जहां छात्रों ने कानून-व्यवस्था के दायरे में रहकर अपनी समस्याओं से अवगत कराया और मांग पत्र सौंपा। युवा जदयू प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य और पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष हेमंत पाठक के नेतृत्व में हुए इस आंदोलन में छात्रों ने साफ किया कि इस नए नियम से उनकी पढ़ाई पूरी तरह प्रभावित होगी। कलस्टर सिस्टम के तहत जमशेदपुर वर्कर्स कॉलेज से कला एवं विज्ञान को शहर से 15 किमी दूर एलबीएसएम कॉलेज और ग्रेजुएट कॉलेज से विज्ञान संभाग को को-ऑपरेटिव कॉलेज स्थानांतरित करने का फैसला अव्यावहारिक है। नई शिक्षा नीति का हवाला देते हुए छात्रों ने कहा कि नीति विषयात्मक कलस्टर की बात करता है न कि पूरे स्ट्रीम को ही हटाने की। जमशेदपुर वर्कर्स कॉलेज मानगो की साढ़े तीन लाख की आबादी के बीच इकलौता सरकारी संस्थान है, जहां पटमदा और बोड़ाम जैसे सुदूर ग्रामीण इलाकों से बड़ी संख्या में छात्राएं पढ़ने आती हैं। शहर से इतनी दूर सेंटर भेजने का मतलब गरीब और आदिवासी परिवारों की बेटियों की पढ़ाई छूट जाना है。
वर्कर्स कॉलेज के लिए दूसरी जगह बनेगा कैंपस, खोजी जा रही जमीन : पुरवार
बातचीत के दौरान विरोध बढ़ते देख सचिव राहुल पुरवार ने छात्रों को आश्वस्त किया कि वर्तमान सत्र के विद्यार्थियों का कॉलेज नहीं बदलेगा और जरूरत पड़ने पर शिक्षक खुद कॉलेज जाकर पढ़ाएंगे। उन्होंने कहा कि यह व्यवस्था नए दाखिलों से लागू होगी, जिसका मुख्य उद्देश्य स्किल डेवलपमेंट है। उन्होंने कहा कि नए सिस्टम को विद्यार्थियों को स्किल प्रदान करने के लिए किया जा रहा है। पुरवार ने कहा कि वर्कर्स कॉलेज को कॉमर्स कॉलेज के रूप में विकसित किया जा रहा है। वर्तमान में जहां कॉलेज है, वहां पर्याप्त ज़मीन नहीं है, इसलिए दूसरे स्थान पर कॉलेज के लिए जमीन खोजी जा रही। कहा कि वर्कर्स में कॉमर्स की हर तरह की स्किल के कोर्स उपलब्ध कराए जाएंगे।
प्रश्नोत्तर
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


